h n

एक दिन गाजियाबाद के एक उद्यमी गांव अबूपुर में

संविधान दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम बुद्ध विहार में आयोजित था। आंबेडकर चौक से एक मकान आगे बढ़ते ही नजर आया एक सुव्यवस्थित बुद्ध विहार, जिसमें भले ही कोई पेड़-पौधा नहीं था, लेकिन एक जगह बुद्ध की प्रतिमा थी और एक जगह डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा थी। पढ़ने-लिखने वाले छात्रों के लिए लाइब्रेरी की व्यवस्था थी। पढ़ें, यह यात्रा वृत्तांत

कल संविधान दिवस था और मैं गाजियाबाद जिले के मुराद नगर विकासखंड के अबूपुर गांव में था। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय लोकतांत्रिक समाज महासंघ ने किया था। दिल्ली के चमकते-दमकते गलियारों से दूर एक गांव में कार्यक्रम के आयोजन का एक मकसद यह भी रहा कि डॉ. आंबेडकर के विचार गांवों में रहने वाले लोगों तक पहुंचे, एसआईआर और संविधान के लिए दूसरे खतरों के बारे में लोगों को सतर्क किया जाए। इस कार्यक्रम में जिन लोगों ने भाग लिया, उनमें प्रो. सुभाष सैनी, अधिवक्ता राव साहेब मोहन, अनीता भारती, अनिल वर्गीज, डॉ. सिद्धार्थ रामू, नागेंद्र कुमार गौतम, रमाशंकर सिंह, इंजीनियर जनार्दन राम, रामेश्वर दयाल, विनोद कुमार, चेतराम भारती, गोविंद राम गौतम, जितेंद्र कुमार आदि शामिल हैं।

कार्यक्रम एक बुद्ध विहार में आयोजित था। आंबेडकर चौक से एक मकान आगे बढ़ते ही नजर आया एक सुव्यवस्थित बुद्ध विहार, जिसमें भले ही कोई पेड़-पौधा नहीं था, लेकिन एक जगह बुद्ध की प्रतिमा थी और एक जगह डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा थी। पढ़ने-लिखने वाले छात्रों के लिए लाइब्रेरी की व्यवस्था थी। एक कमरा भिक्षु के लिए भी। सब कुछ बहुत बेहतर था। इसी बुद्ध विहार के प्रांगण में कार्यक्रम था। बुद्ध विहार को संचालित करने वाली स्थानीय समिति के सदस्य भीम सिंह ने यह जानकारी दी कि लाइब्रेरी का नाम माता रमाबाई लाइब्रेरी है। इसमें 45 छात्रों के बैठने की व्यवस्था है और रात के दस बजे तक छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। हमें वहां डॉ. आंबेडकर के संपूर्ण वाङ्मय के सभी खंड और प्रतियोगिता परीक्षाओं की कुछ किताबें शेल्फ में दिखीं।

कार्यक्रम स्थल पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा साफ करता एक स्थानीय युवा

कार्यक्रम सुबह दस बजे से आरंभ होना तय था और दिल्ली से हम तीन जन – फारवर्ड प्रेस के मुख्य संपादक अनिल वर्गीज, कार्यालय सहयोगी चंद्रिका और मैं – जब नमो भारत रैपिड ट्रेन से मुराद नगर पहुंचे तब दस बजने में कुछ मिनट शेष थे। हालांकि जब हम यात्रारत थे, हमारे एक परिचित संजय भी मिल गए। वे भी अबूपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस तरह हम तीन से चार जन हुए और समय पर आयोजन स्थल पहुंचे थे और कार्यक्रम के विलंब से आरंभ होने का इमकान हो गया था। इसलिए हम (अनिल वर्गीज और मैं) गांव घूमने निकले।

अबूपुर गांव में स्थित बुद्ध विहार का प्रवेश द्वार

पहले हम उत्तर दिशा में गए। एक पक्की गली थी, पानी के निकास के लिए नाली और एक-दूसरे से सटे घर। अमूमन गांवों में इस तरह के घर तब होते हैं जब उनमें रहने वाले लोग एक जाति-बिरादरी के होते हैं। हम जिस दिशा में आगे बढ़े थे, अधिकांश घर चमार (जाटव) जाति के लोगों के थे। शायद इसलिए भी घरों के बीच दूरी नहीं थी। हालांकि हमें दो-तीन पुराने घर जरूर दिखे, लेकिन कोई घर कच्चा नहीं था। यह इस बात का संकेत दे रहा था कि गांव में समृद्धि बढ़ी है। शायद इसकी एक बड़ी वजह यह भी हो कि मुराद नगर मोदी नगर तहसील का हिस्सा रहा है और वहां अनेक औद्योगिक इकाइयां हैं। यहां गन्ने के कुछ खेत जरूर दिखे, लेकिन यह गांव गुड़ बनाने के केंद्र के माफिक लगा। आसपास के गांवों से यहां गन्ने लाए जाते हैं और गुड़ बनाया जाता है।

