h n

क्या ‘बहुजन’ सिर्फ जातियों पर आधारित होंगे?

समाज का स्थायी भाव किसी खास जाति या संप्रदाय की बजाय, समाज की मूलभूत समस्याओं से निर्मित होता है। उसमें मनुष्यता का भाव केंद्रीय भाव होता है और साहित्य या विचार इसी मनुष्यता के भाव को बचाने का प्रयास करते हैं

7700d-unity-222पिछले कई दशकों और सदियों से साहित्य को परिभाषित करने की चेष्टा वैचारिक आंदोलनों के स्तर पर होती रही है। किसी ने कहा कि साहित्य जीवन का यथार्थ है तो किसी ने उसे समाज का दर्पण माना। कोई विचारधारा को ही साहित्य मानता है तो कोई आंदोलनधर्मी समाज को लेकर किए जा रहे लेखन को साहित्य की श्रेणी में रखने की मांग करता है। इसी प्रकार कोई साहित्य को जीवन का सहज प्रवाह मानता है तो लंबे समय से एक धारा ऐसी रही है जो भाव और विचार के सम्मिश्रण को साहित्य मानने की वकालत करती रही है। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आखिर साहित्य है क्या और क्या इसे किसी परिभाषा में तय करना जरूरी है?  नब्बे के दशक में जब मंडल कमीशन लागू होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक परिवर्तन की प्रक्रियाएं शुरू हुईं तो भारतीय समाज के बहुत बड़े समुदाय ने अपने लेखन को दलित साहित्य कहना शुरू किया।

प्रसिद्ध कथाकार और ‘हंस’  के संपादक राजेंद्र यादव और मार्क्सवादी आलोचक मैनेजर पांडे ने साहित्य में आए इस नए लेखन का स्वागत और समर्थन किया तथा अश्वघोष की रचना ‘वज्र सूची’  के बहाने इस साहित्य की ऐतिहासिक व्याख्या करने की कोशिश की। लेकिन वहीं राजेन्द्र यादव ने एक सम्मेलन में जब दलित साहित्य को भारतीय समाज में अनुसूचित जाति कहे जाने वाले समाज से हटकर एक बड़े कैनवस से इस साहित्य को जोडऩे की वकालत की तब उनका भारी विरोध किया गया था। जबकि उनका सीधा लक्ष्य था कि दलित साहित्य के दायरे को विस्तृत किया जाए, ताकि शोषित और वंचित सामाजिक तबके के साहित्य को भी दलित साहित्य के दायरे में रखा जा सके।

‘फारवर्ड प्रेस’  जिस बहुजन साहित्य की अवधारणा को विकसित करते रहने की बात करता रहा है, हो सकता है आने वाले समय में वह साहित्य की एक नई अवधारणा के रूप में स्थापित हो, यदि उसमें शूद्र, अतिशूद्र, आदिवासी समाज और स्त्री समाज जैसे अन्य शोषित और वंचित तबके भी शामिल हों। लेकिन यहां इस बात पर भी विचार किया जाना चाहिए कि क्या ‘बहुजन’  का अर्थ सिर्फ यहीं सामाजिक समुदाय होंगे और क्या उनका संबंध सिर्फ जातियों पर ही आधारित होंगे?

