h n

फासीवादी सत्ता से मुठभेड़ करतीं एन.के. नंदा की कविताएं

इस संग्रह में कुछ गहन इतिहासबोध की कविताएं हैं। उनमें एक कविता ‘मुखौटा’ है। यह न केवल भारत के इतिहास और वर्तमान बल्कि मानव जाति के इतिहास और वर्तमान के संकट की एक मूल वजह को चिह्नित करती है। पढ़ें, डॉ. सिद्धार्थ रामू की यह समीक्षा

खूबसूरत दुनिया का 

ख्वाब भी जिंदा है

इसलिए इंकलाब जिंदा है

और जिंदा रहेगा।

ये पंक्तियां हर तरह के अन्याय और शोषण-उत्पीड़न से मुक्त दुनिया का स्वप्न देखने वाले और उस स्वप्न को साकार करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले एन.के. नंदा के काव्य संग्रह ‘इंकलाब जिंदा रहेगा’ संग्रह में संकलित ‘इंकलाब जिंदा है’ शीर्षक कविता की हैं। नंदा जी करीब 75 साल के हो गए हैं। युवा काल की शुरुआत के साथ ही भगत सिंह उनके नायक रहे हैं। भगत सिंह के साथ ही अमर शहीद जगदेव प्रसाद ने उनकी जिंदगी को क्रांतिकारी दिशा दी। दोनों के पथचिह्नों पर चलते हुए उन्होंने अपनी जिंदगी देश के मेहनतकशों, मजलूमों, गरीबों, अन्याय-अपमान और शोषण-उत्पीड़न के शिकार लोगों के लिए समर्पित कर दी। वे कई बार जेल गए। नक्सलबाड़ी आंदोलन के बाद बनी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट लेनिननिस्ट) (सीपीआई एमएल, लिबरेशन) के समर्पित कार्यकर्ता और अपने इलाके में जन समुदाय के अगुवा बने। उन्होंने जिंदगी को जोखिम में डालकर मेहनतकश बहुजनों के लिए हर तरह की कुर्बानी दी, हर तरह से संघर्ष किया। उनके बीच ही जीवन का बड़ा हिस्सा बिताया। इन जोखिमों में जान जाने का जोखिम भी शामिल था। कई बार बर्बर पुलिस की पिटाई के शिकार हुए। रणवीर सेना जैसी सामंती-उच्च जातीय सशस्त्र आक्रामक संगठनों से मुठभेड़ के भी योद्धा रहे। जन के बीच पार्टी और उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि वे दो बार विधायक भी बने। सक्रिय राजनीति से सेवानिवृति के बाद लेखन की ओर मुड़े। गद्य लेखन के साथ काव्य विधा में उन्होंने अपने विचारों और संवेदनाओं को अभिव्यक्ति दी है।

‘इंकलाब जिंदा रहेगा’ उनका तीसरा काव्य संग्रह है। वर्ष 2022 में उनका पहला काव्य संग्रह ‘जिन्दा आदमी’ और दूसरा काव्य संग्रह 2026 में ‘यह बोलने का वक्त’ शीर्षक से आया। नंदा जी की कविताओं का मूल स्वर समाज के सभी स्तरों पर आमूल-चूल परिवर्तन की पुकार है। एक ऐसा क्रांतिकारी परिवर्तन, जो वर्चस्व और अधीनता के सभी रूपों का खात्मा कर स्वतंत्रता, समता और बंधुता पर आधारित दुनिया का सृजन करे। जहां हर तरह की समृद्धि में सबकी समान हिस्सेदारी हो। जहां खुशहाली सबके हिस्से समान रूप से आए।

