h n

‘बिलोंगिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ का बहुजन पाठ

इस तस्वीर में महलों की आत्मीयता है, लेकिन झोपड़ियों का मौन भी है। वंचित समुदायों के कुछ प्रसंग हैं, लेकिन उनके आंदोलनों और वैचारिक संघर्षों का व्यापक इतिहास नहीं है। सामाजिक न्याय की बातें हैं, लेकिन सामाजिक सत्ता के पुनर्वितरण पर अपेक्षित विमर्श अनुपस्थित है। पढ़ें, भंवर मेघवंशी की समीक्षा

आत्मकथाएं केवल किसी व्यक्ति के जीवन का लेखा-जोखा नहीं होतीं। वे उस समय, समाज और राजनीति को देखने का एक खास नजरिया भी प्रस्तुत करती हैं, जिसमें लेखक ने अपना जीवन जिया होता है। किसी राजनीतिक व्यक्ति की आत्मकथा तो और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि उसमें निजी अनुभवों के साथ-साथ सत्ता, समाज, विचारधारा और इतिहास की व्याख्या भी शामिल होती है।

सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलोंगिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ इसी दृष्टि से एक महत्वपूर्ण किताब है। यह एक ऐसी महिला की जीवन-यात्रा है, जो इटली के एक छोटे से शहर से निकलकर भारत के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार का हिस्सा बनीं। और जिन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के जीवन को बहुत निकट से देखा, दो बड़ी राजनीतिक हत्याओं का असहनीय दुख झेला और अंततः भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष के रूप में भारतीय राजनीति के केंद्र में पहुंचीं।

इस पुस्तक में प्रेम, परिवार, निजी संबंधों, राजनीतिक संघर्षों, असुरक्षा, शोक और सार्वजनिक जीवन के अनेक प्रसंग हैं। सोनिया गांधी ने अपने जीवन के कई ऐसे निजी पहलुओं को साझा किया है, जिनके बारे में पहले बहुत कम जानकारी उपलब्ध थी। लेकिन जब हम इस पुस्तक को भारत के सामाजिक इतिहास, जाति व्यवस्था, दलित-आदिवासी-पिछड़े वर्गों की मुक्ति और बहुजन राजनीति के नजरिए से पढ़ते हैं, तो एक दूसरी तस्वीर भी सामने आती है।

इस तस्वीर में महलों की आत्मीयता है, लेकिन झोपड़ियों का मौन भी है। वंचित समुदायों के कुछ प्रसंग हैं, लेकिन उनके आंदोलनों और वैचारिक संघर्षों का व्यापक इतिहास नहीं है। सामाजिक न्याय की बातें हैं, लेकिन सामाजिक सत्ता के पुनर्वितरण पर अपेक्षित विमर्श अनुपस्थित है। भारतीय समाज को समझने के लिए जाति व्यवस्था को समझना जरूरी है। इस व्यवस्था की सबसे गहरी आलोचना डॉ. भीमराव आंबेडकर ने की। उन्होंने जाति को केवल सामाजिक भेदभाव नहीं, बल्कि मनुष्य की स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के विरुद्ध खड़ी एक संरचना के रूप में देखा।

सोनिया गांधी अपनी पुस्तक में डॉ. आंबेडकर को एक दूरदर्शी दलित नेता और समाज सुधारक के रूप में याद करती हैं। अमेठी के ग्रामीण इलाकों में अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए वे बताती हैं कि दलितों को गांवों के बाहर रहना पड़ता था, उनके लिए पेशे और सामाजिक स्थान जाति से तय होते थे और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों तक पहुंच में भेदभाव मौजूद था। वे स्वीकार करती हैं कि आंबेडकर की विरासत और प्रगतिशील कानूनों के बावजूद ग्रामीण तथा अर्धशहरी भारत की मानसिकता में जाति-व्यवस्था गहराई से जमी हुई है। उनकी यह स्वीकारोक्ति महत्वपूर्ण है, लेकिन सवाल यह है कि क्या डॉ.आंबेडकर का उल्लेख केवल संविधान के निर्माता और दलित समाज के एक महान नेता के रूप में पर्याप्त है?