खैर थोड़ा आगे बढ़े तो एक जुगाड़ टेक्नोलॉजी से बनाया गया ठेला लगा था, जिसमें पल्सर बाइक का इंजन और स्टीयरिंग लगा था। पीछे ट्रॉली पर एक खास तरह का पौधा बोझों के रूप में रखे थे। पहले मुझे लगा कि ये अरहर के पौधे हैं। फिर लगा कि अरहर के पौधों को कोई इस तरह क्यों ढोना चाहेगा। नजदीक गया तो साहिब नामक युवक मिला, जिसकी वह ठेला गाड़ी थी। पौधे के बारे में पूछा तो जानकारी मिली कि यह शुक्लाई है। गुड़ को साफ करने के काम आता है। सोलह सौ रुपए क्विंटल बिकता है।

कार्यक्रम में शामिल लोग

आगे बढ़ा तो शुक्लाई शब्द के बारे में ही सोचता रहा। शुक्ल मतलब उजला यानी वह पदार्थ जो सफेदी लाए। फिर जेहन में आया कि गन्ने के रस को साफ करने के लिए इसका इस्तेमाल होता है इसलिए इसका नाम शुक्लाई रखा गया होगा। हम गांव की उत्तरी सीमा तक पहुंचे। एक मंदिर मिला। देखने की ख्वाहिश थी कि वहां के मंदिर में कोई गैर-ब्राह्मण देवी-देवता हैं या नहीं। मंदिर छोटा ही था। अंदर झांका तो शिव के लिंग को निहारते विष्णु, कृष्ण, हनुमान और कोई देवी दिखीं। मंदिर परिसर में ही एक काले रंग का छोटा मंदिर मिला, वह शनि का मंदिर था। ऐसा मानो जाति से बहिष्कृत हों। एक आदमी जिसकी उम्र बमुश्किल 40 वर्ष की रही होगी लेकिन देखने में 55-60 का बुजुर्ग लग रहा था। उसने अपना नाम कृष्ण गिरि बताया और जाति गोसाईं। जमीन के बारे में पूछने पर उसने कहा कि केवल रहने के लिए घर है और कोई जमीन नहीं है। उसने कहा कि इससे भी प्राचीन एक मंदिर करीब डेढ़ किलोमीटर आगे है जहां राधा-कृष्ण भी हैं।

पहले दौर की घुमक्कड़ी खत्म कर कार्यक्रम स्थल पर वापस लौटे तो पाया कि कार्यक्रम के आगाज होने में अभी और देरी है। लेकिन लेखिका अनीता भारती मिल गईं। वह आमंत्रित वक्ता थीं। हम दोनों एक-दूसरे को देखकर प्रफुल्लित हुए। बात ही बात में उन्होंने पूछ लिया कि कहां गए थे तो कह दिया कि गांव घूम रहा था। क्या देखे? उनका अगला प्रश्न था तो कह दिया कि शुक्लाई देखा। उन्होंने कहा कि चलो, मुझे भी दिखाओ।

अब फिर से मैं गांव की उत्तरी दिशा में चल पड़ा लेकिन इस बार अनीता भारती साथ में थीं। जब साहिब के ठेले के पास पहुंचे तब पाया कि शुक्लाई के बोझे जमीन पर रखे हैं और बेचारा साहिब अपनी ठेला गाड़ी का एक पहिया हाथ में लिये था। मैंने उससे कहा कि दीदी (अनीता भारती) को शुक्लाई के बारे में जानकारी दो। उसने विस्तार से न केवल बताया बल्कि शुक्लाई का एक पौधा हाथ में लेकर उसे निचोड़ कर उससे निकलने वाली चिकनाई को भी दिखाया। मैंने चिकनाई को हाथ से छूकर देखा। एकदम चिपचिपी थी और एक मायने में ग्रीज। साहिब ने कहा कि एक ड्रम गन्ने के लिए एक या दो टहनी पर्याप्त होती है। गुड़ बनाने वाले इसे कूचते हैं और फिर पानी मिलाकर गन्ने के रस में डालते हैं।

