[नितिन सुभाष चंदनशिवे (जन्म : 9 मार्च, 1988) समकालीन मराठी साहित्य और मंच के एक प्रखर कवि, ओजस्वी वक्ता और लेखक हैं, जिन्हें साहित्य जगत में ‘दंगलकार’ के नाम से भी जाना जाता है। महाराष्ट्र के सांगली जिले के कवठेमहांकाळ गांव से ताल्लुक रखने वाले नितिन का बचपन अत्यंत अभावों में बीता। उनके पिता राजमिस्त्री (गवंडी) का काम करते थे।
रोज़गार की तलाश में पुणे आने के बाद नितिन जीवनयापन के लिए सब्जी बेचने से लेकर चौकीदारी करने का काम भी किया। कठिन संघर्षों के बीच भी उनका अध्ययन जारी रहा। वे दोपहर के समय रद्दी की दुकानों पर जाकर साहित्य पढ़ा करते थे। वे लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे को अपनी लेखन-प्रेरणा और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को अपनी वैचारिक ऊर्जा का स्रोत मानते हैं।
‘काव्यकस्तुरी’ समूह के संचालक नितिन चंदनशिवे की कविताएं मुख्य रूप से बहुजन समाज, किसानों, छात्रों की पक्षधर हैं और सामाजिक विसंगतियों पर तीखा प्रहार करती हैं। जून, 2026 में मुंबई में आयोजित एक बड़ी जनसभा में प्रस्तुत उनकी कविता ‘आमचं कांबळे’ (‘कांबळे रडला नाही, नुसताच कन्हला’) ने उन्हें पूरे महाराष्ट्र में विशेष लोकप्रियता दिलाई। एक साधारण चौकीदार से लेकर जनमानस के लोकप्रिय कवि बनने तक की उनकी यात्रा अत्यंत प्रेरणादायक है। पढ़िए, उनकी कहानी उनकी ही जुबानी, जिसे मराठी से हिंदी में अनुवाद इथेम्स डिग्री कॉलेज, बंजारा हिल्स, हैदराबाद कें हिंदी के असिस्टेंट प्रो. डॉ. सोनकांबळे पिराजी मनोहर ने किया है।]
‘क’ से कविता
- नितिन चंदनशिवे (दंगलकार)
उन्नीस जून, 2026, हम दोनों पति-पत्नी के जीवन का सबसे खूबसूरत दिन था। मेरी पत्नी सात महीने की गर्भवती थी; ‘निर्भय’ उसकी कोख में पल रहा था। मुझे तीन महीने से वेतन नहीं मिला था। तब मैं एक मजदूर के रूप में काम कर रहा था। समय ऐसा चल रहा था कि घर में केवल खाली पेट की आवाज़ ही सुनाई देती थी। राशन खत्म हो गया था और गैस खत्म हुए भी आठ दिन हो चुके थे। फिर भी मेरी पत्नी में बहुत सब्र था; वह किसी तरह स्टोव पर दो वक्त का खाना बना रही थी। पैसे नहीं थे इसलिए टीवी बंद था, रोज़ आने वाला दूध भी बंद हो गया था। मकान मालिक तीन महीने के किराए के लिए बार-बार फोन कर रहा था। मेरी पत्नी की सोनोग्राफी और अस्पताल के खर्चे बहुत अधिक थे, लेकिन उसने कभी किसी चीज़ की ज़िद नहीं की। इसके विपरीत, वह यथासंभव किफ़ायत से घर चला रही थी।
लेकिन आज स्थिति बहुत खराब थी और एक बार फिर राहत की तलाश थी। मैं अपने सभी दोस्तों को फोन कर रहा था, लेकिन कोई भी मेरा फोन नहीं उठा रहा था, क्योंकि उन्हें पता था कि मैं पैसे मांगने के लिए ही फोन कर रहा हूं। उनमें से एक ने फोन उठाया और इससे पहले कि मैं कुछ बोलता, उसने कहा, “नितिन, अगर तुम्हारे पास कुछ पैसे हों, तो मुझे दे दो।” मैंने कोई जवाब नहीं दिया और फोन रख दिया। मैं चटाई पर बैठकर यह सोचने लगा कि अब हमें कुछ करना होगा।
हम पुणे के पिंपले निलख में एक किराए के कमरे में रह रहे थे। टीवी बंद होने के कारण उसे नींद नहीं आ रही थी। उसका मूड ठीक करने के लिए मैंने उसका पसंदीदा मराठी गीत “सुन्या सुन्या मैफिलीत माझ्या” गुनगुनाना शुरू किया। मैंने गाया, लेकिन वह अपना सिर नीचे झुकाए चटाई पर उंगली घुमाती रही। उसने ध्यान नहीं दिया। फिर मैंने अपनी कविता की पंक्तियां सुनानी शुरू की क्योंकि उसे यह बहुत पसंद है, लेकिन उसने तुरंत गुस्से से मेरी ओर देखा। मैंने अपना सिर नीचे झुका लिया। उस वक्त दुनिया का कोई भी संगीत या कविता घर के भीतर खुशियां नहीं दे सकती थी।