समीक्षित पुस्तक ‘बिलोंगिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ का आवरण पृष्ठ

डॉ. आंबेडकर का महत्व केवल इस बात में नहीं है कि उन्होंने संविधान निर्माण में केंद्रीय भूमिका निभाई। उनका असली योगदान जाति के उन्मूलन, सामाजिक लोकतंत्र, प्रतिनिधित्व, राजनीतिक शक्ति, श्रम, शिक्षा और आर्थिक न्याय के प्रश्नों को एक साथ देखने में है। वे सामाजिक परिवर्तन के लिए सत्ता और संसाधनों में हिस्सेदारी को अनिवार्य मानते थे।

पुस्तक में डॉ. आंबेडकर के इस व्यापक वैचारिक संसार की कोई विस्तृत पड़ताल नहीं मिलती। न जाति उन्मूलन पर उनका संघर्ष केंद्र में आता है और न ही सामाजिक लोकतंत्र की उनकी अवधारणा। इसलिए कहा जा सकता है कि पुस्तक में आंबेडकर का सम्मानजनक उल्लेख तो है, लेकिन आंबेडकरवाद की वैचारिक उपस्थिति बहुत सीमित है।

मेरा यह मानना है कि इस पुस्तक की सबसे महत्वपूर्ण कमियों में से एक है पिछड़े वर्गों की चेतना और मंडल आंदोलन का लगभग पूरी तरह अनुपस्थित रहना। भारत की राजनीति में 1990 का दशक एक निर्णायक मोड़ था। मंडल आयोग की सिफारिशों के लागू होने के बाद देश की राजनीति में सामाजिक न्याय, जातिगत प्रतिनिधित्व और सत्ता में हिस्सेदारी के प्रश्न केंद्र में आ गए। पिछड़े वर्गों ने अपनी राजनीतिक पहचान और अधिकारों के लिए एक व्यापक संघर्ष खड़ा किया। उत्तर भारत की राजनीति में यह परिवर्तन विशेष रूप से दिखाई दिया।

सोनिया गांधी की पुस्तक में मंडल आयोग का नाम नहीं आता। पिछड़े वर्गों के आरक्षण और मंडल आंदोलन पर कोई विस्तृत चर्चा नहीं है। यह अनुपस्थिति इसलिए भी उल्लेखनीय है कि पुस्तक में 1990 के दशक की राजनीति, गठबंधन सरकारों और कांग्रेस के राजनीतिक संघर्षों का वर्णन मौजूद है। पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह का उल्लेख पुस्तक में आता है, लेकिन मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करने वाले प्रधानमंत्री के रूप में नहीं। उनका जिक्र राजीव गांधी की सुरक्षा और उनके राजनीतिक जीवन से जुड़े प्रसंगों में है। इस तरह भारतीय राजनीति में सामाजिक न्याय की सबसे निर्णायक घटनाओं में से एक पुस्तक के राजनीतिक आख्यान से लगभग बाहर रह जाती है।

यहां एक बुनियादी सवाल उठता है कि क्या भारतीय राजनीति को केवल नेहरू-गांधी परिवार, कांग्रेस और भाजपा के बीच के संघर्ष से समझा जा सकता है? क्या मंडल आंदोलन, पिछड़े वर्गों की राजनीतिक लामबंदी और सामाजिक प्रतिनिधित्व की नई मांगों को नजरअंदाज करके पिछले चार दशकों का राजनीतिक इतिहास लिखा जा सकता है?

मंडल के बाद भारतीय राजनीति में पिछड़े वर्गों की भूमिका केवल चुनावी गणित तक सीमित नहीं रही। उसने सत्ता के सामाजिक आधार को चुनौती दी। उत्तर प्रदेश और बिहार में मुलायम सिंह यादव, लालू प्रसाद यादव और अनेक क्षेत्रीय नेताओं के उभार ने राजनीति में उन समुदायों की आवाज को जगह दी, जो लंबे समय तक सत्ता-संरचना के बाहर रखे गए थे।

