h n

जोतीराव फुले की वैचारिकी और उनका साहित्य

फुले ने साहित्य की पारंपरिक अवधारणा को ही चुनौती दी। उनके लिए साहित्य केवल सौंदर्य या रस का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का माध्यम था। यह दृष्टिकोण उस समय की प्रचलित ‘कलावादी’ धारणाओं से भिन्न था। इसलिए उनके साहित्य का मूल्यांकन भी उन्हीं सीमित मानकों से किया गया, जिनमें उनके योगदान का पूरा आकलन संभव नहीं था। पढ़ें, डॉ. राजेंद्र मुंढे का यह आलेख

[दलित-बहुजनों के लिए अप्रैल माह विशेष मायने रखता है। इस महीने की 11 तारीख को जोतीराव फुले और 14 तारीख को डॉ. आंबेडकर की जयंती पूरे देश में लोग धूमधाम से मनाते हैं। जोतीराव फुले का जन्म 11, अप्रैल 1827 को हुआ था और इस लिहाज से यह वर्ष उनके जन्म के दो सौवीं जयंती का आगाज है। फारवर्ड प्रेस इस अवसर पर प्रस्तुत कर रहा है जोतीराव फुले व उनके विचारों पर आधारित आलेखों की शृंखला। आज पढ़ें डॉ. राजेंद्र मुंढे का यह आलेख]

सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महात्मा जोतीराव फुले का जीवन और कार्य भारतीय समाज में समानता, न्याय और मानवीय गरिमा की पुनर्स्थापना का विराट प्रयत्न है। उन्होंने केवल विचार ही नहीं दिए, बल्कि उन विचारों को व्यवहार में उतारकर एक सामाजिक आंदोलन खड़ा किया। स्त्री-शिक्षा का आरंभ, शूद्र-अतिशूद्रों के लिए विद्यालयों की स्थापना, विधवा-सेवा, बालहत्या प्रतिबंधक गृह की स्थापना, तथा सत्यशोधक समाज के माध्यम से धार्मिक-सामाजिक वर्चस्व को चुनौती – ये सब उनके कार्यक्षेत्र के जीवंत आयाम हैं। उनकी वैचारिकी का केंद्र ‘मानव-मुक्ति’ है, जिसमें जाति, लिंग और धर्म के आधार पर होने वाले हर प्रकार के भेदभाव का निषेध है।

फुले के चिंतन का दार्शनिक उत्कर्ष उनकी कृति ‘सार्वजनिक सत्यधर्म’ में दिखाई देता है। यहां वे एक ऐसे धर्म की अवधारणा प्रस्तुत करते हैं, जो किसी शास्त्र, पुरोहित या जाति पर आधारित नहीं, बल्कि सत्य, नैतिकता और सार्वभौमिक मानवता पर आधारित है। यह ‘सत्यधर्म’ मूलतः एक नैतिक-सामाजिक अनुशासन है, जिसमें मनुष्य-मनुष्य के बीच समानता और बंधुत्व सर्वोपरि है। इस प्रकार फुले का चिंतन सामाजिक सुधार से आगे बढ़कर एक वैश्विक मानवीय दर्शन का रूप ले लेता है।

फुले की साहित्यिक दृष्टि उनके वैचारिक संघर्ष का ही विस्तार है। उन्होंने साहित्य को केवल सौंदर्यबोध का माध्यम नहीं माना, बल्कि उसे सामाजिक परिवर्तन का औजार बनाया। उनकी रचनाओं में विविध साहित्य-विधाओं का प्रयोग मिलता है। मसलन, नाटक, पवाड़ा (वीरगाथात्मक काव्य), गद्य-निबंध, तथा अखंडात्मक काव्य। सन् 1855 में रचित ‘तृतीय रत्न’ मराठी का पहला आधुनिक सामाजिक नाटक माना जाता है। इसमें अंधश्रद्धा, पुरोहितवाद और स्त्री-अशिक्षा के प्रश्नों को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया गया है।

इसी प्रकार ‘पवाडा : छत्रपती शिवाजीराजे भोसले यांचा’ में छत्रपति शिवाजी महाराज को बहुजन दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है, जो पारंपरिक इतिहास-लेखन से भिन्न है। ‘गुलामगिरी’ और ‘शेतकऱ्याचा असूड’ जैसे ग्रंथों में गद्य और तर्क का संयोजन है, जिसमें सामाजिक और आर्थिक शोषण का विश्लेषण मिलता है। इस प्रकार फुले का साहित्य विधागत विविधता के साथ एक स्पष्ट उद्देश्य – सामाजिक जागृति – को साधता है।