हमने बहुत देर तक एक-दूसरे से बात नहीं की। दीपाली सात महीने की गर्भवती, जो अपने गर्भ में एक नए जीवन को आकार दे रही थी सिर झुकाए चटाई पर न जाने कौन-से अस्पष्ट अक्षर लिख रही थी। शायद वह बार-बार हमारे आने वाले बच्चे के लिए कोई नाम सोच रही थी। फिर वह धीरे से उठी और दरवाज़ा खोलकर बाहर चली गई। मैंने कुछ नहीं कहा। वह पड़ोसी के घर से कुछ पढ़ने के लिए अखबार ले आई, क्योंकि इस सप्ताह वह घर की सारी रद्दी (पुराने अखबार) पढ़ चुकी थी। उसका चेहरा थोड़ा खिला और वह फिर बैठ गई।
मैं उसकी आंखों में देख रहा था। वह अखबार के पन्ने पलटने लगी और अचानक जोर से चिल्लाई, “ओ चंदनशिवे, देखो अखबार में क्या छपा है?” मैंने पूछा, “क्या है दीपाली?” उसने मुझसे सवाल किया, “ओ चंदनशिवे, क्या तुम सच में कवि हो?” उसने मेरा हाथ पकड़कर मुझे अपने पास खींच लिया और अखबार का वह पन्ना मेरे सामने कर दिया। मुझे उस पन्ने पर छपा विज्ञापन आज भी याद है – “डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य राज्य स्तरीय खुली कविता पाठ प्रतियोगिता।” नीचे पता चिंचवड़, पुणे का दिया गया था और संपर्क के लिए मोबाइल नंबर था। मैंने दिए गए नंबर पर कॉल किया। जब मैंने दीपाली की तरफ देखा, तो मुझे उसकी आंखों में एक अलग ही चमक नज़र आई। उसने कहा, “चंदनशिवे, घर में यही आखिरी सत्तर रुपए बचे हैं। तुम्हें दे रही हूं। इस प्रतियोगिता में जाओ। आज ही प्रतियोगिता है। वहां अपनी कविता सुनाओ और पुरस्कार जीतकर घर आओ। यह सबसे बड़ी परीक्षा है, लेकिन आज याद रखना – अगर तुम्हें पुरस्कार नहीं मिला, तो शाम को इस घर में केवल नितिन चंदनशिवे ही लौटेंगे, कवि नहीं।”
उसके इस वाक्य से ऐसा लगा मानो मेरे पेट में गहरा गड्ढा पड़ गया हो। उसने आगे कहा, “अगर मेरी दुनिया तुम्हारी कविता से नहीं भर सकती, तो मुझे इस घर में कविता नहीं चाहिए।” मुझे नहीं लगता कि दीपाली, जो सात महीने की गर्भवती थी और एक सामान्य गृहिणी की तरह सुखी जीवन का सपना देखती थी, उसने उस समय कुछ भी गलत कहा था।
मैं चिंचवड़ पहुंचा। मैंने बस के टिकट पर दस रुपए खर्च किए। वहां सभी के लिए नाश्ते की व्यवस्था थी, लेकिन मेरा खाने का मन नहीं हुआ, क्योंकि दीपाली घर पर भूखी थी। मैं प्रतियोगिता में तो आ गया था, लेकिन मेरे भीतर मेरी कविता मेरी पत्नी के अस्तित्व से प्रतिस्पर्धा कर रही थी। अगर मैं यहां जीत गया, तो कविता जीवन भर मेरे अंदर जीवित रहेगी; और अगर हार गया, तो हम केवल एक बेजान शरीर की तरह जीने को मजबूर हो जाएंगे।
प्रतियोगिता शुरू हो गई और बहुत देर तक चलती रही। मैं अन्य प्रतिभागियों की कविताएं नहीं सुन सका, क्योंकि मेरे कानों में केवल अपनी गर्भवती पत्नी की खाली पेट की पुकार गूंज रही थी।

आखिरकार मेरा नाम पुकारा गया। मैं मंच की ओर बढ़ने लगा। उस समय मैं अपने जीवन का सबसे बड़ा जुआ खेलने जा रहा था और मैंने अपनी कविता को दांव पर लगा रखा था। तभी सीढ़ियां चढ़ते समय मेरी नज़र मंच पर लगी बाबासाहेब और रमाई की एक साथ वाली तस्वीर पर पड़ी। मेरा पूरा शरीर कांप उठा, दिमाग में बिजली-सी कौंध गई। देखते ही देखते मेरे शरीर में इतनी शक्ति आ गई कि उस क्षण मैं दुनिया की कोई भी प्रतियोगिता जीत सकता था। मैंने ‘तमाशा’ नामक अपनी कविता प्रस्तुत की।
मस्तानी आंखों से
