सन् 2015 में मैंने एक लेख लिखा था, जिसका शीर्षक था– ‘वन पौंड कैपिटलिज्म, ए पिंच ऑफ़ डेमोक्रेसी, एंड द नॉट सो होली बफैलो’ (आधा किलो पूंजीवाद, चुटकी भर लोकतंत्र और कम पवित्र भैंस)। उस समय मैं ‘डिसकम्फर्ट फ़ूड’ (बेचैन करने वाले भोजन) पर केंद्रित अपनी लेखमाला के लिए व्यंजन विधियां तैयार कर रही थी। उस लेख में मैंने ‘बफैलो जंबो पाव (बीजेपी) – नंबर वन हिपोक्रेसी कबाब बोंडा पाव’ बनाने की विधि का वर्णन किया था। यह व्यंजन प्रो. कांचा आइलैय्या शेपर्ड के एक लेख से प्रेरित था, जो महाराष्ट्र सरकार के उस फैसले के बारे में था जिसके अंतर्गत गाय के अलावा सांड और बैल को भी गौवध प्रतिषेध कानून में शामिल कर दिया गया था, मगर भैंस को उससे अलग रखा गया था। इस फैसले पर अपनी टिप्पणी में प्रो. शेपर्ड ने लिखा– “यह नस्लवाद और जातिवाद दोनों है। नस्लवाद इसलिए क्योंकि भैंस काली होती है। आखिर काले होने में बुरा क्या है? मगर वे कालों को ख़त्म कर देना चाहते हैं, जैसा कि श्वेत अमरीकी भी चाहते थे। यह आर्यों का नस्लवाद है। वे भैंस का दूध पीते हैं क्योंकि वह सफ़ेद होता है। काली भैंस सफ़ेद दूध देती है मगर उसे पवित्र का दर्जा नहीं मिलता।”
इसके करीब सात साल बाद, प्रो. आइलैय्या ने मुझसे संपर्क किया और कहा कि वे चाहते हैं कि मैं उनके उपन्यास ‘हड़प्पाः गॉड्स सिटी ऑफ़ सिविलाईजेशन’ के लिए चित्र तैयार करूं। मेरी ख़ुशी का ठिकाना न था। मगर मुझे यहले भी पता था कि उनके शाब्दिक वर्णनों को चित्रों के ज़रिए अभिव्यक्त करना कोई आसान काम नहीं होगा। यह पुस्तक इस साल जुलाई में अनबाउंड स्क्रिप्ट ने प्रकाशित की।
‘हड़प्पाः गॉड्स सिटी ऑफ़ सिविलाईजेशन’ कथा-साहित्य ज़रूर है मगर वह कल्पना की उड़ान नहीं है। प्रो. आइलैय्या जो कथा हमें सुनाते हैं वह हड़प्पा की सभ्यता के कालखंड में घटित होती है और उससे जुड़े ज्ञात तथ्यों पर आधारित है। जाहिर है कि मुझे भी यह ध्यान में रखना था कि मेरे चित्र, हड़प्पा की सभ्यता से संबंधित उन तथ्यों के अनुरूप हों जो अध्येताओं ने पिछली एक सदी के शोध में उद्घाटित किए हैं। मैं यह भी चाहती थी कि मेरे बिंब, प्रो. आइलैय्या की कृति के हर पन्ने में अंतर्निहित संदेशों को पाठक तक पहुंचाने में मददगार हों।
लोग
कहानी एक गांव से शुरू होती है, जिसके रहवासी आगे चलकर हड़प्पा की सभ्यता के जन्म में अहम भूमिका निभाएंगे। इस गांव के रहवासियों के चित्र बनाते समय मैंने यह ध्यान रखा कि वे हड़प्पा की सभ्यता के निर्माताओं के पूर्वजों के बारे में हमारे ज्ञान के अनुरूप हों। उनके पूर्वज दो अलग-अलग समूहों से थे। पहला समूह था अफ्रीका महाद्वीप से दसियों हज़ार साल पहले निकले घुमंतू लोगों का, जो शिकार और जंगलों से खाने-योग्य चीज़ें इकट्ठा कर अपना पेट भरते थे। अंततः उन्होंने उस इलाके में अपना झंडा-डंडा गाड़ दिया जिसे आज हम उत्तरपूर्वी पाकिस्तान कहते हैं। उनके पूर्वजों का दूसरा समूह भी अफ्रीका से ही एशिया आया, मगर उसने एशिया में सुदूर पश्चिम से प्रवेश किया और आज के पश्चिमी ईरान में बस गया। उसने वहां खेती करना सीखा और फिर काफी बाद में पाकिस्तान के उसी इलाके में पहुंचा। आईलैय्या की कहानी आज से करीब 5,500 साल पहले शुरू होती है। तब तक इन दोनों समूहों को एक साथ रहते कई सदियां बीत चुकीं थीं और वे एक-दूसरे में इतने घुलमिल चुके थे मानो वे एक ही हों।