साहिब जब यह बता रहा था तब वहीं पर आशे राम खड़े थे। अनीता भारती ने ही उनसे उनकी उम्र के बारे में पूछा तो मालूम चला कि 75 साल के हैं और कबीरपंथी हैं। आशे राम अपने घर के आगे ही जूते-चप्पल की मरम्मती की दुकान लगाते हैं। मैंने पूछा कि जूते क्यों नहीं बनाते? कहने लगे कि अब कोई बनवाता ही नहीं। पहले मुझे लगा कि चमड़ा अब नहीं मिलता होगा। लेकिन उन्होंने कहा कि चमड़े की कमी नहीं है। गाजियाबाद की मंडी में खूब मिलता है। लेकिन लोग ही रेडीमेड जूते-चप्पल खरीदना पसंद करते हैं। फिर उन्होंने अपने सभी औजारों को दिखाया। पैर, जंबूरा, रापी, सुआ आदि। वे हमें इन औजारों का उपयोग बता रहे थे, जो उन्होंने करीब पचास साल पहले खरीदे थे। पैर लोहे का एक त्रिकोणीय आधार, जिस पर रखकर जूते-चप्पल गांठे जाते हैं। जंबूरा का इस्तेमाल कील आदि निकालने के काम में होता है। और रापी वह जिससे चमड़े को काटा जाता है। रहा सुआ तो उसका इस्तेमाल चमड़े में छेद करने और सिलने के लिए होता है।

अबूपुर गांव में आशे राम जी के साथ अनीता भारती

औजारों के बारे में बताने के क्रम में आशे राम अपने घर के अंदर गए और अपने साथ चमड़े के कुछ टुकड़े और पुराने पड़ चुके सोल लेकर आए। गोया वे हमें इस बात का प्रमाण दिखाना चाहते हों कि हां, मैं जूते बनाता था और अब भी कोई कहे तो जूते बना सकता हूं।

मेरा अगला सवाल था– आपके पास कितनी जमीन है? जवाब मिला– बस यही एक घर है। इस गांव में किन-किन जातियों के लोग रहते हैं? यह सवाल मेरा था। अनोखा जवाब मिला– “हम जितने चमार हैं, उतने ही जाट हैं। लेकिन हमें कोई दाब नहीं सकता।” असल में पश्चिमी यूपी में जाटों की अच्छी आबादी है और दलितों के साथ उनकी अदावत रही है। हालांकि अधिकांश मामलों में जाट दलितों के उत्पीड़क होते हैं। लेकिन आशे राम हमें बता रहे थे कि इस गांव में भले ही हम चमारों के पास खेती नहीं, लेकिन हम किसी का अत्याचार नहीं सहते।

अनीता भारती का जन्म भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ही हुआ है, यह कल उन्होंने स्वयं कहा। लोकदेवता से जुड़े मेरे एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि उनके घर में चमोटे वाले बाबा होते हैं। उनका एक मंदिर भी है, जहां वे स्वयं कभी नहीं गईं, लेकिन उनके परिजन वहां जाते हैं।

हम वापस कार्यक्रम स्थल पहुंचे। कार्यक्रम के आरंभ होने की कोई सूरत नजर नहीं आ रही थी। हालांकि अनेक गणमान्य वहां पहुंच चुके थे। इस बीच अनिता भारती के कारण मीठी पूड़ी खाने का अवसर मिला। मीठी पूड़ी मतलब गुड़ का रस मिलाकर गुंथे गए आटे की पूड़ियां। मगध, जहां से मैं आता हूं, वहां गुड़ की रोटियों का चलन है। गुड़ की पूड़ियां निस्संदेह मेरे लिए नई थीं।

कार्यक्रम का आगाज करीब 12 बजे हुआ। मीठी धूप में बैठकर लोगों को सुनना रुचिकर लग रहा था। अधिकांश वक्ता संविधान के बारे में अपनी बातें कह रहे थे। वे कह रहे थे कि कैसे संविधान के कारण समता, स्वतंत्रता और बंधुता जैसे मूल्य समाज में संभव हो पाए हैं। मत देने का अधिकार इनमें एक बड़ा अधिकार है, क्योंकि डॉ. आंबेडकर ने यह प्रावधान किया कि मत चाहे अमीर का हो या गरीब का, चाहे ऊंची जाति का हो या निम्न जाति का, एक समान महत्व है। कई वक्ताओं ने यह भी कहा कि किस तरह मौजूदा केंद्र सरकार लोगों के मताधिकार को छीनने की कोशिशें कर रही है।