नज़रें मिलती हैं घने अंधेरे में,
मोगरे के गजरे का चांद बनाकर
बालों का जूड़ा मैं गूंथती हूं।
शायर की वह लावणी
बिंदास होंठों से गाकर,
मदहोश करती हूं लोगों को
और हलचल मचा देती हूं
पेड़ पर सोए पंछियों में…
कभी मैं राधा बनती कृष्ण की,
कभी मुरळी बन जाती बाघ्या की,
गवळण में मौसी बनकर
नृत्य करती फिरती हूं।
अब आधी रात का चांद,
दूर से देखने पर रोटी जैसा दिखता है
और मेरी पसीने से भीगी चोली में
अजीब-सी शरारत होने लगती है।
फिर धीरे-धीरे पैरों से नीचे उतरते हैं
ये घुंघरू,
तब मेरा भूखा बच्चा दौड़ते हुए मेरी गोद में आता है…
वह अपने पेट की आग बुझाता है,
और मेरा मन नदी की जलधारा से मिलने को दौड़ जाता है…
चांद को देखकर भी शर्म-सी आती है,
फिर धीरे-धीरे झाड़ी की ओट में चली जाती हूं
होंठों पर अपने ‘पांडुरंग’ का नाम लाती हूं,
तब धीरे-धीरे चोली की गांठें खोलती हूं
और पानी में उतर जाती हूं
खुद को स्वतंत्र होकर भिगोने के लिए…
पत्थर का एक टुकड़ा लेकर
मैं अपना शरीर रगड़-रगड़ कर साफ़ करती हूं,
उन गंदी नज़रों को खुरच कर निकालती हूं
जिन्होंने पूरी रात मेरा विनयभंग किया था…
शरीर को रगड़ते-रगड़ते
पत्थर भी लाल हो जाता है,
बात करने वाला मोगरे का गजरा भी अब गूंगा हो जाता है
और वह श्वेत चंद्रमा पानी में बहता हुआ बहुत दूर चला जाता है…
जब सूरज उगता है
तब इस दुनिया की नज़रों में मैं ‘बदनाम’ औरत कहलाती हूं
रात में, सारी दुनिया मेरी होती है,
और दिन में, मैं ‘छिनाल’ कहलाती हूं…
फिर गांव नया,
नाम नया
बजते हैं ढोल,
बंधते हैं नए घुंघरू
घने अंधेरे में,
गूंजती हैं तालियां…
इधर अखाड़े में ताव देती मूंछें,
उधर बिस्तर पर डोलते तकिए…
तब शुरू होता है मेरा,
हां, तब शुरू होता है मेरा
तमाशा… तमाशा… तमाशा…
तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मैं वापस आकर अपनी सीट पर बैठ गया और धीरे-धीरे दुनिया मेरी आंखों के सामने स्पष्ट होने लगी। प्रतियोगिता समाप्त हो चुकी थी और पुरस्कार वितरण समारोह शुरू हुआ। उस समय मंच पर सामाजिक न्याय मंत्री राजकुमार बडोले मौजूद थे और पुरस्कार की राशि वाला सफेद लिफाफा उन्हीं के हाथों में था। मेरी नज़र उस सफेद लिफाफे से हट ही नहीं रही थी। संचालक ने अन्य विजेताओं की घोषणा की, लेकिन मेरा नाम उनमें नहीं था। अब संचालक प्रथम पुरस्कार की घोषणा करने जा रहा था। मैंने अपनी आंखें बंद कर लीं। मेरी छाती ज़ोर-ज़ोर से धड़क रही थी। ऐसा लग रहा था मानो मेरी गर्भवती पत्नी मुझे ही देख रही हो।
तभी कानों में आवाज़ पड़ी, “और इस प्रतियोगिता के प्रथम पुरस्कार विजेता हैं – नितिन चंदनशिवे, जिन्होंने ‘तमाशा’ कविता प्रस्तुत की।” बंद पलकों के भीतर से आंखें खुल गईं और गालों पर आंसू बहने लगे। मैं पूरी दुनिया को चिल्लाकर बताना चाहता था कि मैं अपनी बाकी की ज़िंदगी कविता लिखूंगा – हां, मैं एक कवि के रूप में ही जिऊंगा।
तालियां रुकने का नाम नहीं ले रही थीं। मैं एक गहरी सांस लेकर मंच पर गया। साइड विंग से एक लड़की हाथ में ट्रे लेकर आई, और फोटोग्राफर मेरे सामने कुछ दूरी पर फोटो लेने के लिए तैयार खड़ा था। इसी बीच मैंने दीपाली को फोन मिलाया। पहली घंटी बजते ही उसने फोन उठाया और बोली, “चंदनशिवे, जल्दी बताओ क्या हुआ?” वह पागलों की तरह हाथ में फोन लिए मेरे कॉल का इंतज़ार कर रही थी। मुझे उम्मीद थी कि वह बधाई वगैरह देगी, लेकिन उसने ऐसा कुछ नहीं कहा। उसने तुरंत पूछा, “पहला नंबर तो ठीक है, लेकिन पहले मुझे रकम बताओ!”