मैंने यह कोशिश की कि इन लोगों का रूपांकन उनकी अफ्रीकी वंशावली के अनुरूप हो। वे कैसे दिखते होंगे, इसका पता हमें पुरातात्विक अध्ययनों और अनुवांशिकी विज्ञान के अलावा, दक्षिण एशिया के मूलनिवासियों (आदिवासियों) को देख कर भी लग सकता है जो आज भी भारतीय उपमहाद्वीप के विभिन्न इलाकों में रह रहे हैं। मैंने उनके रंगरूप के चित्रण के लिए हड़प्पा की सभ्यता के इलाके में हुई खुदाई में मिले उन पुरावशेषों को आधार बनाया जिनमें हड़प्पा के लोगों को चित्रित किया गया था। मैंने अधिकांश पुरुषों के काले बाल गुंथे हुए और सिर के पीछे की ओर कस कर एक के ऊपर एक दो जूड़ों में बंधे हुए दिखाए हैं। महिलाएं अपने बाल मोटी और लंबी चोटियों में बांधती थीं जिन पर हेयरपिन लगे होते थे। जी हां, हड़प्पा निवासी हेयरपिन का इस्तेमाल करते थे।
तीसरे अध्याय में ‘विंटर फेस्टिवल’ के वर्णन में हड़प्पा के दो सबसे महत्वपूर्ण पुरातात्विक अवशेषों का ज़िक्र है। इनमें से ज्यादा प्रसिद्ध है मोहनजोदड़ों में मिली चार इंच ऊंची नर्तकी की कांस्य मूर्ति। उसकी मुद्रा जिंदादिल और आधुनिक है, जिस पर लगभग एक सदी से अध्येता मंत्रमुग्ध हैं। पुस्तक के त्यौहार वाले दृश्य के लिए मैंने नर्तकी की पीठ पाठकों की ओर करने की गुस्ताखी की है। नर्तकी के आगे जिस किरदार को खड़ा दिखाया गया है उसे मैंने एक पुरुष नर्तक के भग्न पुरावशेष को ‘पूरा करके’ तैयार किया है। उसके हाव-भाव से उसके लिंग का पता नहीं चलता। उत्सव में शामिल एक अन्य व्यक्ति अंडे के आकार की सीटी बजा रहा है, जिसके कई नमूने पुरातत्वविदों ने खोज निकाले हैं।
पुस्तक के मुखपृष्ठ पर प्रकाशित चित्र में मैंने हड़प्पा में मिली अन्य मूर्तियों को मॉडल के रूप में इस्तेमाल किया है। मैंने उसमें दिखाया है कि बहुत से लोग पालथी मारकर या उकड़ूं बैठे हैं और उपन्यास का मुख्य किरदार हड़प्पा, उन्हें उस शहर का मिट्टी का मॉडल दिखा रहा है, जिसका निर्माण वे करने वाले हैं। बैठने के तरीके आज भी पूरे दक्षिण एशिया के ग्रामीण क्षेत्रों में एक-से हैं। इस और अन्य चित्रों में बच्चों की छवि मैंने दक्षिण-मध्य भारत के गांवों में खेलते हुए बच्चों को देख कर बनाए हैं।
एक दृश्य जिसमें एक कुम्हार, हड़प्पा की मूर्ति उसे भेंट कर रहा है के लिए मैंने हड़प्पा की सभ्यता की सबसे जानी-पहचानी कलाकृति का उपयोग किया है। इस कलाकृति में एक दाढ़ी वाला सुदर्शन पुरुष दिखाया गया है जो अपने बालों को दो जूड़ों में पीछे की तरफ बांधे हुए है। इसे पुरोहित-राजा की मूर्ति कहा जाता है। कहानी में हड़प्पा भेंट स्वीकार नहीं करता और कहता है कि “मैं खुदा नहीं हूं। इसे ले जाओ। हमें मनुष्यों की पूजा करने से ऊपर उठना होगा।”
