h n

राजस्थान : पत्रकार से सरपंच बने दलित युवा श्रवण कुमार नायक

पानी, सड़क, बिजली और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जूझते गांव की तस्वीर बदलने का सपना लेकर राजस्थान के श्रवण कुमार नायक ने सरपंच बनने के लिए करियर की राह तक छोड़ दी। पिता चाहते थे कि बेटा सरकारी नौकरी की तैयारी करे लेकिन उसने गांव की जिम्मेदारी उठाने का रास्ता चुना। पढ़ें, अमरपाल सिंह वर्मा की रिपोर्ट

उम्र महज 24 साल। पढ़ाई पूरी करने के बाद स्वतंत्र पत्रकारिता का रास्ता चुना। देश के अलग-अलग हिस्सों में ग्रामीण जीवन, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता और स्थानीय समुदायों से जुड़े मुद्दों पर लिखा। कई प्रतिष्ठित फेलोशिप हासिल कीं। भोपाल के एक शोध संस्थान में काम किया और फिर जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) में केंद्र सरकार के उन्नत भारत अभियान से जुड़े ग्रामीण विकास प्रोजेक्ट में प्रोजेक्ट सहायक बन गए। करियर की गाड़ी धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी, लेकिन तभी उन्होंने एक ऐसा फैसला किया, जिसने उनके परिवार को भी चौंका दिया। उन्होंने नौकरी छोड़ दी और अपने गांव लौट आए। मकसद था गांव का सरपंच बनना।

यह कहानी है राजस्थान के बालोतरा जिले की ग्राम पंचायत हिंगलाज गढ़ के नवनिर्वाचित सरपंच श्रवण कुमार नायक की। जिस उम्र में युवा बेहतर नौकरी और करियर की तलाश में बड़े शहरों का रुख करते हैं, उस उम्र में श्रवण ने अपने गांव की जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया। पंचायत चुनाव में उन्होंने 52 वर्षीय चंपाराम को शिकस्त देकर सरपंच का चुनाव जीत लिया। इस तरह हिंगलाज गढ़ को अपना पहला सरपंच भी एक ऐसा युवा मिला, जिसके पास गांव की समस्याओं को देखने-समझने का अनुभव तो है, लेकिन अब उन्हें सुलझाने की कठिन जिम्मेदारी भी है। श्रवण के इस फैसले के पीछे कोई राजनीतिक विरासत नहीं, बल्कि अपने गांव की बदहाली को लेकर लंबे समय से मन में पल रही बेचैनी है। उनका गांव थार रेगिस्तान के दुर्गम इलाके में बसा है। करीब तीन हजार की आबादी वाले इस गांव में अधिकांश परिवार पिछड़े, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों से हैं। खेती, पशुपालन और मजदूरी लोगों की आजीविका के प्रमुख साधन हैं। आर्थिक तंगी और बुनियादी सुविधाओं का अभाव यहां की रोजमर्रा की हकीकत है। श्रवण भी अनुसूचित जाति से आते हैं।

श्रवण बताते हैं कि बचपन से ही उन्होंने अपने गांव को उपेक्षा का शिकार होते देखा है। गांव में पीने के पानी की समस्या है। सड़कें और रास्ते ठीक नहीं हैं। कई घरों में बिजली के कनेक्शन तक नहीं हैं। स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं। अनेक परिवारों के पास शौचालय नहीं हैं और उन्हें खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। गांव में पुस्तकालय और सार्वजनिक शौचालय जैसी सुविधाएं भी नहीं हैं। तीन साल पहले जल जीवन मिशन के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाई गई और घरों में नल लगा दिए गए, लेकिन आज तक उनमें पानी नहीं पहुंचा। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को अपनी प्यास बुझाने के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता है।

पिता चाहते थे सरकारी नौकरी, बेटे ने चुनी गांव की राह

श्रवण के पिता छगनाराम नायक टैक्सी चलाते हैं। परिवार में पांच भाई-बहन हैं। बड़े भाई जयपुर में एक संस्थान में नौकरी करते हैं। पिता की इच्छा थी कि पढ़ाई पूरी करने के बाद श्रवण भी सरकारी नौकरी की तैयारी करें और एक सुरक्षित भविष्य बनाएं। मां गजरों देवी भी पिता की इस राय से सहमत थीं। ऐसे में जब श्रवण ने सरपंच का चुनाव लड़ने की बात कही तो परिवार ने इसका समर्थन नहीं किया। श्रवण बताते हैं, “पिता बार-बार कहते थे कि तुम इतना पढ़े-लिखे हो, सरकारी नौकरी की तैयारी करो। चुनाव के चक्कर में मत पड़ो। मां भी उनकी बात का समर्थन करती थीं। लेकिन मैं उन्हें समझाता रहा कि सरपंच बनकर अपने गांव के लिए कुछ करना चाहता हूं। आखिरकार वे मान गए और मैंने नामांकन दाखिल कर दिया।”

