h n

ओमप्रकाश वाल्मीकि के लेखन का हिंदी साहित्य में प्रभाव

ओमप्रकाश वाल्मीकि ने ऐसी अभिव्यक्ति को साहित्य में प्रतिष्ठित किया, जिसमें जीवन की कठोर परिस्थितियों को अनावश्यक अलंकरण के बिना सामने रखा जा सके। इससे हिंदी साहित्य की भाषिक संवेदना में विविधता आई तथा उन अनुभवों और शब्द-संसारों के लिए स्थान विस्तृत हुआ, जो साहित्यिक भाषा की पारंपरिक संरचना में पर्याप्त रूप से उपस्थित नहीं थे। बता रहे हैं डॉ. नरेंद्र वाल्मीकि

हिंदी साहित्य के विकासक्रम में दलित साहित्य ने साहित्य की विषयवस्तु, संवेदना, भाषा, दृष्टि तथा सामाजिक सरोकारों को व्यापक रूप से प्रभावित किया है। लंबे समय तक साहित्य में समाज के वंचित, शोषित तथा जातिगत भेदभाव से पीड़ित समुदायों का जीवन प्रायः बाहरी दृष्टि से चित्रित होता रहा। दलित साहित्य ने इस स्थिति में परिवर्तन करते हुए उस जीवनानुभव को साहित्य के केंद्र में स्थापित किया, जिसे सामाजिक संरचना ने लंबे समय तक हाशिए पर रखा था। इस साहित्य में जाति-आधारित भेदभाव, सामाजिक बहिष्कार, श्रम की अवमानना, शिक्षा से वंचना, मानवीय गरिमा का संकट तथा सामाजिक समानता की इच्छा जैसे प्रश्न अनुभव की प्रामाणिकता के साथ सामने आते हैं। इस दृष्टि से दलित साहित्य हिंदी साहित्य में भारतीय समाज की जटिल सामाजिक संरचना को समझने का वैचारिक तथा रचनात्मक माध्यम है। इसी साहित्यिक परिप्रेक्ष्य में ओमप्रकाश वाल्मीकि का लेखन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कविता, आत्मकथा, आलोचना तथा वैचारिक लेखन के माध्यम से दलित जीवन के अनुभवों को साहित्यिक अभिव्यक्ति दी।

ओमप्रकाश वाल्मीकि ने दलित जीवन को बाहर से देखने या उसके बारे में सामान्यीकृत संवेदना व्यक्त करने के स्थान पर अपने अनुभवों, सामाजिक स्मृतियों तथा जातिगत भेदभाव से जुड़े यथार्थ को रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रदान की। उनके साहित्य में दलित जीवन व व्यक्ति, परिवार, श्रम, शिक्षा, सामाजिक संबंध तथा आत्मसम्मान से जुड़ी ठोस स्थितियों के माध्यम से सामने आता है। इस कारण उनका लेखन दलित साहित्य में अनुभव की प्रामाणिकता तथा सामाजिक यथार्थ की प्रत्यक्ष अभिव्यक्ति को महत्व प्रदान करता है।

जूठन : एक कसौटी

मसलन, अपनी आत्मकथा ‘जूठन’ में उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों को जिस तरह अभिव्यक्त किया, उसमें व्यक्तिगत स्मृति व्यापक सामाजिक संरचना से जुड़ जाती है। विद्यालय में जातिगत अपमान, सामाजिक दूरी, श्रम के प्रति भेदभावपूर्ण दृष्टि तथा मनुष्य की गरिमा को चोट पहुंचाने वाली स्थितियां आत्मकथा में निजी घटनाओं के रूप में आती हैं, लेकिन उनका अर्थ व्यक्तिगत सीमा से आगे बढ़कर सामाजिक हो जाता है। इस तरह ओमप्रकाश वाल्मीकि के साहित्य ने दलित अस्मिता के प्रश्न को व्यापक वैचारिक आधार दिया। जाति-व्यवस्था का क्रूर चेहरा उनके साहित्य में स्पष्ट दिखाई देता है। उनके यहां सम्मानपूर्वक मनुष्य के रूप में स्वीकार किए जाने की मांग निहित है। सामाजिक अपमान के विरुद्ध आवाज उठाना, अपनी सामाजिक स्थिति को समझना तथा स्थापित भेदभावपूर्ण मान्यताओं पर प्रश्न करना उनके साहित्य में अस्मिता की चेतना के प्रमुख आयाम हैं।