यह भी पढ़ें – हिंदी पट्टी में इसलिए आवश्यक हैं जोतीराव फुले का जीवन-दर्शन और विचार

इसी संदर्भ में उनका काव्य-प्रयोग विशेष रूप से उल्लेखनीय है। संत तुकाराम के अभंग काव्य की परंपरा से प्रेरित होकर फुले ने ‘अखंड’ नामक आधुनिक मराठी काव्यरूप की रचना की। यह काव्यरूप सतत प्रवाह, विचार की निरंतरता और सामाजिक संदेश की तीव्रता को अभिव्यक्त करता है। अभंग की भक्ति-धारा को उन्होंने सामाजिक चेतना की धारा में रूपांतरित किया। इस प्रकार ‘अखंड’ केवल काव्य-विधा नहीं, बल्कि वैचारिक हस्तक्षेप है, जो धर्म और समाज की रूढ़ धारणाओं को चुनौती देता है।

जोतीराव फुले व उनकी कृति ‘सार्वजनिक सत्यधर्म’ की तस्वीर

फिर भी यह एक विडंबना है कि इतने व्यापक और मौलिक साहित्यिक योगदान के बावजूद फुले को मराठी साहित्य के मुख्यधारा के आलोचकों ने लंबे समय तक ‘साहित्यकार’ के रूप में पूर्ण मान्यता नहीं दी। इसके पीछे केवल साहित्यिक कारण नहीं, बल्कि गहरे सामाजिक-ऐतिहासिक कारण निहित हैं। पहला कारण जातिगत पूर्वाग्रह है। उस समय का साहित्यिक विमर्श मुख्यतः उच्चवर्णीय वर्ग के नियंत्रण में था, जो साहित्य को एक विशेष सांस्कृतिक और भाषिक मानक से परिभाषित करता था। फुले का साहित्य इस मानक को तोड़ता था। उनकी भाषा सीधी, प्रहारात्मक और लोकजीवन से जुड़ी हुई थी। वे अलंकारिकता या शास्त्रीयता की अपेक्षा सत्य और तर्क को प्राथमिकता देते थे। इस कारण उनके लेखन को ‘साहित्यिक’ कम और ‘आंदोलनात्मक’ अधिक माना गया।

दूसरा कारण ‘शूद्र भाव’ से जुड़ा हुआ है। फुले स्वयं शूद्र समुदाय से थे और उन्होंने शूद्र-अतिशूद्रों के पक्ष में आवाज उठाई। उनके लेखन में जो आक्रोश और प्रतिरोध दिखाई देता है, वह उस समय के सवर्ण आलोचकों के लिए असुविधाजनक था। परिणामस्वरूप, उनके साहित्य को हाशिए पर रखा गया या उसकी उपेक्षा की गई। तीसरा कारण यह भी है कि फुले ने साहित्य की पारंपरिक अवधारणा को ही चुनौती दी। उनके लिए साहित्य केवल सौंदर्य या रस का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का माध्यम था। यह दृष्टिकोण उस समय की प्रचलित ‘कलावादी’ धारणाओं से भिन्न था। इसलिए उनके साहित्य का मूल्यांकन भी उन्हीं सीमित मानकों से किया गया, जिनमें उनके योगदान का पूरा आकलन संभव नहीं था।

यदि हम इस प्रश्न का गहराई से विश्लेषण करें, तो स्पष्ट होता है कि फुले की उपेक्षा वस्तुतः साहित्यिक नहीं, बल्कि सामाजिक और वैचारिक असहमति का परिणाम थी। आज जब साहित्य की अवधारणा व्यापक हुई है और उसमें हाशिए के स्वरों को महत्व दिया जा रहा है, तब फुले का साहित्य नए अर्थों में पुनः मूल्यांकित हो रहा है।