पुस्तक के अंतिम अध्यायों में कहानी में एक नए किरदार का प्रवेश होता है। वह है आदिदेवडू (पहला देव)। वह एक तरह का घूमंतु दार्शनिक है। प्रो. आईलैय्या उसका वर्णन इन शब्दों में करते हैं– “उसके शरीर का कमर से नीचे का हिस्सा शेर की खाल से ढंका हुआ है, हालांकि उसमें कई छेद हैं। उसके गले में तीन सांप लिपटे हुए हैं जो विषधारी नहीं हैं। उसकी त्वचा का रंग हड़प्पा जैसा ही है। उसके बाल सिर के ऊपर बंधे हुए हैं। उसके हाथों में एक लकड़ी है जिसके ऊपर तीन सूखी टहनियां फँसी हुईं हैं।”
स्पष्टतः आदिदेवडू भगवान शिव का मूल दक्षिण-एशियाई संस्करण है, जो हिंदू देवी-देवताओं की कल्पना किए जाने से सैंकड़ों साल पहले अस्तित्व में आया था। प्रो. आईलैय्या ने उसे उन तमाम हड़प्पाई कलाकृतियों के आधार पर कल्पित किया है जो आज शिव को दिखाती हैं। इनमें से कई में शिव पालथी मारकर योगी की मुद्रा में बैठे हुए हैं। उसके अलावा नर्तक की वह मूर्ति भी है जिसकी चर्चा ऊपर की गई है और जो संभवतः नटराज का शुरूआती स्वरूप है। इसलिए पुस्तक में आदिदेवडू – जो कहानी के खत्म होते-होते बहुत महत्वपूर्ण किरदार बन जाता है – को मैंने काली त्वचा वाला शिव का विलक्षण स्वरूप दिखाया है।
जानवरों को पालतू बनाना
हड़प्पा की सभ्यता में जंगली और पालतू दोनों तरह के पशुओं का महत्वपूर्ण स्थान था। पुस्तक में यह बताया गया है कि किस तरह जानवरों को पालतू बनाना सभ्यता के विकास की दिशा में एक ज़रूरी कदम था। किताब बताती है कि हड़प्पा की सभ्यता की नींव रखने वालों ने भेड़-बकरियों को पालतू बनाया और जंगली मुर्गों को पालना शुरू किया जो आज के मुर्गों के पूर्वज थे। उन्होंने मांस के लिए भैंस और हिरण का शिकार करना भी शुरू किया। इस विवरण के चित्रांकन में मैंने पुरुषों के समूह को एक भारी-भरकम और सजे हुए भाले से भैंस को मारते दिखाया है। मैंने इन चित्रों के लिए उन हड़प्पाई कलाकृतियों को आधार बनाया जिनमें भैंस की बलि चित्रित है। पुस्तक में यह भी बताया गया है कि युवा हड़प्पा ने किस तरह भैंस के एक बच्चे को भेड़ और बकरी का दूध पिलाकर पालतू बनाया। यह भैंस पर आधारित सुविकसित अर्थव्यवस्था के विकास की ओर पहला कदम था। जानवरों को पालतू बनाने के शुरुआती चरण में पालतू जानवर उनके जंगली पूर्वजों से कोई ख़ास अलग नहीं दिखते थे और मैंने उन्हें वैसा ही दिखाया है। ऐसा बताया जाता है कि हड़प्पावासियों ने कुत्ते, हाथी और ऊंट को कुछ हद तक पालतू बना लिया था। मगर इनका ज़िक्र पुस्तक में नहीं है। फिर भी मैंने एक देसी कुत्ते को अपने एक चित्र में शामिल किया है। हड़प्पा सभ्यता की मुहरों और अन्य कलाकृतियों में जिस पशु का चित्रण सबसे ज्यादा है वह है भैंस के शरीर वाला यूनिकॉर्न (घोड़े जैसा जानवर, जिसके माथे पर मोटा सींग होता है)। मगर यह जानवर न कभी था और न है।
पानी