दूसरी बात  बहुजन की सैद्धांतिकी क्या होगी? कारण, कोई भी धारणा एक लंबी ऐतिहासिक प्रक्रिया के बाद निर्मित होती है। उसके केंद्र में व्यक्ति और समाज की मूलभूत समस्याएं होती हैं। उनसे समाज लगातार जूझते रहता है। मुक्त होने की कोशिश करता है और जड़ता इतनी बड़ी होती है कि कई बार उस समाज के मुक्त होने और एक नई स्थिति में आने में कई सदियां लग जाती हैं। भारतीय समाज में दलित समाज और वैश्विक समाज में अश्वेत समाज इसके उदाहरण के रूप में देखे जा सकते हैं। इसी प्रकार कबीर और नागार्जुन जैसे रचनाकार हिंदी साहित्य में ऐसे उदाहरण हैं, जिनके लेखन को बहुधा लोग साहित्य की श्रेणी में नहीं रखते हैं, जबकि ये दोनों रचनाकार अपने लेखन में व्यवस्था और समाज की जड़ता को तोडऩे का प्रयास करते हैं, उसके लिए एक सामाजिक चेतना विकसित करते हैं, यहां तक कि व्यवस्था की जड़ता को तोड़ने के लिए ये लेखक सामाजिक विरोध के स्तर तक जाते हैं। इस प्रकार के अनेक लेखक और व्यक्ति समाज में रहे हैं, जिनके तर्कसंगत मूल्यांकन के लिए ओबीसी आलोचना की जरूरत राजेंद्र प्रसाद सिंह को होती है तो नागार्जुन का मूल्यांकन कर किसी आलोचना की मांग की जाए? कारण, कबीर को तो कई आलोचक मिले लेकिन नागार्जुन को कई मार्क्सवादी या प्रगतिशील और पारंपरिक आलोचक कवि मानते ही नहीं हैं। कुछ पारंपरिक आलोचक तो उन्हें पार्टी का परचा लिखने वाला प्रचारक तक मानते हैं। मुझे लगता है कि लेखक के बदले उसके लिखे के मूल्यांकन के लिए एक तर्कसंगत पद्धति का विकास करने की जरूरत है।

कई बार ऐतिहासिक और सामाजिक स्थितियों के साथ ही भौगोलिक स्थितियां भी लेखकों अथवा विचारकों के मूल्यांकन में बाधा उपस्थित करती हैं। कई बार ऐसी बाधा जान-बूझकर भी उपस्थित की जाती है लेकिन सामाजिक सरोकारों से जुड़ा साहित्य या विचार समयानुसार अपनी अर्थवत्ता ढूंढ लेता है।

जोतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले ने जाति-व्यवस्था और ब्राह्मणवादी जड़ता के खिलाफ जो आंदोलन शुरू किया, उसका व्यापक असर अपने समय के समाज पर दिखाई पड़ता है। हिंदी में 19वीं शताब्दी के आखिरी दशकों और 20वीं शताब्दी के प्रारंभिक दशकों में इन दोनों विचारकों की उपस्थिति राधामोहन गोकुल जैसे लेखकों के लेखन में दिखलाई पड़ती है। हिंदी के क्षेत्र में राधामोहन गोकुल इनके कार्यों की सिर्फ तारीफ ही नहीं करते हैं, अपितु उनकी अनिवार्यता भी बताते हैं। लेकिन गांधी और आंबेडकर के आने के बाद स्वाधीनता आंदोलन के दौर में हिंदी पट्टी की वैचारिकता राष्ट्रवाद से अधिक प्रभावित दिखलाई पड़ती है। लेकिन ऐसा नहीं है कि समाज व्यवस्था से जुड़े सवाल यहां अनुपस्थित हैं। चौथे दशक के प्रारंभ में अनेक ऐसे प्रयास होते हैं, जिन पर आम्बेडकर और फुले का प्रभाव देखा जा सकता है।

दरअसल, विचार और साहित्य की दुनिया मूलत: अपने समय के सवालों से टकराती है। कई बार उन सवालों में कुछ प्रसंग अनुपस्थित होते हैं, पर उससे यह नहीं मान लिया जाना चाहिए कि वे सवाल जरूरी नहीं हैं। कई बार हम साहित्यिक अवधारणाओं का विकास करते हैं तो यह भूल जाते हैं कि समाज का जो स्थायी भाव है, वह किसी खास जाति या संप्रदाय की बजाय, समाज की मूलभूत समस्याओं से निर्मित होता है। उसमें मनुष्यता का भाव केंद्रीय भाव होता है और साहित्य या विचार इसी मनुष्यता के भाव को बचाने का प्रयास करते हैं। कबीर, जोतिबा फुले, भारतेंदु, महावीर प्रसाद द्विवेदी, मैथिलीशरण गुप्त, महादेवी वर्मा, महात्मा गांधी, आंबेडकर, पेरियार, भगत सिंह, प्रेमचंद, राहुल सांकृत्यायन, फणीश्वरनाथ रेणु, राममनोहर लोहिया, चारु मजूमदार, फैज अहमद फैज, महाश्वेता देवी, यूआर अनंतमूर्ति आदि जैसे लेखक और विचारक अपने लेखन और आंदोलनों में जीवन के उसी स्थायी भाव को निर्मित करने का प्रयास करते हैं जिससे मनुष्यता बची रहे और समाज सामूहिक चेतना के साथ साथ विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बने। बहुजन साहित्य की यदि धारणा निर्मित होती है तो उसके केंद्र में मनुष्यता के इसी भाव को बचाने का प्रयास होना चाहिए जिससे कि समाज में विवेकशीलता बनी रहे।

