h n

हम जरूर जिएंगे ही, पठार की तरह निडर

सुषमा असुर की तीन कविताएं

हम जरूर जिएंगे ही, पठार की तरह निडर

पठारी क्षेत्र में तुमने
हमें (असुरों को) जन्म दिया
पर जिंदा रहने के लिए रास्ता नहीं बतलाया
पठारी क्षेत्र में तुमने
हमें (असुरों को) मजदूर बनाया
पर स्कूल जाने के लिए पैसा नहीं दिया
हमें आगे बढऩे के लिए रास्ता नहीं बतलाया

अब तो हमारे पास भाषा नहीं है
अब तो हमारे पास संस्कृति नहीं है
हम तुम्हें कैसे पुकारें
हम तुम्हें किस विधि से याद करें

हे धरती के पुरखो, हे आसमान के पुरखो
ओ हमारे माता-पिता, ओ सभी असुर बूढ़े-बूढिय़ो
तुम्हारे भोजन की जिम्मेवारी जंगल की थी
तुम्हारी मजूरी खेत की जिम्मेवारी थी
यहां से वहां तक फैला पठार ही तुम्हारी पाठशाला थी
पहाड़-झरने तुम्हें रास्ता बताते थे

हे धरती के पुरखो, हे आसमान के पुरखो
ओ हमारे माता-पिता, ओ सभी असुर बूढ़े-बूढिय़ो
तुम सब नहीं जानते थे कचिया-ढिबा (रुपया-पैसा)
तुम सब नहीं जानते थे परजीविता

हम तुम्हें दोष नहीं देते
हम तुम्हें अपनी असहायता के लिए
कोर्ट-कचहरी नहीं करते
पर जब कंपनी धम-धम आती है
पर जब सरकार दम-दम बेदम करती है
हम किसको गोहराएं
हम किस छाती में आसरा ढूंढे

हे धरती के पुरखो, हे आसमान के पुरखो
ओ हमारे माता-पिता, ओ सभी असुर बूढ़े-बूढिय़ो
हम सीखेंगे तुम्हारी तरह बोलना
हम सीखेंगे तुम्हारी तरह नाचना
हम करेंगे शिकार तुम्हारी तरह
उन सभी जानवरों का
जो असुरों के घर खोद रहे हैं
जो हमारे झरनों को फुसला-बहला रहे हैं
जिन्हें धरती और इंसान खाने की लत है
हम जरूर जिएंगे तुम्हारी तरह ही
पठार की तरह निश्चिंत-निश्छल
तुम्हारे रचे इस असुर दिसुम में

पहाड़ रो रहा है

पहाड़ रो रहा है
नदी सिसक रही है
रो रहे हैं झारखंड के झरने
धरती पहाड़ सब रो रहे हैं
रो रहे हैं असुर सारे
झरने में पानी नहीं है
पहाड़ में फूल-फल नहीं है
नदी में बहने के लिए पानी नहीं है

बाघ, बंदर, भालू, सियार,
सांप, हाथी, खरगोश, चिडिय़ों
के लिए जगह नहीं है
पहाड़ का घर खत्म हो गया है
भाषा ही नहीं रहेगी तो
गीतों का मेला कहां लगेगा

हमने बनाया था लोहा
अब उसी लोहे से कंपनी वाले
धरती कोड़-कोड़ लहू बहा रहे हैं
उसी लोहे से मार रहे हैं
रो रहे हैं असुर सारे।

कितने दिन?

कितने दिन जमीन
बेचा हुआ रुपया-पैसा रहेगा?
कितने दिन पत्थर तोड़ोगे?
पत्थर-खेत क्यों तोड़ रहे हो?
तुम लोग पेट का
पोटा (अंतड़ी) को तोड़ रहे हो
और खत्म कर रहे हो खुद को

कितने दिनों तक
जमीन बेचा हुआ, रुपया पैसा रहेगा?
एक दिन ऐसा समय आएगा
बच्चे तुम्हारे खून से
ढिबरी जला-जला कर खोजेंगे
उस दिन तुम्हारी आंखों से गिरेगा पानी
सभी सूख गए झरनों का पानी
झर झर झार …

अभी तो सभी जमीन को बेच-बेचकर
फूलपैंट, जूते-चह्रश्वपल पहन रहे हैं
खूब दारू-शराब पी रहे हो
नाच-नाच के मोबाइल हो रहे हो
कल के समय में कुछ भी नहीं मिलेगा
कल के समय में कुछ भी नहीं बचेगा
रिरियाने के लिए भाषा भी नहीं बचेगी
किसके कंधों पर सर रखकर रोओगे
पहाड़ तो शहर में बिछी होगी अलकतरा के साथ
कुचल रही होंगी हर पल जिसे
अनगिनत नई-नई मॉडल की गाडिय़ां

(फारवर्ड प्रेस, बहुजन साहित्य वार्षिक, मई, 2014 अंक में प्रकाशित )


फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्‍त बहुजन मुद्दों की पुस्‍तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्‍स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्‍य, सस्‍क‍ृति व सामाजिक-राजनीति की व्‍यापक समस्‍याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्‍स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +919968527911, ईमेल : info@forwardmagazine.in

लेखक के बारे में

सुषमा असुर

छोटानागपुर के पाठरों में बसे गुमला जिले के सखुआपानी गांव की रहने वाली सुषमा असुर असुर समुदाय की कवयित्री हैं, जिनकी कविताएं प्रकाशित हुई हैं। वे अपने क्षेत्र की एक चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं तथा झारखंडी भाषा, साहित्य, संस्कृति अखाडा नामक संस्था से संबद्ध हैं

संबंधित आलेख

‘हेरि महां दरद दिवाणी म्हारा दरद न जाण्या कोय’
पति की मृत्यु और पुनर्विवाह न होने की स्थिति में मीरा का यह पक्ष अधिक मुखरता से अभिव्यक्त हुआ है। उन्हें कुछ भी मानने...
‘पसमांदा जन आंदोलन 1998’ : मुस्लिम समाज में जातिवाद और हक की जद्दोजहद की दास्तान
मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में यह किताब और भी अधिक प्रासंगिक हो जाती है। पसमांदा समाज के प्रतिनिधित्व की स्थिति आज भी लगभग...
वर्चस्ववादी सत्ता की मुखालफत करतीं मोहन मुक्त की कविताएं
मोहन मुक्त सांस्कृतिक वर्चस्व को सत्ता का सबसे चालाक रूप मानते हैं। वे कहते हैं कि मिथक, परंपरा, धर्म और भाषा के ज़रिए शोषण...
निष्ठा का सवाल उठाए अरसा गुज़र गया!
कंवल भारती की कविताओं पर सरसरी नज़र दौड़ाने से यही पता चलता है कि उनके अंदर समता को लेकर बेचैनी है। वे महीन से...
प्रगतिशीलों के बीच वीरेंद्र यादव के होने का निहितार्थ
वीरेंद्र यादव का सीना ‘अपनों’ के हाथों होते रहे ऐसे अपमानों से छलनी था। वे अपना ज़ख़्मी दिल लिए सेकुलर-प्रगतिशील विचारों की लड़ाई लड़ते...