नंदा जी की इस तीसरे संग्रह में कुल 60 कविताएं हैं। ‘मेरे बाबू जी’ जैसी कुछ एक कविताओं को छोड़ दिया जाए, तो अधिकांश कविताएं वर्तमान फासीवादी निजाम के खिलाफ केंद्रित हैं। बतौर कवि वे अलग-अलग रूपों में इस निजाम के अन्यायी, अत्याचारी, शोषक-उत्पीड़क और आपराधिक चरित्र को उजागर करते हैं। उनकी नजर में सांस्कृतिक तौर पर यह निजाम बर्बर मानसिकता और जीवन-मूल्यों वाला, राजनीतिक तौर पर छल-प्रपंच और पाखंड़ रचने वाला, धार्मिक तौर पर विभाजनकारी और सामाजिक तौर पर वर्ण-जातिवादी-पितृसत्तावादी चरित्र वाला है। पचास से अधिक कविताओं में कवि ने इस निजाम की ही पोल खोली है।

इस संग्रह की कविताओं की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे इस बर्बर निजाम की खौफनाक तस्वीर को सामने लाते हुए भी नाउम्मीद नहीं होते। हर कहीं, और हर समय बेहतर दुनिया की उम्मीद और सपना सामने आता है। बार-बार इन कविताओं में उम्मीद प्रतीक के तौर पर दीया और जुगनू या लौ आती है– ‘दीया जलाने वाले, कभी खत्म नहीं होते’ या ‘आज वक्त तुम्हारा है, कल जनता को होगा’। कई सारे व्यक्ति अपने युवा काल की शुरुआत क्रांतिकारी बदलाव के सपनों के साथ करते हैं, बदलावों के संघर्षों में शिरकत भी करते हैं, लेकिन विभिन्न वजहों से वहां से मुंह मोड़ लेते हैं।

नंदा जी उन विरले लोगों में हैं, जो युवा काल के क्रांतिकारी बदलाव के सपनों को आज भी जी रहे हैं। उनकी ये चंद पक्तियां उनके जैसों के जीवन को सामने लाती हैं–

जो जिंदा रहते हैं

अपने सपनों को 

अपने आदर्शों को जिंदा रखते हैं

और आजीवन चलते हैं

इंकलाब की राह पर 

नंदा जी का जीवन भी ऐसा ही है और रहा है, जैसी उनकी कविताएं हैं। पूरी जवानी उन्होंने खूबसूरत दुनिया के लिए कुर्बान कर दी। उम्र के इस अंतिम पड़ाव पर उनकी कविताएं उनके संघर्ष का अस्त्र-शस्त्र हैं।

इस संग्रह में कुछ गहन इतिहासबोध की कविताएं हैं। उनमें एक कविता ‘मुखौटा’ है। यह न केवल भारत के इतिहास और वर्तमान बल्कि मानव जाति के इतिहास और वर्तमान के संकट की एक मूल वजह को चिह्नित करती है। वह संकट यह है कि अन्याय, अत्याचार, शोषण-उत्पीड़न और वर्चस्व-अधीनता के रिश्तों को खत्म करके सबकी समता, स्वतंत्रता और भाईचारे और खुशहाली एवं समृद्धि में सबकी साझेदारी के लिए संघर्ष करने वाली विभिन्न धाराएं स्वयं सिर्फ उन धाराओं का मुखौटा बनकर रह गई हैं। इन धाराओं ने अपना मूल अंतर्य खो दिया है। भारत के संदर्भ में इसे कवि ने बहुत ही प्रतीकात्मक रूप में इन शब्दों में व्यक्त किया है–