पुस्तक में लालू प्रसाद यादव का उल्लेख गठबंधन राजनीति के प्रसंग में आता है। सोनिया गांधी बताती हैं कि कांग्रेस के पुराने राजनीतिक विरोधियों के साथ भी उन्हें गठबंधन की जरूरत के कारण संवाद करना पड़ा। रामविलास पासवान का उल्लेख दलित नेता और गठबंधन सहयोगी के रूप में किया गया है, लेकिन लालू प्रसाद यादव या अन्य पिछड़ा वर्ग के नेताओं की राजनीति को सामाजिक न्याय, मंडल चेतना और पिछड़े वर्गों के प्रतिनिधित्व के आंदोलन के रूप में नहीं बताया गया है।

यह अंतर महत्वपूर्ण है। किसी नेता से राजनीतिक मुलाकात का वर्णन और उस नेता के पीछे खड़े सामाजिक आंदोलन का विश्लेषण दो अलग-अलग चीजें हैं। मंडल राजनीति ने केवल कुछ नेताओं को सत्ता तक नहीं पहुंचाया था; उसने भारतीय लोकतंत्र में प्रतिनिधित्व की परिभाषा को बदला था। इस परिवर्तन की कहानी पुस्तक में नहीं मिलती।

पुस्तक में दलित समुदायों से जुड़े कुछ प्रसंग उल्लेखनीय हैं। मसलन, बिहार के बेलछी नरसंहार का वर्णन इनमें सबसे महत्वपूर्ण है। 1977 में बेलछी में दलितों पर हुए हमले में बारह लोगों की हत्या कर दी गई थी। पुस्तक के अनुसार इन लोगों ने जमींदारों के सामने मजदूरी और जमीन के अधिकारों का सवाल उठाया था। उनके घर जला दिए गए और उन्हें निर्ममता से मार डाला गया। इंदिरा गांधी उस समय भारी बारिश और बाढ़ के बीच बेलछी पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की थी। इस घटना को सोनिया गांधी ने एक मानवीय और राजनीतिक प्रसंग के रूप में याद किया है।

अमेठी के गांवों में दलित बस्तियों की स्थिति, सामाजिक अलगाव और जातिगत भेदभाव का उल्लेख भी पुस्तक में आता है। सोनिया गांधी बताती हैं कि गांवों में दलितों को अलग बसाया जाता था और सामाजिक संबंधों पर जाति की गहरी छाप थी। दलित बस्तियों में सामूहिक भोजन के आयोजनों का भी जिक्र है, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन करते थे। इन प्रसंगों में सामाजिक भेदभाव के प्रति संवेदनशीलता दिखाई देती है, लेकिन दलित समाज के संघर्षों को केवल सामाजिक सद्भाव, सहभोज और मानवीय सहानुभूति के माध्यम से नहीं समझा जा सकता। दलित मुक्ति का प्रश्न सत्ता, भूमि, शिक्षा, रोजगार, प्रतिनिधित्व और गरिमा से जुड़ा हुआ है। दलितों के साथ भोजन करना अच्छी बात है, लेकिन दलितों के साथ सत्ता और संसाधन साझा करना उससे कहीं बड़ी बात है।

पुस्तक में मान्यवर कांशीराम और बहन मायावती का उल्लेख आता है। सोनिया गांधी बताती हैं कि कांशीराम ने मायावती को भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने की महत्वाकांक्षा छोड़कर दलितों के राजनीतिक आंदोलन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। आगे चलकर मायावती उत्तर प्रदेश की पहली दलित मुख्यमंत्री बनीं। सोनिया गांधी मायावती को एक प्रभावशाली और मेहनती महिला नेता के रूप में देखती हैं। राजनीतिक विरोध के बावजूद उनके साथ व्यक्तिगत संबंध और संवाद बनाए रखने की बात भी कहती हैं। यह उल्लेख महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे पता चलता है कि सोनिया गांधी बहुजन राजनीति के उभार और उसके नेतृत्व को पहचानती थीं, लेकिन यहां भी बहुजन आंदोलन की वैचारिक पृष्ठभूमि सामने नहीं आती।

कांशीराम का महत्व केवल बहन मायावती को राजनीति में लाने तक सीमित नहीं है। उन्होंने बामसेफ, डीएस-4 और बहुजन समाज पार्टी के माध्यम से एक व्यापक सामाजिक-राजनीतिक आंदोलन खड़ा किया। उनका नारा – ‘जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ – भारतीय लोकतंत्र में प्रतिनिधित्व और सत्ता के सामाजिक आधार को बदलने की मांग का प्रतीक था।