उनके लेखन का प्रभाव हिंदी साहित्य में प्रतिनिधित्व की अवधारणा पर विशेष रूप से दिखाई देता है। उन्होंने ऐसी अभिव्यक्ति को साहित्य में प्रतिष्ठित किया, जिसमें जीवन की कठोर परिस्थितियों को अनावश्यक अलंकरण के बिना सामने रखा जा सके। इससे हिंदी साहित्य की भाषिक संवेदना में विविधता आई तथा उन अनुभवों और शब्द-संसारों के लिए स्थान विस्तृत हुआ, जो साहित्यिक भाषा की पारंपरिक संरचना में पर्याप्त रूप से उपस्थित नहीं थे। उनकी रचनाशीलता ने हिंदी साहित्य की विधागत संभावनाओं को समृद्ध किया। कविता में उन्होंने सामाजिक पीड़ा और प्रतिरोध को स्वर दिया, आत्मकथा में व्यक्तिगत अनुभव को व्यापक सामाजिक संदर्भ से जोड़ा तथा आलोचनात्मक लेखन में दलित साहित्य की वैचारिकी पर अपने विचार व्यक्त किए। इस बहुविध रचनात्मकता के कारण उनका योगदान किसी एक साहित्यिक विधा तक सीमित नहीं रहता। अलग-अलग विधाओं में एक ही सामाजिक अनुभव के विभिन्न रूप सामने आते हैं और हिंदी साहित्य में उस अनुभव की उपस्थिति अधिक व्यापक बनती है।

ओमप्रकाश वाल्मीकि व उनकी कुछ रचनाएं

दलित आत्मसम्मान व प्रतिरोध की काव्यात्मक अभिव्यक्ति

ओमप्रकाश वाल्मीकि की कविता हिंदी दलित काव्यधारा में उस अनुभव-संसार को अभिव्यक्ति देती है, जिसमें सामाजिक असमानता व्यक्ति के जीवन की सामान्य परिस्थितियों में दिखाई देती है। उनकी काव्य-दृष्टि का निर्माण उन अनुभवों से हुआ है जहां जाति व्यक्ति के आत्मसम्मान, श्रम, संबंधों तथा सामाजिक स्थिति को प्रभावित करने वाली वास्तविकता बन जाती है। इसलिए उनकी कविता में दलित चेतना किसी सैद्धांतिक अवधारणा के रूप में सामने नहीं आती, वह जीवन के अनुभवों से निर्मित होती है। यही कारण है कि उनकी कविताओं में पीड़ा के साथ अपने अस्तित्व को पहचानने और सामाजिक असमानता पर प्रश्न उठाने की चेतना विकसित होती दिखाई देती है। उनकी काव्य-संवेदना में स्मृति का विशेष महत्व है। अतीत की घटनाएं वर्तमान को समझने की दृष्टि प्रदान करती हैं। जातिगत अपमान, सामाजिक दूरी तथा श्रम से जुड़े अनुभव जब कविता में आते हैं तो वे व्यक्ति की स्मृति से आगे बढ़कर सामूहिक अनुभव का अर्थ ग्रहण करते हैं। इस प्रक्रिया में कवि अतीत को पुनः सामने लाकर यह प्रश्न उठाता है कि जिन सामाजिक व्यवहारों को लंबे समय तक सामान्य मान लिया गया, उनके भीतर कितनी गहरी असमानता छिपी हुई है। इस प्रकार स्मृति उनकी कविता में चेतना निर्माण का माध्यम बनती है।