मुखौटे हैं

किसिम-किसिम के मुखौटे

खूबसूरत और रंग-बिरंगे मुखौटे हैं

भगवा और लाल भी हैं

हरा और नीला भी हैं

सादगी और त्याग के मुखौटा हैं

अच्छे दिन वाले मुखौटे हैं

राष्ट्रवादी मुखौटे और 

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के भी मुखौटे

प्रगतिशील और जनवादी मुखौटे

समाजवादी और क्रांतिकारी मुखौटे 

यह किसी को कटु लग सकता है, किसी को आहत भी कर सकता है, लेकिन सच है। अपवाद हर चीज के होते हैं, इसके भी हैं और हो सकते हैं। लेकिन सच यह है कि फासीवादियों के राष्ट्रवादी-सांस्कृतिक मुखौटे का मुकाबला मार्क्सवादी, आंबेडकरवादी, गांधीवादी, लोहियावादी या नेहरूवादी मुखौटे से नहीं किया जा सकता है। मुखौटे की जगह उसके मूल अंतर्य को आत्मसात करके और आज की जरूरतों के हिसाब से उसे विकसित करके ही किया जा सकता है। मुखौटे की जगह अंतर्य को सिर्फ विचार-संवेदना और भाषा के स्तर पर ही आत्मसात करने से बात बनने वाली नहीं है, बल्कि उसे आचरण में उतारना होगा। क्रांतिकारी बदलाव के अगुवा शक्तियों के मुखौटे दुश्मन के मुखौटे से ज्यादा खतरनाक होते हैं–

खतरनाक होते हैं दुश्मन

लेकिन सबसे खतरनाक होते हैं

मुखौटों में छिपे दुश्मन

क्योंकि हम उन्हें पहचान नहीं पाते हैं 

समीक्षित पुस्तक का आवरण पृष्ठ व कवि एन.के. नंदा

सवाल यह है कि फासीवादी निजाम की बर्बरता को पहचानने वाला और उसे चुनौती देते दिख रही शक्तियों की कमजोरी की भी शिनाख्त करने वाले कवि के भीतर यह उम्मीद कैसे पैदा होती है कि इस बर्बर निजाम का अंत होगा? इस सवाल का जवाब इसी संग्रह की कविताएं देती हैं। कवि जिस शक्ति पर भरोसा करते हैं, वह व्यापक जन की शक्ति है, अन्याय के शिकार लोगों के बदलाव की चाहत है। यही व्यापक जन वह मूल सोता है, जहां से बदलाव की शक्तियां जन्म लेती हैं, जिनकी अगुवाई करने के लिए नए नायक और नए अगुवा पैदा होते हैं। इन्हीं व्यापक जन के भीतर सबके लिए खुशहाल जीवन का स्वप्न जिंदा रहता है। यही इंकलाबी संवेदना और विचारों का मूल स्रोत है–

खूबसूरत दुनिया का

ख्वाब भी जिंदा है

इसीलिए इंकलाब जिंदा है

और जिंदा रहेगा। 

कवि इस उम्मीद से भरा है कि–

और एक दिन 

जंग जीतेंगे

वतन से मुहब्बत करने वाले

धरती के लाल

इस संग्रह की एक लंबी और खूबसूरत कविता ‘मेरे बाबूजी’ है, जिसमें कवि अपने पिता की स्मृतियों को याद किया है। नंदा जी के तीनों काव्य संग्रहों को पढ़ने के बाद लगता है कि वे निजी जीवन और निहायत निजी स्मृतियों को कविता का विषय बनाने में संकोच करते हैं। विचार, क्रांति, क्रांतिकारी परिवर्तन और सत्ता के चरित्र के इर्द-गिर्द ही उनकी कविताएं घूमती हैं। कवि के रूप में यह उनकी ताकत है, तो कमजोरी भी है। शिल्प के स्तर पर ‘मेरे बाबूजी’ कविता बहुत सृजनात्मक और कलात्मक है। शायद नंदा जी का क्रांतिकारी जीवन और व्यक्तित्व उन्हें निजी संवेदनाओं को अभिव्यक्ति प्रदान करने से रोकता है।