कांशीराम ने बहुजन समाज को केवल पीड़ित समुदायों के समूह के रूप में नहीं, बल्कि एक संभावित राजनीतिक शक्ति के रूप में संगठित करने का प्रयास किया। इस आंदोलन ने दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों के बीच राजनीतिक एकता की संभावनाओं को सामने रखा। मायावती का मुख्यमंत्री बनना केवल एक महिला का सत्ता तक पहुंचना नहीं था; वह भारतीय समाज की जातिगत सत्ता-संरचना में एक ऐतिहासिक हस्तक्षेप भी था।

आदिवासी समुदायों के संदर्भ में पुस्तक में कुछ उल्लेख हैं। अरुणाचल प्रदेश के एक सीमावर्ती गांव की यात्रा और वहां के पारंपरिक जीवन का वर्णन मिलता है। अंडमान के ओंगे समुदाय की घटती आबादी और उनकी जीवनशैली में बाहरी हस्तक्षेप को लेकर सोनिया गांधी चिंता व्यक्त करती हैं। वे इस बात पर जोर देती हैं कि आदिवासी समुदायों को अपनी परंपराओं और जीवन पद्धति के अनुसार जीने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। ओंगे समुदाय के संदर्भ में यह संवेदनशीलता उल्लेखनीय है। किसी समुदाय को तथाकथित सभ्य बनाने के नाम पर उसकी संस्कृति और जीवन पद्धति को बदलने का अधिकार राज्य को नहीं होना चाहिए।

झारखंड के आदिवासी नेता शिबू सोरेन का उल्लेख गठबंधन राजनीति के संदर्भ में आता है। इसी तरह ओडिशा के नियमगिरि क्षेत्र में आदिवासियों के अधिकारों का प्रसंग भी महत्वपूर्ण है। सोनिया गांधी बताती हैं कि राहुल गांधी ने खनन परियोजना के खिलाफ आदिवासियों के पक्ष में खड़े होकर उनके अधिकारों का समर्थन किया था। वे इसे भूमि अधिग्रहण कानून, 2013 और अधिकार आधारित नीतियों के संदर्भ से जोड़ती हैं। लेकिन आदिवासी समाज के प्रश्न केवल संस्कृति और परंपरा तक सीमित नहीं हैं। जल, जंगल, जमीन, विस्थापन, वनाधिकार, स्वशासन, पेसा कानून और प्राकृतिक संसाधनों पर समुदायों के अधिकार उनके जीवन के केंद्रीय प्रश्न हैं।

बिरसा मुंडा से लेकर आधुनिक आदिवासी आंदोलनों तक संघर्ष की एक लंबी परंपरा रही है। इस इतिहास का पुस्तक में कोई विश्लेषण नहीं मिलता। आदिवासी नायकों, आंदोलनों और उनके वैचारिक योगदान को भी पर्याप्त स्थान नहीं दिया गया है। सोनिया गांधी की किताब में घुमंतू समुदाय तो उपस्थित होता है। बंजारा और लम्बाड़ी महिलाओं से मुलाकात तथा उनकी वेशभूषा और संस्कृति का उल्लेख मिलता है, लेकिन घुमंतू और विमुक्त समुदायों के ऐतिहासिक बहिष्कार, औपनिवेशिक दौर के आपराधिक जनजाति कानून और आज भी जारी सामाजिक-आर्थिक वंचना पर कोई व्यापक विमर्श नहीं है।

किसी भी समाज का इतिहास केवल सत्ता में बैठे लोगों के जीवन से नहीं बनता। वह उन लोगों के संघर्षों से भी बनता है जिन्होंने सामाजिक व्यवस्था को चुनौती दी और नए विचारों की जमीन तैयार की। भारत में जोतीराव फुले, सावित्रीबाई फुले, पेरियार, नारायण गुरु, अय्यंकाली, बिरसा मुंडा, कांशीराम और आंबेडकर जैसे नायकों ने सामाजिक परिवर्तन की अलग-अलग धाराओं को जन्म दिया। इन सभी के संघर्षों ने जाति, शिक्षा, धर्म, श्रम, लैंगिक समानता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के प्रश्नों को नई दिशा दी।