हड़प्पा की सभ्यता दक्षिण एशिया के जिस इलाके में पनपी, वह अल्प-वर्षा का क्षेत्र था। पुरातात्विक खुदाईयों से पता चलता है कि हड़प्पावासी पानी के भंडारण, वितरण और उपयोग के साथ-साथ गंदे पानी के निस्तारण के लिए अत्यंत परिष्कृत प्रणाली का इस्तेमाल करते थे। प्रो. आइलैय्या की कहानी में मैसम्मा नामक एक महिला को इस प्रणाली का जनक बताया गया है। वह मिट्टी से छाप कर जलाशय और नहरें बनाती है जिनके ज़रिए गांवों और खेतों तक पानी पहुंचाया जा सके। मैंने दोनों के चित्र बनाए हैं।
प्रो. आइलैय्या का एक किरदार है नेतिमान, जो हड़प्पा में नावों का निर्माण करता है। हड़प्पावासियों की नावें यात्रा और व्यापर दोनों के लिए प्रयोग की जाती थीं। ये नावें उस क्षेत्र की नदियों में तो चलती ही थीं, समुद्र भी उनकी जद में था और वे दूर-दूर के स्थानों तक जाती थीं, जिनमें आज का ओमान शामिल है। (जी हां, आज से 4,000 साल पहले भी स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के रास्ते व्यापार होता था) इनमें से एक भी नाव अब नहीं बची है, हालांकि मुहरों और पट्टिकाओं पर उकेरे गए उनके चित्र उपलब्ध हैं और उन्हीं की मदद से मैंने इन नावों के चित्र बनाए हैं। आज भी उसी तरह की (मगर उनसे कम सजी-धजी) सपाट तल्ले वाली नावों का इस्तेमाल मोहनजोदड़ो इलाके में सिंधु नदी के पार जाने के लिए होता है।
खेती और भोजन
खेती हड़प्पा की सभ्यता का आधार थी। सन् 1980 के दशक में हड़प्पा क्षेत्र के दक्षिणपूर्वी हिस्से में खुदाई में करीब 4,800 साल पुराना जुता हुआ खेत मिला। हड़प्पा की सभ्यता के शुरुआती दौर का यह खेत सीधी रेखाओं में पौधे रोपने के प्रचलन का सबसे प्राचीन उदाहरण है। मैंने इस खेत को रंगोली की आकृति में सजी कई छवियों के कोलाज का हिस्सा बनाया है। मैंने उन कुछ पौधों को भी दिखाया है जो उस काल में उगाये जाते थे, जैसे गेहूं और जौ (जो हड़प्पावासियों का मुख्य भोजन था) एवं तिल और सरसों। इसी कोलाज में मैंने हड़प्पा की अनाज ढोने वाली ठोस चक्कों की गाड़ी और अपने हाथ में हंसिया लिए एक युवा महिला किसान को शामिल किया है। इस महिला की मुद्रा दक्षिण-मध्य भारत में फसल की कटाई की एक तस्वीर पर आधारित है, जिसे मैंने खींचा था। हड़प्पा में खुदाई में मिले पुरावशेषों के आधार पर मैंने अपने चित्र में दिखाया है कि फसल की गहाई के लिए ईंट से बने एक गोल चबूतरा का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुरुष पौधों के बंडलों को इन चबूतरों पर रखकर कूट रहे हैं ताकि अनाज के दानों और छिलकों को अलग-अलग किया जा सके।
पीपल के पेड़ को दक्षिण एशिया में कई सदियों से पवित्र और पूजनीय माना जाता रहा है। हड़प्पाकाल में भी पीपल को पवित्र माना जाता था। आज भी दक्षिण भारत में पीपल की पत्तियों का कई उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। मैंने पीपल के पेड़ को किताब में वर्णित दो दृश्यों के चित्रांकन में शामिल किया है। इनमें से एक में युवा हड़प्पा को हमलावर मादा भैंस से अपनी जान बचाने के लिए पीपल के पेड़ पर चढ़ा दिखाया गया है।