इस संग्रह की कई कविताएं, कवि का दायित्व क्या है, इसको संबोधित हैं। जैसे ‘मेरी कविता’, ‘जन-कवि’, ‘कवि और चारण’ और ‘हम कवि हैं’। जैसा कि मैंने नंदा जी के पहले काव्य संग्रह की भूमिका में कहा था कि “पाठक इस संग्रह को कवि के भावनाओं-विचारों की सहज-सरल अभिव्यक्ति के रूप में पढ़ेगा, तो यह कविता संग्रह उसके भीतर कुछ जोड़ेगा और कुछ तोड़ेगा। शिल्पगत परिवक्वता की तलाश करने वाले पाठकों और आलोचकों को यह कविता संग्रह शायद अनगढ़ लगे।” अपने इस तीसरे संग्रह में कवि ने साफ-साफ इसकी घोषणा भी ‘मेरी कविता’ शीर्षक कविता की इन पंक्तियों में कर दी है–

मेरी कविता में 

कल्पना की उड़ान नहीं है

शब्दों की खूबसूरत बाजीगरी भी नहीं है

समीक्षित पुस्तक : इंकलाब जिंदा रहेगा (काव्य संग्रह)

कवि : एन.के. नंदा

प्रकाशक : न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन, नई दिल्ली

मूल्य : 299 रुपए

(संपादन : नवल/अनिल)


फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्‍त बहुजन मुद्दों की पुस्‍तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्‍स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्‍य, संस्‍क‍ृति व सामाजिक-राजनीति की व्‍यापक समस्‍याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्‍स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in

लेखक के बारे में

डॉ. सिद्धार्थ रामू

डॉ. सिद्धार्थ रामू लेखक, पत्रकार और अनुवादक हैं। “सामाजिक क्रांति की योद्धा सावित्रीबाई फुले : जीवन के विविध आयाम” एवं “बहुजन नवजागरण और प्रतिरोध के विविध स्वर : बहुजन नायक और नायिकाएं” इनकी प्रकाशित पुस्तकें है। इन्होंने बद्रीनारायण की किताब “कांशीराम : लीडर ऑफ दलित्स” का हिंदी अनुवाद 'बहुजन नायक कांशीराम' नाम से किया है, जो राजकमल प्रकाशन द्वारा प्रकाशित है। साथ ही इन्होंने डॉ. आंबेडकर की किताब “जाति का विनाश” (अनुवादक : राजकिशोर) का एनोटेटेड संस्करण तैयार किया है, जो फारवर्ड प्रेस द्वारा प्रकाशित है।

संबंधित आलेख

‘दलित मुस्लिम रहनुमा’: पसमांदा संघर्ष और योगदान की अनकही दास्तान
डॉ. अयूब राईन की यह पुस्तक पसमांदा इतिहास, सामाजिक प्रतिनिधित्व और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की व्यापक समझ के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण कोशिश है।...
दलित : हिंदू नहीं, अल्पसंख्यक समुदाय
डॉ. आंबेडकर ने इस पुस्तक में पूना पैक्ट के प्रति असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूना पैक्ट में जो भरोसा दिया गया था,...
‘हड़प्पा : गॉड्स सिटी ऑफ़ सिविलाईजेशन’ : क्यों और कैसे?
न तो ‘रामायण’ की अयोध्या और न ही ‘महाभारत’ की द्वारका के प्राचीन नगर होने के कोई पुरातात्विक प्रमाण हैं। मेरा उपन्यास दुनिया के...
आजाद मुल्क में हाशिए की मुक्ति संग्राम का उद्घोष करतीं कविताएं
कवि राजेश पाल उम्मीद के रचनाकार हैं। उनका आक्रोश विध्वंसक नहीं है, सृंजनशील है। वे हर तरह की असमानता, अन्याय और भेदभाव का ख़ात्मा...
टुकड़े-टुकड़े आईना : दलितों की व्यथा-कथा और प्रतिरोध-प्रतिवाद का जीवंत इतिहास
यदि कोई हिंदी पट्टी का इतिहास सबसे बड़े मेहनतकश हिस्से दलित को केंद्र में रखकर देखना-पढ़ना-लिखना चाहे तो दलित आत्मकथाएं इसका सबसे बड़ा स्रोत...