सोनिया गांधी की पुस्तक में इन सामाजिक आंदोलनों और उनके नायकों को उस व्यापकता से स्थान नहीं मिलता, जिसकी अपेक्षा एक ऐसी राजनीतिक आत्मकथा से की जा सकती है जो स्वतंत्र भारत के अनेक निर्णायक दशकों की साक्षी रही है। विशेष रूप से जोतीराव फुले और सावित्रीबाई फुले की शिक्षा तथा जाति-विरोधी परंपरा, पेरियार के आत्मसम्मान आंदोलन और पिछड़े वर्गों के राजनीतिक-सामाजिक संघर्षों पर कोई विमर्श नहीं है। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि पुस्तक में इन सभी नामों का कहीं भी उल्लेख नहीं है; बल्कि यह कि बहुजन सामाजिक परिवर्तन की परंपरा पुस्तक की केंद्रीय ऐतिहासिक दृष्टि का हिस्सा नहीं बन पाती।

यहां एक बुनियादी समस्या दिखाई देती है। भारतीय राजनीति का इतिहास अक्सर सत्ता के गलियारों से लिखा जाता है, जबकि बहुजन समाज का इतिहास गांवों, खेतों, स्कूलों, आंदोलनों, संघर्षों और सामाजिक विद्रोहों में लिखा गया है। दोनों इतिहासों को एक-दूसरे से जोड़ना जरूरी है।

पुस्तक में भारतीय संविधान की मूल भावना का उल्लेख है। सोनिया गांधी संविधान को एक धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी, लोकतांत्रिक गणराज्य की आधारशिला के रूप में देखती हैं। वे समानता, स्वतंत्रता, मौलिक अधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता की बात करती हैं। हिंदुत्व की राजनीति और संवैधानिक मूल्यों के बीच टकराव को भी रेखांकित करती हैं। यह पुस्तक का महत्वपूर्ण पक्ष है, लेकिन संविधान की समानता को केवल औपचारिक समानता के रूप में नहीं देखा जा सकता। भारतीय संविधान का सामाजिक न्याय संबंधी दृष्टिकोण ऐतिहासिक वंचना और असमानता को दूर करने की जिम्मेदारी राज्य पर डालता है।

अनुच्छेद 15 और 16 में विशेष प्रावधानों तथा सार्वजनिक रोजगार में प्रतिनिधित्व की व्यवस्था, अनुच्छेद 46 में कमजोर वर्गों के शैक्षिक और आर्थिक हितों की उन्नति तथा अनुच्छेद 340 में पिछड़े वर्गों की स्थिति की जांच के लिए आयोग गठित करने का प्रावधान इसी संवैधानिक दृष्टि का हिस्सा हैं। मंडल आयोग की सिफारिशें इसी संवैधानिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय थीं। बाद में केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में ओबीसी आरक्षण की व्यवस्था भी इसी सामाजिक न्याय की प्रक्रिया का हिस्सा बनी, इसलिए संविधान की चर्चा करते समय डॉ. आंबेडकर, मंडल आयोग, पिछड़े वर्गों का प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय की राजनीति को अलग नहीं किया जा सकता। पुस्तक में संवैधानिक मूल्यों की चर्चा तो है, लेकिन उन मूल्यों को वास्तविक सामाजिक प्रतिनिधित्व में बदलने वाले आंदोलनों की चर्चा सीमित है।

सोनिया गांधी की आत्मकथा का एक महत्वपूर्ण पक्ष महिलाओं के अनुभवों और नेतृत्व की चर्चा है। वे इंदिरा गांधी, जयललिता, मायावती, ममता बनर्जी, प्रतिभा पाटिल और मीरा कुमार जैसी महिलाओं का उल्लेख करती हैं। राजनीति में महिलाओं के सामने आने वाली बाधाओं और पुरुष-प्रधान राजनीतिक संस्कृति पर भी उनकी टिप्पणियां हैं, लेकिन महिला नेतृत्व को केवल लैंगिक दृष्टि से देखना पर्याप्त नहीं है। भारत में महिलाओं के अनुभव जाति, वर्ग, समुदाय और क्षेत्र के आधार पर भी अलग-अलग होते हैं।