पांचवे अध्याय की शुरुआत में रंगोली के आकार का एक और कोलाज है जिसमें यह दिखाया गया है कि प्रो. आइलैय्या के किरदार पेड़-पौधों का क्या-क्या उपयोग करते हैं। इसमें शामिल है जूट से कपड़ा बुनना और पौधों से कपड़ों को रंगने के लिए डाई बनाना। इसी में मैंने वह पौधा भी दिखाया है जो जिम्नोस्पर्म (अनावृतबीजी) प्रजाति का था और संभवतः जिससे वह सोमरस बनाया जाता था जिसका जिक्र अधिकांश प्राचीन हिंदू ग्रंथों में मिलता है।
ऐसा माना जाता है कि हड़प्पा की सभ्यता में सोमरस का आध्यात्मिक महत्व था। कलाकृतियों में काल्पनिक यूनिकार्न का मुंह हमेशा एक ऐसी आनुष्ठानिक वस्तु की ओर रहता है। वह वस्तु क्या है? इस प्रश्न का सबसे संभाव्य उत्तर यह है कि वह सोमरस बनाने और छानने का उपकरण है। (किताब के अंतिम हिस्से में मैंने इस उपकरण को रंगोली के आकार के एक कोलाज में शामिल किया है, जिसमें किताब में पूर्व के पृष्ठों में प्रकाशित कई अन्य चित्र भी हैं।) सोमरस पुस्तक के विंटर फेस्टिवल दृश्य में भी उपस्थित है। प्रो. आइलैय्या ने लिखा है कि पार्टी में भरपूर मात्रा में सोम उपलब्ध था जिसे पीपल के पत्तों से बने दोनो में परोसा जा रहा था। इसके साथ ही मैंने मिट्टी के बने बड़े कलश भी दिखाए हैं जिनमें सोमरस को भर कर रखा गया था।
इसके बाद क्या हुआ आप सब जानते ही हैं
पुस्तक की शुरुआत के चित्र धूसर रंग के हैं और उनमें लोगों, पेड़-पौधों और जानवरों को इस तरह दिखाया गया है मानो हम उन्हें समय की धुंध के उस पार देख रहे हों। तीसरे अध्याय से मैंने कहीं-कहीं थोड़ा-बहुत रंग भरना शुरू किया। मैंने शुरुआत मोर से की और फिर पार्टी के दृश्य में नर्तकी की चूड़ियां, आग, भुनी हुई भैंस, हिरण के मांस और कुछ लड्डुओं में भी रंग भरे। पुस्तक के अंत में आद्य शिव आदिदेवड़ू कहानी में प्रवेश करता है। उसके बाद के चित्र पूरी तरह से रंगीन हैं।
आदिदेवडू के बाद प्रो. आइलैय्या चार नए किरदारों से पाठकों का परिचय करवाते हैं। पहले हैं पीली त्वचा वाले आर्य जो पशुपालक हैं, गौमांस खाते हैं और मध्य-एशिया से घोड़ों पर सवार होकर हड़प्पा की सभ्यता के इलाके में पहुंच गए हैं। इसके बाद कथानक में कुछ अनापेक्षित मोड़ आते हैं और इसके साथ ही मेरे चित्र भी अधिक प्रतीकात्मक बनते जाते हैं। पुस्तक की शुरुआत और फिर उसके अंत के थोड़ा पहले मैंने चित्रों के कोलाज बनाए हैं जो भारत के मिथकीय कमल की आकृति के नक्शे – जिसे जम्बूद्वीप कहा जाता है – की दक्षिणी पंखुड़िओं पर आधारित हैं। पहले अध्याय में जम्बूद्वीप का मध्य भाग और उससे निकलने वाली पंखुड़ियां धूसर रंग में उस हड़प्पा के दृश्य दिखाती हैं जो उस समय तक गांव था। आठवें अध्याय के आते-आते इन दृश्यों की जगह मेरू पर्वत केंद्र में आ जाता है और पंखुड़ियों में वैदिक संस्कृति के दृश्य चित्रित होने लगते हैं – वह संस्कृति जो जल्दी ही जम्बूद्वीप में पहुंचकर वहां की हर चीज को या तो चुरा लेगी या अपना घोषित कर देगी।