वास्तविकता यह है कि फुले का समग्र वाङ्मय मराठी साहित्य में एक अद्वितीय स्थान रखता है। यह ‘अक्षर साहित्य’ है – ऐसा साहित्य जो समय की सीमाओं से परे जाकर मानवता के मूल प्रश्नों को संबोधित करता है। इसमें बहुजन समाज के संघर्ष, पीड़ा, स्वप्न और प्रतिरोध के अनेक स्तर उजागर होते हैं। उनका लेखन भारतीय शोषित समूहों की आवाज को न केवल स्वर देता है, बल्कि उसे वैचारिक आधार भी प्रदान करता है।

इस प्रकार, महात्मा जोतीराव फुले की वैचारिकी और साहित्य एक-दूसरे के पूरक हैं। उनका साहित्य उनके विचारों का जीवंत रूप है और उनकी वैचारिकी उनके साहित्य की आत्मा। उन्हें केवल एक समाज सुधारक या केवल एक साहित्यकार के रूप में देखना उनके व्यक्तित्व को सीमित करना होगा। वे एक ऐसे चिंतक हैं, जिनकी लेखनी ने समाज को बदलने की दिशा दी और जिनका साहित्य आज भी सामाजिक न्याय की राह को प्रकाशित करता है।

(संपादन : नवल/अनिल)

 

लेखक के बारे में

राजेंद्र मुंढे

लेखक डॉ. राजेंद्र लीला दुर्योधन मुंढे महाराष्ट्र के वरिष्ठ पत्रकार व ख्यातिलब्ध साहित्यकार हैं। 1980 के दशक से प्रारंभ हुई अपनी पत्रकारिता यात्रा के क्रम में वे ‘महाराष्ट्र टाइम्स’ से लंबे समय तक संबद्ध रहे। इसके अलावा उन्होंने ‘अनुस्यूत’ (साप्ताहिक पत्रिका) और ‘इत्यर्थ’ वाङ्मयीन त्रैमासिक पत्रिका की शुरुआत अपने प्रयासों से की। उनके सम-सामयिकी आलेख महाराष्ट्र के प्रमुख दैनिकों – ‘महाराष्ट्र टाइम्स’, ‘लोकसत्ता’, ‘नवशक्ति’, ‘सकाळ’ के साथ-साथ ‘लोकप्रभा’, ‘चित्रलेखा’, ‘साधना’, ‘युगवाणी’, ‘अस्मितादर्श’, ‘ललित’ जैसी प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में नियमित रूप से प्रकाशित होते रहे हैं। उनकी प्रकाशित कृतियों में ‘राष्ट्रसंत तुकडोजी’ और ‘राष्ट्रसंतांचे मौलिक विचार’ आदि शामिल हैं। साहित्यिक और पत्रकारिता क्षेत्र में योगदानों के लिए उन्हें महाराष्ट्र सरकार का राज्य उत्कृष्ट वाङ्मय निर्मिति पुरस्कार, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय का हिंदी सेवी सम्मान, बाळशास्त्री जांभेकर दर्पण पत्रकारिता पुरस्कार आदि सम्मानों से सम्मानित किया गया है।

संबंधित आलेख

सामाजिक न्याय और डॉ. आंबेडकर
डॉ. आंबेडकर ने ब्रिटिश सरकार से मांग की कि दलित वर्ग को समान नागरिकता दी जाए। समान नागरिक के सभी अधिकार दलितों को दिये...
मानना और अवमानना के दौर में फुले
फुले उन्नीसवीं सदी के महानतम व्यक्तियों में से एक थे, जिन्होंने औपनिवेशिक भारत में तमाम बहसों और विमर्शों की नुमाइंदगी करते हुए ब्राह्मणवादी अवधारणा...
गैर-हिंदुओं से नफरत के दौर में फुले का सार्वजनिक सत्य धर्म
हैरानी की बात यह है कि बराबरी का समाज बनाने का ख़्वाब देखने वालों के संघर्षों को जनता के बीच बेअसर करने में जिस...
‘तृतीय रत्न’ : जोतीराव फुले का नाटक जो 125 साल अंधेरे में रहा
जोतीराव के लिए ‘तृतीय रत्न’ या ‘तीसरी आंख’ का आशय मानवीय विवेक से था। शूद्रातिशूद्रों की दोनों आंखें तो ब्राह्मण-पुरोहित की छलना का शिकार...
जोतीराव फुले का साहित्य कर्म
जोतीराव फुले ने समाज में व्याप्त अंधश्रद्धा, रूढ़िवादिता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विपुल लेखन किया। दलित-बहुजन समाज पर ब्राह्मण वर्ग...