एक दलित महिला का राजनीतिक संघर्ष, एक आदिवासी महिला का विस्थापन और एक पिछड़े वर्ग की महिला का सामाजिक प्रतिरोध अलग-अलग परिस्थितियों से निर्मित होता है। सावित्रीबाई फुले, फातिमा शेख, रमाबाई और बहुजन महिला आंदोलनों की परंपरा इस बात की याद दिलाती है कि स्त्री मुक्ति और जाति उन्मूलन के प्रश्न एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। मायावती का उल्लेख एक महिला मुख्यमंत्री के रूप में है, लेकिन उनके नेतृत्व की बहुजन सामाजिक पृष्ठभूमि पर अपेक्षित चर्चा नहीं है। इस तरह पुस्तक में महिला नेतृत्व का वर्णन तो है, लेकिन बहुजन स्त्री चेतना का विमर्श सीमित है।

यह भी स्वीकार करना चाहिए कि सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक को भारत के सामाजिक आंदोलनों का इतिहास लिखने के उद्देश्य से नहीं लिखा है। यह उनकी निजी और राजनीतिक जीवन-यात्रा का संस्मरण है। हर आत्मकथा की अपनी सीमाएं और चयन होते हैं। लेखक को यह अधिकार है कि वह अपने अनुभवों में से क्या शामिल करे और क्या छोड़ दे, लेकिन जब लेखक देश की सबसे प्रभावशाली राजनीतिक पार्टी की लंबे समय तक अध्यक्ष रही हों, गठबंधन सरकारों के गठन और संचालन में निर्णायक भूमिका निभाई हों और भारतीय राजनीति के कई महत्वपूर्ण मोड़ों की प्रत्यक्ष साक्षी रही हों, तब उनकी आत्मकथा का मूल्यांकन केवल निजी संस्मरण के रूप में नहीं किया जा सकता। उनकी राजनीतिक भूमिका के कारण यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि भारत के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास के किन हिस्सों को उन्होंने महत्व दिया और किन्हें छोड़ दिया।

उनकी आत्मकथा पढ़ते हुए यह महसूस होता है कि सोनिया गांधी ने भारत को एक परिवार, एक राजनीतिक विरासत और अपने अपनाए हुए देश के रूप में देखा है। उनकी निजी यात्रा में प्रेम, पीड़ा, संघर्ष और अपनत्व के अनेक मार्मिक प्रसंग हैं। इस दृष्टि से यह पुस्तक पठनीय और महत्वपूर्ण है, लेकिन भारत केवल नेहरू-गांधी परिवार, कांग्रेस पार्टी, प्रधानमंत्री आवासों और सत्ता के गलियारों से नहीं बना है। भारत उन करोड़ों लोगों से भी बना है जिनके पास कभी जमीन नहीं थी, जिनके बच्चों को स्कूल में बैठने की जगह नहीं मिलती थी, जिन्हें सार्वजनिक कुओं से पानी लेने का अधिकार नहीं था और जिनकी जाति उनके श्रम, पेशे और सामाजिक हैसियत का निर्धारण करती थी।

भारत उन पिछड़े वर्गों से भी बना है जिन्होंने मंडल आंदोलन के माध्यम से सत्ता में अपनी हिस्सेदारी की मांग की। भारत उन दलितों से भी बना है जिन्होंने आंबेडकर के नेतृत्व में अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया और कांशीराम के नेतृत्व में स्वतंत्र राजनीतिक शक्ति निर्मित की। भारत उन आदिवासियों से भी बना है जिन्होंने जल, जंगल और जमीन पर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया। भारत उन घुमंतू और विमुक्त समुदायों से भी बना है जिनकी पहचान और नागरिकता के सवाल आज भी पूरी तरह हल नहीं हुए हैं।

इसलिए किसी भी राजनीतिक आत्मकथा का मूल्यांकन करते समय यह पूछना जरूरी है कि उसमें देश के वंचित समुदाय किस रूप में उपस्थित हैं – सहानुभूति के पात्र के रूप में, चुनावी सहयोगी के रूप में, या अपने इतिहास, विचार और राजनीतिक एजेंसी वाले नागरिकों के रूप में?