दरअसल, श्रवण के इस फैसले को बल तब मिला, जब पिछले साल उनके गांव हिंगलाज गढ़ को टापरा ग्राम पंचायत से अलग ग्राम पंचायत बना दिया गया। पहले गांव की समस्याओं और जरूरतों के लिए दूसरी पंचायत पर निर्भर रहना पड़ता था। पंचायत बनने के साथ ही श्रवण को लगा कि अब गांव के विकास की दिशा खुद तय करने का अवसर है। इसी बीच पंचायत चुनावों की हलचल शुरू हुई तो उन्होंने एमएनआईटी के प्रोजेक्ट की नौकरी छोड़कर गांव लौटने का फैसला कर लिया। चुनाव में सरपंच पद के लिए छह उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। बाद में चार उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिये। मुकाबला श्रवण और उनसे उम्र में करीब 30 साल बड़े चंपाराम के बीच रह गया। गांव के मतदाताओं ने इस मुकाबले में युवा चेहरे पर भरोसा जताया और श्रवण को अपना सरपंच चुन लिया। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस सीट पर उनकी जीत के साथ गांव को एक नया नेतृत्व मिला।

जीत के बाद कार्यभार संभालते श्रवण कुमार नायक

पत्रकारिता ने दी गांव को समझने की दृष्टि

श्रवण की शैक्षणिक और पेशेवर यात्रा भी उनके इस फैसले के पीछे रही है। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही पूरी की। इसके बाद मध्यप्रदेश के अमरकंटक स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की। वर्ष 2024 में राजस्थान के किशनगढ़ स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय से कल्चर एंड मीडिया स्टडीज में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने स्वतंत्र पत्रकारिता शुरू कर दी। ग्रामीण और जमीनी मुद्दों पर उनकी रिपोर्ट्स 101रिपोर्टर्स, न्यूजक्लिक सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित हुईं। इस दौरान उन्हें लाडली मीडिया फेलोशिप, 101रिपोर्टर्स और अर्थ जर्नलिज्म नेटवर्क के सौजन्य से बायोडायवर्सिटी फेलोशिप, एमएसएफ विदाउट बॉर्डर्स फेलोशिप तथा रिवाइल्डिंग स्टोरी टेलर्स फेलोशिप मिलीं। इन फेलोशिप के तहत उन्होंने जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण, पारिस्थितिकी और स्थानीय समुदायों से जुड़ी अनकही कहानियों को सामने लाने का काम किया। वर्ष 2025 में वह भोपाल स्थित ट्राइबल रिसर्च एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट में फील्ड इन्वेस्टिगेटर के रूप में जुड़े। वहां चार महीने काम करने के बाद एमएनआईटी जयपुर में उन्नत भारत अभियान के तहत संचालित ग्रामीण विकास परियोजना में प्रोजेक्ट सहायक बन गए। इन तमाम अनुभवों ने उन्हें ग्रामीण जीवन और विकास की चुनौतियों को करीब से समझने का अवसर दिया।

श्रवण मानते हैं कि पत्रकारिता ने उन्हें केवल लिखना नहीं सिखाया, बल्कि समस्याओं को उनकी जड़ों तक जाकर समझने की दृष्टि भी दी। उनके मुताबिक, गांव में जन्म लेने, वहीं पले-बढ़े होने और फिर ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों में शामिल रहने के कारण वह अपने गांव की जरूरतों, मुश्किलों और संभावनाओं को बेहतर ढंग से समझते हैं। अब वह इसी अनुभव का इस्तेमाल गांव के विकास में करना चाहते हैं।

सपनों में पुस्तकालय भी, बायोडायवर्सिटी पार्क भी

सरपंच बनने के बाद श्रवण के सामने गांव की समस्याओं की लंबी फेहरिस्त है। उनकी प्राथमिकताओं में पेयजल संकट का समाधान, बिजली और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, रास्तों को दुरुस्त कराना, पुस्तकालय और आंगनबाड़ी केंद्र खुलवाना, खेल मैदान बनवाना तथा गांव में बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित करना शामिल है। वह चाहते हैं कि गांव का हर बच्चा स्कूल जाए और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके अलावा वह ग्रामीणों के जरूरी दस्तावेज बनवाने, युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाने को भी प्राथमिकता देना चाहते हैं। उनका कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं हैं, लेकिन गांव में जरूरतमंद लोग अब भी उनके लाभ से वंचित हैं। प्रभावशाली और समर्थ लोग योजनाओं का लाभ उठा लेते हैं, जबकि वास्तविक पात्र पीछे रह जाते हैं। इस स्थिति को बदलना उनकी कोशिशों में शामिल रहेगा।