मुख्य अतिथि अपने हाथों से ट्रे आगे बढ़ा रहे थे और उधर दीपाली फोन पर पैसों के बारे में पूछ रही थी। मैंने बिना कुछ सोचे पुरस्कार का लिफाफा अपने हाथ में ले लिया। हर कोई मेरी तरफ देख रहा था, पर मुझे किसी की परवाह नहीं थी। मैंने दो उंगलियों से पांच-पांच सौ रुपए के दस नोट गिने और कहा, “दीपाली, पूरे पांच हज़ार रुपए हैं।” यह सुनते ही दीपाली खामोश हो गई। लगभग पच्चीस सेकंड तक हम दोनों ने एक-दूसरे से कुछ नहीं कहा; हम बस फोन पर एक-दूसरे की सांसों को महसूस कर रहे थे।
मुझे लगा कि हम नहीं जानते कि हम दोनों कितने समय तक जीवित रहेंगे, लेकिन उस पल मुझे हमारे जन्म-जन्मांतर के रिश्ते का एहसास हुआ। तभी मेरे हाथ में ट्रॉफी थमाई गई और गले में शॉल पहनाया गया। मैं बिना कुछ सोचे मंच से उतरकर बाहर निकल पड़ा। फोटोग्राफर को मनचाहा पोज़ नहीं मिला, इसलिए वह मुझे गुस्से से घूर रहा था।
घर लौटते समय मैंने उसके लिए मिठाइयां खरीदीं। उसे समोसे बहुत पसंद थे, इसलिए मैंने गरम समोसे भी लिये। हमारा घर तीसरी मंजिल पर था। जैसे ही मैं सीढ़ियां चढ़कर दरवाज़े पर दस्तक देने वाला था, उसने भीतर से दरवाज़ा खोला और कहा, “कवि नितिन चंदनशिवे, मेरी दुनिया में आपका स्वागत है।” उसका गले लगना बेहद भावुक कर देने वाला था। मैं केवल प्रतियोगिता जीतकर ही खुश नहीं था, बल्कि पांच हज़ार रुपए की उस जीत ने मुझे उसके सामने जीवन भर कविता लिखने और एक कवि के रूप में जीने का अधिकार दे दिया था। उसने मेरी भीगी आंखों को पोंछा और खाना परोसा।
हम दोनों ने सारी मिठाइयां खा लीं और फिर वह किराने के सामान की सूची बनाने लगी। सूची लिखने के बाद उसने कागज़ मुझे थमाते हुए कहा, “जाओ और जल्दी से सामान ले आओ।” उसी कागज़ के पीछे मैंने एक कविता लिखी, जो इस प्रकार थी–
जब मुझे अपना मासिक वेतन मिलता है,
मेरी पत्नी अपनी खूबसूरत लिखावट में
किराने की सूची लिखती है,
वह सूची
मेरी दुनिया है,
सबसे सुंदर कविता है…
और उस सूची की समीक्षा
सिर्फ़ और सिर्फ़
वह दुकानदार कर सकता है।
वह एक-एक शब्द मिटाता है
जिससे आंकड़ा बढ़ता जाता है….
और कविता
टुकड़ा-दर-टुकड़ा
झोली में भर जाती है।
ज़िंदगी भर का तो पता नहीं,
लेकिन हमारे लिए कविता
एक महीने तक का गुज़ारा करती है,
कविता हमें एक महीने का राशन पहुंचाती है।
(मराठी से हिंदी अनुवाद व प्रस्तुति : डॉ. सोनकांबळे पिराजी मनोहर, संपादन : नवल/अनिल)
फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्त बहुजन मुद्दों की पुस्तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्य, संस्कृति व सामाजिक-राजनीति की व्यापक समस्याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in