साहित्य हमेशा ऐसे ही सच के समर्थन में खड़ा होता है जो लोक समाज को आगे ले जाने वाले होते हैं। सच के कई रूप हैं। जाहिर है सामाजिक असंगतियां भी हमारे समय के समाज की एक बहुत बड़ी सच्चाई है। नया साहित्य इन सवालों से टकरा रहा है और एक ऐसी चेतना विकसित करने का प्रयास कर रहा है जिससे कि मनुष्यता बची रहे। अगर मनुष्यता बची रहेगी तो हमारी सामाजिकता भी बची रहेगी और यह दुनिया और बेहतर होगी।

  फॉरवर्ड प्रेस के बहुजन साहित्य वार्षिकी (2014) में प्रकाशित

(बहुजन साहित्य से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें ‘फॉरवर्ड प्रेस बुक्स’ की किताब ‘बहुजन साहित्य की प्रस्तावना’ (हिंदी संस्करण) अमेजन से घर बैठे मंगवाएं . http://www.amazon.in/dp/8193258428 किताब का अंग्रेजी संस्करण भी शीघ्र ही उपलब्ध होगा)

लेखक के बारे में

देवेन्द्र चौबे

देवेंद्र चैबे (जन्म: 1965): बिहार के बक्सर के एक गांव में जन्मे देवेंद्र चैबे हिंदी के चर्चित लेखक और शिक्षाविद है। 2010 ई. में माॅरिशस के महात्मा गाॅधी संस्थान में यूजीसी, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार के विजीटिंग स्काॅलर रह चुके है एवं दलित साहित्य पर काम करने के लिए उन्हें संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 2000 ई. में लेखकों को दी जानेवाली राष्ट्रीय फेलोशिप भी प्राप्त हो चुकी है। उनकी प्रकाशित पुस्तकों में कहानी-संग्रह कुछ समय बाद के अलावा आलोचना पस्तकों में आलोचना का जनतंत्र, आधुनिक साहित्य में दलित विमर्श, समकालीन कहानी का समाजशास्त्र और कथाकार अमृतलाल नागर प्रमुख हैं। संप्रति वे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली के भाषा, साहित्य और संस्कृति अध्ययन संस्थान में प्राध्यापक हैं।

संबंधित आलेख

‘आत्मपॅम्फ्लेट’ : दलित-बहुजन विमर्श की एक अलहदा फिल्म
मराठी फिल्म ‘आत्मपॅम्फलेट’ उन चुनिंदा फिल्मों में से एक है, जो बच्चों के नजरिए से भारतीय समाज पर एक दिलचस्प टिप्पणी करती है। यह...
‘मैं धंधेवाली की बेटी हूं, धंधेवाली नहीं’
‘कोई महिला नहीं चाहती कि उसकी आने वाली पीढ़ी इस पेशे में रहे। सेक्स वर्कर्स भी नहीं चाहतीं। लेकिन जो समाज में बैठे ट्रैफिकर...
दलित स्त्री विमर्श पर दस्तक देती प्रियंका सोनकर की किताब 
विमर्श और संघर्ष दो अलग-अलग चीजें हैं। पहले कौन, विमर्श या संघर्ष? यह पहले अंडा या मुर्गी वाला जटिल प्रश्न नहीं है। किसी भी...
रेडलाइट एरिया के हम वाशिंदों की पहली जीत
‘बिहार में ज़्यादातर रेडलाइट ब्रोथल एरिया है। इसका मतलब लोग वहीं रहते हैं, वहीं खाते-पीते हैं, वहीं पर उनका पूरा जीवन चलता है और...
फुले, पेरियार और आंबेडकर की राह पर सहजीवन का प्रारंभोत्सव
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के सुदूर सिडियास गांव में हुए इस आयोजन में न तो धन का प्रदर्शन किया गया और न ही धन...