नहीं बनने देंगे ग्राम सभाओं को कागजी औपचारिकता

श्रवण की विकास संबंधी सोच केवल सड़क, पानी और बिजली जैसी सुविधाओं तक सीमित नहीं है। वह पंचायत व्यवस्था में ग्रामीणों की भागीदारी को भी जरूरी मानते हैं। उनका कहना है कि पंचायती राज संस्थाएं तभी मजबूत होंगी, जब गांव के लोग अपने विकास से जुड़े फैसलों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। वह बताते हैं कि हाल के वर्षों में ग्राम सभाओं और वार्ड सभाओं का आयोजन कई जगह केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। बैठकें ठीक से होती नहीं हैं और बाद में हस्ताक्षर करवाकर खानापूर्ति कर दी जाती है। श्रवण अपने गांव में इस परंपरा को बदलना चाहते हैं। उनकी योजना है कि प्रत्येक वार्ड में नियमित सभा हो, ग्रामीण अपनी समस्याएं और जरूरतें सामने रखें तथा विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव उनकी सहभागिता से पारित हों। 

हिंगलाज गढ़ नई ग्राम पंचायत है। अभी यहां पंचायत का अपना कार्यालय भवन भी नहीं है। फिलहाल गांव के स्कूल के एक कमरे में पंचायत कार्यालय संचालित करने की तैयारी है। श्रवण चाहते हैं कि जल्द ही पंचायत भवन का निर्माण हो, ताकि नई पंचायत अपना कामकाज व्यवस्थित ढंग से संचालित कर सके।

हिंगलाज गढ़ के लोगों ने फिलहाल पुरानी पीढ़ी के मुकाबले एक नए चेहरे पर भरोसा जताया है। युवावस्था में सरपंच की जिम्मेदारी संभालने वाले श्रवण के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं। सीमित संसाधन, सरकारी प्रक्रियाओं की जटिलताएं, विभागों से तालमेल और ग्रामीणों की अपेक्षाएं उनके काम की असली परीक्षा लेंगी। पत्रकारिता के दौरान वह गांवों की समस्याओं को सामने लाते रहे हैं, लेकिन अब उन्हें उन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए व्यवस्था के भीतर रहकर काम करना होगा। 

(संपादन : नवल/अनिल)


फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्‍त बहुजन मुद्दों की पुस्‍तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्‍स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्‍य, संस्‍क‍ृति व सामाजिक-राजनीति की व्‍यापक समस्‍याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्‍स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in

लेखक के बारे में

अमरपाल सिंह वर्मा

राजस्थान के हनुमानगढ़ के निवासी अमरपाल सिंह वर्मा वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार हैं। बीते चार दशकों की पत्रकारिता के दौरान उनका मुख्य फोकस ग्रामीण समाज, कृषि, जल, पर्यावरण, महिला मुद्दों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषय रहे हैं। उन्हें उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए ‘दी स्टेट्समैन अवार्ड फॉर रूरल रिपोर्टिंग’, ‘सरोजिनी नायडू पुरस्कार’, ‘उदयन स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार’ और ‘लाडली मीडिया अवार्ड’ सहित अनेक सम्मान प्राप्त हैं।

संबंधित आलेख

पेसा एक्ट : ग्राम सभा की सहमति पर सर्वोच्च न्यायालय की लगी मुहर
जब तक ग्राम सभा की सहमति को वास्तविक, पारदर्शी और निर्णायक नहीं माना जाएगा – और फर्जीवाड़े या कागजी प्रक्रियाओं के खिलाफ सख्त जवाबदेही...
सुप्रीम कोर्ट : क्या रोस्टर के नाम पर दब जाएगी वंचितों की आवाज?
भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत द्वारा जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की अगुवाई वाली पीठ से दो संवेदनशील मामलों को वापस लेकर अन्य पीठों को...
पश्चिमी राजस्थान में शिक्षक-संकट का आंबेडकरवादी पाठ
पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, सिरोही आज एक गंभीर शिक्षक-संकट से गुज़र रहे हैं। यह संकट केवल इस अर्थ में प्रशासनिक...
नेहा बोरा के बयान से उठे विवाद के निहितार्थ
कम्युनिस्ट पार्टियां अक्सर वर्गीय चेतना की बात करती हैं, लेकिन भारत में वास्तविक श्रमिक वर्ग और कोई नहीं, बल्कि यहां के शूद्र, अतिशूद्र और...
जातिगत जनगणना : ‘ओपेन एंडेड’ से बिगड़ेगी बात
जाति जनगणना में ओबीसी जातियों के लिए ‘ओपन-एंडेड’ फॉर्मेट का समर्थन करना या इसे बढ़ावा देना असल में उस व्यवस्था को विफल करने की...