उनकी कविता में दलित चेतना का एक प्रमुख पक्ष आत्मसम्मान है। उनके यहां दलित व्यक्ति दया या सहानुभूति प्राप्त करने वाला पात्र नहीं है। वह अपने अस्तित्व, श्रम तथा मनुष्यता की पहचान के साथ उपस्थित होता है। कविता में यह आत्मबोध उस सामाजिक मानसिकता को चुनौती देता है जो व्यक्ति का मूल्य उसकी जाति से निर्धारित करती है। इस दृष्टि से उनकी कविता पीड़ित अनुभव को आत्महीनता में बदलने के स्थान पर उसे आत्मसम्मान की चेतना से जोड़ती है। दलित चेतना का यह रूप सामाजिक बराबरी की मांग को मानवीय गरिमा के प्रश्न से जोड़ता है। वाल्मीकि की कविताओं में प्रतिरोध का स्वर भी इसी आत्मसम्मान से विकसित होता है। उनका प्रतिरोध किसी अमूर्त व्यवस्था के विरुद्ध अस्पष्ट असहमति नहीं है। उसके पीछे जातिगत भेदभाव, सामाजिक वर्चस्व तथा मनुष्य को निम्न समझने वाली मानसिकता के ठोस अनुभव हैं। ‘बस्स! बहुत हो चुका’ जैसी कृति का शीर्षक ही उस सीमा-बोध को व्यक्त करता है जहां सहनशीलता प्रतिरोध में बदलती है। यह प्रतिरोध हिंसक आक्रोश की अपेक्षा सामाजिक चेतना का रूप ग्रहण करता है। कवि उन परिस्थितियों को स्वीकार करने से इंकार करता है जिनमें मनुष्य की गरिमा को उसकी जाति के आधार पर कमतर माना जाता है। उनकी कविता में श्रम की उपस्थिति दलित चेतना को सामाजिक तथा आर्थिक संदर्भ प्रदान करती है। श्रम करने वाले व्यक्ति के जीवन को अक्सर सामाजिक प्रतिष्ठा से अलग करके देखा गया है। ओमप्रकाश वाल्मीकि इस विभाजन पर प्रश्न उठाते हैं। उनके काव्य में श्रम जीवन की वास्तविकता है और श्रमिक मनुष्य सम्मान का अधिकारी है। यहां श्रम की चर्चा सामाजिक पहचान तथा मनुष्य की गरिमा से जुड़ जाती है। इस दृष्टि से उनकी कविता जाति और श्रम के बीच बने ऐतिहासिक संबंधों को समझने का महत्वपूर्ण आधार प्रस्तुत करती है।

अमूर्त नहीं दलित साहित्य का सौंदर्यशास्त्र

ओमप्रकाश वाल्मीकि की पुस्तक ‘दलित साहित्य का सौंदर्यशास्त्र’ हिंदी आलोचना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण वैचारिक हस्तक्षेप के रूप में सामने आती है। इस पुस्तक में उन्होंने दलित साहित्य को परखने के लिए प्रचलित साहित्यिक मानदंडों पर प्रश्न उठाते हुए यह विचार प्रस्तुत किया कि साहित्य के सौंदर्य का निर्धारण सामाजिक जीवन से अलग करके नहीं किया जा सकता। साहित्यकार की सामाजिक स्थिति, उसका अनुभव संसार तथा उसके जीवन की परिस्थितियां उसकी रचनात्मक दृष्टि को प्रभावित करती हैं। इसलिए दलित साहित्य की रचनात्मकता को समझने के लिए उन जीवनानुभवों को आलोचना का हिस्सा बनाना आवश्यक है, जिनसे वह साहित्य निर्मित हुआ है। उनकी आलोचनात्मक दृष्टि का महत्व इस बात में है कि उन्होंने सौंदर्य की स्थापित धारणाओं को सामाजिक संदर्भ में देखने का आग्रह किया। परंपरागत आलोचना में भाषा, शिल्प, कथानक, भावबोध तथा कलात्मकता को साहित्य-मूल्यांकन के प्रमुख आधारों के रूप में देखा जाता रहा है। वाल्मीकि इन तत्वों को अस्वीकार नहीं करते, लेकिन उनके साथ अनुभव की प्रामाणिकता, सामाजिक यथार्थ तथा लेखक की स्थिति को महत्व देते हैं। उनके लिए साहित्य का सौंदर्य जीवन से कटकर निर्मित कोई अमूर्त मूल्य नहीं है। वह मनुष्य के अनुभव, संघर्ष तथा सामाजिक संबंधों के भीतर आकार ग्रहण करता है। ‘दलित साहित्य का सौंदर्यशास्त्र’ हिंदी आलोचना के सामने यह प्रश्न रखता है कि साहित्यिक मानदंड किस सामाजिक और सांस्कृतिक अनुभव से निर्मित हुए हैं। यदि आलोचना किसी एक वर्ग की जीवन-दृष्टि को सार्वभौमिक मानकर दूसरे अनुभवों को उसी कसौटी पर परखती है, तो साहित्य की विविधता सीमित हो सकती है। उन्होंने इसी बिंदु पर दलित साहित्य के अनुभव संसार को आलोचना के केंद्र में लाने का प्रयास किया। इससे साहित्य में प्रतिनिधित्व का प्रश्न आलोचना की प्रक्रिया से जुड़ता है तथा यह विचार उभरता है कि रचना को उसके सामाजिक संदर्भ से अलग करके उसकी पूर्ण अर्थवत्ता को समझना कठिन है।