सोनिया गांधी की पुस्तक में दलितों के कुछ दर्दनाक प्रसंग हैं, आदिवासियों की संस्कृति के प्रति संवेदना है, कांशीराम और मायावती का उल्लेख है, रामविलास पासवान और लालू प्रसाद यादव जैसे नेताओं से राजनीतिक संपर्क का वर्णन है, लेकिन पिछड़े वर्गों की चेतना, मंडल आंदोलन, ओबीसी प्रतिनिधित्व और बहुजन राजनीति की वैचारिक यात्रा को वह स्थान नहीं मिला है, जिसका वह भारतीय राजनीति के इतिहास में हकदार है। यह केवल कुछ नामों के छूट जाने का मामला नहीं है। यह इतिहास को देखने के नजरिए का सवाल है।

‘बिलोंगिंग’ सोनिया गांधी की जीवन-यात्रा को समझने के लिए एक महत्वपूर्ण पुस्तक है, लेकिन भारत के सामाजिक न्याय और बहुजन मुक्ति के इतिहास को समझने के लिए यह अधूरी है। इसकी सबसे बड़ी सीमा यही है कि इसमें भारत के वंचित समुदायों की उपस्थिति तो है, लेकिन उनकी सामूहिक चेतना, संघर्ष और वैचारिक योगदान को पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाया है और शायद इसी बिंदु पर इस पुस्तक को पढ़ते हुए एक जरूरी सवाल सामने आता है कि भारत से अपनत्व का दावा करने वाली राजनीतिक स्मृति में भारत के बहुजनों का इतिहास कितना शामिल होता है या वह उसी तरह अदृश्य रह जाता है जैसे समाज, सत्ता और संसाधनों और प्रतिनिधित्व के मामले में उसको हाशिये पर धकेल दिया जाता है?

समीक्षित पुस्तक – बिलोंगिंग : अ जर्नी ऑफ लव
लेखक – सोनिया गांधी
प्रकाशक – हार्पर कॉलिन्स
मूल्य : 1299 रुपए 

(संपादन : नवल/अनिल)


फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्‍त बहुजन मुद्दों की पुस्‍तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्‍स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्‍य, संस्‍क‍ृति व सामाजिक-राजनीति की व्‍यापक समस्‍याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्‍स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in

लेखक के बारे में

भंवर मेघवंशी

भंवर मेघवंशी लेखक, पत्रकार और सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने आरएसएस के स्वयंसेवक के रूप में अपना सार्वजनिक जीवन शुरू किया था। आगे चलकर, उनकी आत्मकथा ‘मैं एक कारसेवक था’ सुर्ख़ियों में रही है। इस पुस्तक का अंग्रेजी अनुवाद हाल में ‘आई कुड नॉट बी हिन्दू’ शीर्षक से प्रकाशित हुआ है। संप्रति मेघवंशी ‘शून्यकाल डॉट कॉम’ के संपादक हैं।

संबंधित आलेख

ओमप्रकाश वाल्मीकि के लेखन का हिंदी साहित्य में प्रभाव
ओमप्रकाश वाल्मीकि ने ऐसी अभिव्यक्ति को साहित्य में प्रतिष्ठित किया, जिसमें जीवन की कठोर परिस्थितियों को अनावश्यक अलंकरण के बिना सामने रखा जा सके।...
उलगुलान का साहित्य और साहित्य में उलगुलान
उलगुलान के नायक बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, उलगुलान पर गीत, उपन्यास, कविता और कहानियों की रचना की गई है। इसके अलावा मुंडारी सहित...
एक दलित-बहुजन कवि का बनना : उनकी अपनी जुबानी
“वहां सभी के लिए नाश्ते की व्यवस्था थी, लेकिन मेरा खाने का मन नहीं हुआ, क्योंकि दीपाली घर पर भूखी थी। मैं प्रतियोगिता में...
कांचा आइलैय्या की ‘हड़प्पा’ : समय की धुंध के पार से झांकती छवियां
हड़प्पाकाल में भी पीपल को पवित्र माना जाता था। आज भी दक्षिण भारत में पीपल की पत्तियों का कई उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया...
बुद्धशरण हंस : ‘वराहमनवाद’ के विध्वंस का महान योद्धा
बुद्धशरण हंस मानते थे कि दलित-बहुजन समाज जब तक वराहमनवाद के खूंटों से बंधा रहेगा वह कभी भी समानता, सम्मान और मानवीय गरिमा के...