एफ.ई. केइ की किताब ‘कबीर और कबीरपंथ’ अपने हाथ में लिये स्थानीय बुजुर्ग बाबू राम

कार्यक्रम के दौरान ही अवकाश मिला तो मैं गांव के पूरब दिशा में उस जगह गया जहां गन्ने की पेराई हो रही थी। असल में वह गुड़ की छोटी फैक्ट्री थी, जहां चार बड़े कड़ाह थे। एक कम उम्र का किशोर गन्ने के ढेर पर बैठकर गन्ने मशीन में डाल रहा था। गुड़ बनाने की यह फैक्ट्री एक तरह से आधुनिक फैक्ट्री लगी। एक पाइप के जरिए गन्ने का रस अपनेआप कड़ाह में जा रहा था। पहले कड़ाह में छाने जाने के बाद दूसरे कड़ाह में और अंतत: उस कड़ाह में जिसके नीचे चूल्हे में आग जल रहा था। उसी कड़ाह के पास दो वृत्ताकार बड़े पात्र जो संभवत: सीमेंट के बने थे। कुछ लोग तैयार हो चुके गुड़ के बताशे बना रहे थे। पूछा तो जानकारी मिली कि इस फैक्ट्री में पूरे साल गुड़ बनाए जाते हैं और करीब 40 लोग काम करते हैं। मन में ख्वाहिश हुई कि गर्म गुड़ का स्वाद लूं। मेरे अनुरोध करने पर एक व्यक्ति ने मेरी हथेली पर एक बताशा रखा। गर्म होने की वजह से या कहिए कि एकदम ताजा गुड़ होने के कारण स्वाद अतुलनीय महसूस हुआ।

गांव के पश्चिम दिशा में पिछड़े मुसलमान रहते हैं। एक शौकत अंसारी मिले, जो मशीन से रुई धुन रहे थे। इस काम में उनकी पत्नी और बेटी हाथ बंटा रही थीं। जेनरेटर से चलने वाली मशीन के बारे में पूछा तो शौकत अंसारी ने कहा कि पहले एक रजाई के लिए रुई धुनने में एक घंटा लग जाता था, लेकिन मशीन के कारण एक घंटे में कम से कम 50 रजाई के लिए रुई धुन जाती है। 

बहरहाल, अबूपुर गांव से जब हम निकले तब सूरज डूबने वाला था। मेरी नजरों के सामने से एक उद्यमी गांव छूट रहा था, जहां सभी के पास करने को कुछ न कुछ है। और एक ऐसा गांव, जहां की सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए अलग से खरंजा, जो मुझे कहीं और देखने को नहीं मिला।

(संपादन : अनिल)


फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्‍त बहुजन मुद्दों की पुस्‍तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्‍स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्‍य, संस्‍क‍ृति व सामाजिक-राजनीति की व्‍यापक समस्‍याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्‍स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in

लेखक के बारे में

नवल किशोर कुमार

नवल किशोर कुमार फॉरवर्ड प्रेस के संपादक (हिन्दी) हैं।

संबंधित आलेख

राजस्थान : पत्रकार से सरपंच बने दलित युवा श्रवण कुमार मेघवाल
पानी, सड़क, बिजली और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जूझते गांव की तस्वीर बदलने का सपना लेकर राजस्थान के श्रवण कुमार मेघवाल ने सरपंच...
पेसा एक्ट : ग्राम सभा की सहमति पर सर्वोच्च न्यायालय की लगी मुहर
जब तक ग्राम सभा की सहमति को वास्तविक, पारदर्शी और निर्णायक नहीं माना जाएगा – और फर्जीवाड़े या कागजी प्रक्रियाओं के खिलाफ सख्त जवाबदेही...
सुप्रीम कोर्ट : क्या रोस्टर के नाम पर दब जाएगी वंचितों की आवाज?
भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत द्वारा जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की अगुवाई वाली पीठ से दो संवेदनशील मामलों को वापस लेकर अन्य पीठों को...
पश्चिमी राजस्थान में शिक्षक-संकट का आंबेडकरवादी पाठ
पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, सिरोही आज एक गंभीर शिक्षक-संकट से गुज़र रहे हैं। यह संकट केवल इस अर्थ में प्रशासनिक...
नेहा बोरा के बयान से उठे विवाद के निहितार्थ
कम्युनिस्ट पार्टियां अक्सर वर्गीय चेतना की बात करती हैं, लेकिन भारत में वास्तविक श्रमिक वर्ग और कोई नहीं, बल्कि यहां के शूद्र, अतिशूद्र और...