हिंदी आलोचना पर इसका व्यापक प्रभाव यह रहा कि दलित साहित्य को सामाजिक प्रतिक्रिया या सीमित साहित्यिक धारा के रूप में देखने के बजाय उसके सौंदर्यबोध, भाषा, शिल्प, अनुभव और वैचारिक संरचना पर गंभीर चर्चा की जमीन बनी। इस प्रक्रिया में आलोचना की भूमिका भी विस्तृत हुई। साहित्य का मूल्यांकन करते समय यह देखना आवश्यक माना जाने लगा कि रचना किन सामाजिक अनुभवों से निर्मित होती है, उसमें जीवन की कौन-सी संरचनाएं दिखाई देती हैं तथा वह प्रचलित मान्यताओं को किस प्रकार चुनौती या पुनर्व्याख्या देती है।

ओमप्रकाश वाल्मीकि का साहित्य आज भी इसलिए प्रासंगिक बना हुआ है कि उसमें उपस्थित सामाजिक प्रश्न भारतीय समाज की वर्तमान संरचना से पूरी तरह अलग नहीं हुए हैं। समय के साथ शिक्षा, रोजगार, संचार माध्यमों तथा सामाजिक गतिशीलता के अवसर बढ़े हैं, फिर भी जाति आधारित असमानता, सामाजिक दूरी, भेदभाव तथा सम्मान के प्रश्न अलग-अलग रूपों में दिखाई देते हैं। वाल्मीकि का लेखन इन स्थितियों को किसी अमूर्त सामाजिक सिद्धांत के रूप में नहीं देखता, वह उन्हें मनुष्य के दैनिक जीवन, संबंधों तथा आत्मसम्मान से जोड़कर प्रस्तुत करता है। यही जीवन-सापेक्षता उनके साहित्य को आज के पाठक के लिए अर्थपूर्ण बनाती है। 

संदर्भ सूची :

  1. वाल्मीकि, ओमप्रकाश (1997), ‘जूठन’, राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली।
  2. वाल्मीकि, ओमप्रकाश. (2001) दलित साहित्य का सौन्दर्यशास्त्र, राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली।
  3. वाल्मीकि, ओमप्रकाश. (2008), सदियों का संताप (द्वितीय संस्करण) गौतम बुक सेंटर, दिल्ली।
  4. वाल्मीकि, ओमप्रकाश. (2009), अब और नहीं, राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली।
  5. वाल्मीकि, ओमप्रकाश (2009), मुख्यधारा और दलित साहित्य (तीसरा संस्करण), सामयिक प्रकाशन, दिल्ली।
  6. वाल्मीकि, ओमप्रकाश (2012), शब्द झूठ नहीं बोलते, अनामिका पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स, दिल्ली।
  7. वाल्मीकि, ओमप्रकाश (2020), दलित साहित्य : अनुभव, संघर्ष एवं यथार्थ, राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली।
  8. वाल्मीकि, ओमप्रकाश (2026) चक्रव्यूह टूटेगा, सं. नरेन्द्र वाल्मीकि, समय साक्ष्य प्रकाशन, देहरादून।

(संपादन : नवल/अनिल)


फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्‍त बहुजन मुद्दों की पुस्‍तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्‍स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्‍य, संस्‍क‍ृति व सामाजिक-राजनीति की व्‍यापक समस्‍याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्‍स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in

लेखक के बारे में

डॉ. नरेंद्र वाल्मीकि

लेखक युवा साहित्यकार हैं

संबंधित आलेख

उलगुलान का साहित्य और साहित्य में उलगुलान
उलगुलान के नायक बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, उलगुलान पर गीत, उपन्यास, कविता और कहानियों की रचना की गई है। इसके अलावा मुंडारी सहित...
एक दलित-बहुजन कवि का बनना : उनकी अपनी जुबानी
“वहां सभी के लिए नाश्ते की व्यवस्था थी, लेकिन मेरा खाने का मन नहीं हुआ, क्योंकि दीपाली घर पर भूखी थी। मैं प्रतियोगिता में...
कांचा आइलैय्या की ‘हड़प्पा’ : समय की धुंध के पार से झांकती छवियां
हड़प्पाकाल में भी पीपल को पवित्र माना जाता था। आज भी दक्षिण भारत में पीपल की पत्तियों का कई उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया...
बुद्धशरण हंस : ‘वराहमनवाद’ के विध्वंस का महान योद्धा
बुद्धशरण हंस मानते थे कि दलित-बहुजन समाज जब तक वराहमनवाद के खूंटों से बंधा रहेगा वह कभी भी समानता, सम्मान और मानवीय गरिमा के...
फासीवादी सत्ता से मुठभेड़ करतीं एन.के. नंदा की कविताएं
इस संग्रह में कुछ गहन इतिहासबोध की कविताएं हैं। उनमें एक कविता ‘मुखौटा’ है। यह न केवल भारत के इतिहास और वर्तमान बल्कि मानव...