जम्बूद्वीप के दूसरे चित्र में सबसे नीचे की पंखुड़ी में मैंने अमानिटा मस्केरिआ के कुछ नमूने दिखाए हैं, जो आगे आने वाले समय की ओर इशारा करते हैं। कुछ अध्येताओं का कहना है कि अमानिटा मस्केरिआ (जो लाल रंग का सफेद धब्बों वाला कुकुरमुत्ता होता है) नहीं, बल्कि एफेड्रा जेरारडीना सोमरस के सबसे सक्रिय घटक का स्रोत था। के.टी. आचार्य अपनी पुस्तक इंडियन फूड में लिखते हैं कि ये कुकुरमुत्ते उसी तरह का मतिभ्रम उत्पन्न करते हैं जिसका वर्णन वेदों में किया गया है … इन ग्रंथों की काव्यात्मक और गूढ़ कल्पनाएं इसी कुकुरमुत्ते की ओर संकेत करती हैं।
पुस्तक के अंत में मैंने दो चित्र जोड़े हैं। इन दोनों में टेराकोटा की पट्टिकाओं पर एक पेड़ को दिखाया गया है, जो हड़प्पा की सबसे जानीमाने कलाकृतियों में से एक है। आठवें अध्याय के अंत में इस पेड़ की पत्तियों की जगह मैंने पुस्तक के पिछले पृष्ठों में प्रकाशित चित्रों के थंबनेल (लघु संस्करण) रख दिए हैं, जिनमें से अधिकांश हड़प्पा की सभ्यता द्वारा विकसित विभिन्न तकनीकों को प्रदर्शित करते हैं – चाहे वह चमड़े का काम हो, जलमार्गों से यात्रा करने की क्षमता हो, धातुकर्म हो, ईंटों का निर्माण हो, चित्रकला हो या कपड़ों की बुनाई की कला। एक परिवर्तन के साथ इसी चित्र को मैंने पुस्तक के अंत में भी रखा है। नए चित्र में जिस कागज़ पर इस चित्र को उकेरा गया है उसके कोनों में आग की लपटें दिखायी गईं हैं, जो हड़प्पा सभ्यता के अंत को प्रतीकात्मक रूप में दर्शाती है।
प्रो. आइलैय्या के उपन्यास का अंत चार आर्य बंजारों के हड़प्पा के एक दफ्न शहर के ऊपर अपने मवेशियों को चराने के दृश्य से होता है। इसके बाद क्या हुआ होगा, यह पाठकों को ज्ञात इतिहास से जानना है। निस्संदेह, ऐतिहासिक, पुरातात्विक और जैविक इतिहास हमें बताता है कि घुमंतू आर्य पशुपालक सिंधु और गंगा की घाटियों में बस गए और उन्होंने हड़प्पा की सभ्यता की कृषि व अन्य तकनीकों, उनकी कला और उनके पवित्र स्थानों पर कब्ज़ा कर लिया। आर्यों ने हड़प्पावासियों से शानदार नगर-राज्यों का ढांचा बनाने और उनका निर्माण करने की कला भी सीखी। उन्होंने अपना राजनीतिक और सांस्कृतिक वर्चस्व भी स्थापित कर लिया और अगली कुछ सदियों में उसे जाति व्यवस्था के ज़रिए मजबूती प्रदान कर दी। इसके बाद जो हुआ, आप सब जानते ही हैं।
(यह पुस्तक-चर्चा पूर्व में अंग्रेजी में वेब पत्रिका ‘काउंटरकरेंट्स’ द्वारा प्रकाशित है तथा यहां लेखिका की सहमति से हिंदी में प्रकाशित है। मूल अंग्रेजी से अनुवाद : अमरीश हरदेनिया, संपादन : नवल/अनिल)
फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्त बहुजन मुद्दों की पुस्तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्य, संस्कृति व सामाजिक-राजनीति की व्यापक समस्याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in




