पांचवां जयपाल-जुलियस-हन्ना साहित्य पुरस्कार समारोह गत 22 नवंबर, 2026 को रांची में संपन्न हुआ। दो सत्रों में विभाजित समारोह के पहले सत्र में सात आदिवासी कृतियों को पुरस्कृत किया गया और दूसरे सत्र में बहुभाषायी आदिवासी-देशज काव्य-पाठ का आयोजन किया गया। पद्मश्री रामदयाल मुंडा टीआरआई हॉल में इस एक दिवसीय अवार्ड समारोह और काव्य-पाठ का आयोजन प्यारा केरकेट्टा फाउंडेशन ने किया था।
अवार्ड समारोह और बहुभाषी आदिवासी-देशज काव्य-पाठ का आरंभ पारंपरिक स्वागत और पुरखा स्मरण के साथ हुआ। समारोह का विधिवत उद्घाटन केरल की आदिवासी साहित्यकार पुष्पम्मा एस., झारखंड के लेखक एवं एक्टिविस्ट डॉ. संजय बसु मल्लिक तथा पुरस्कृत रचनाकारों ने संयुक्त रूप से नगाड़ा बजाकर किया। इसके बाद प्यारा केरकेट्टा फाउंडेशन की चेयरपर्सन ग्लोरिया सोरेंग ने औपचारिक रूप से अतिथियों का स्वागत किया, जबकि फाउंडेशन की सचिव वंदना टेटे ने अवार्ड और पुरस्कृत रचनाकारों का परिचय दिया।
अपने वक्तव्य में वंदना टेटे ने जयपाल जुलियस हन्ना साहित्य अवार्ड की चार वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अपने पांचवें वर्ष में यह साहित्य पुरस्कार आदिवासी भाषाओं की समृद्ध रचनात्मक परंपरा और नई पीढ़ी की साहित्यिक अभिव्यक्तियों को सामने ला रहा है। इस वर्ष सम्मानित एवं प्रोत्साहित की जाने वाली कृतियों में हिंदी के साथ भीली, असुर, भिल्लोरी, डांगी और संताली जैसी आदिवासी भाषाओं का प्रतिनिधित्व है। इन कृतियों के रचनाकार झारखंड, राजस्थान, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र जैसे आदिवासी बहुल राज्यों से आते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न भाषाओं और भौगोलिक क्षेत्रों के युवा रचनाकारों की भागीदारी आदिवासी साहित्य की व्यापकता और उसकी बढ़ती रचनात्मक उपस्थिति को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि यह अवार्ड अब इस बात की उद्घोषणा बन गया है कि आदिवासी भाषाएं मरती हुई भाषाएं नहीं हैं।
प्यारा केरकेट्टा फाउंडेशन की चेयरपर्सन ग्लोरिया सोरेंग ने अपने स्वागत संबोधन में राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और झारखंड से आए सात आदिवासी रचनाकारों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में झारखंडी भाषा अखड़ा और टाटा स्टील फाउंडेशन की साझेदारी से शुरू हुए ‘जयपाल जुलियस हन्ना अवार्ड’ का उद्देश्य आदिवासी लेखकों की उत्कृष्ट पांडुलिपियों का चयन, प्रकाशन और उन्हें देशभर के पाठकों तक पहुंचाना है। श्रीमती सोरेंग ने तीन आदिवासी रचनाकारों की पांडुलिपियों को सम्मानित किए जाने तथा नए रचनाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए इस वर्ष से ‘प्रोत्साहन अवार्ड’ की शुरुआत किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने झारखंड आंदोलन में संजय बसु मल्लिक की महत्वपूर्ण भूमिका और आदिवासी साहित्य एवं समाज में केरल की लेखिका पुष्पम्मा के योगदान का उल्लेख करते हुए उनका अभिनंदन किया। साथ ही, झारखंड की विभिन्न भाषाओं के कवियों और गीतकारों का स्वागत किया तथा आयोजन के सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके बाद पुष्पम्मा एस. और डॉ. संजय बसु मल्लिक ने देश के विभिन्न राज्यों के आदिवासी रचनाकारों को जयपाल जुलियस हन्ना साहित्य अवार्ड से सम्मानित किया। इस वर्ष साहित्य अवार्ड के लिए चयनित तीन कृतियों में छोटनी कुमारी का असुर-हिंदी द्विभाषी कविता संग्रह ‘संड़सी-कुटासी ठन-ठन’, नीतिशा खलखो का हिंदी कविता संग्रह ‘खदबदा रहे हैं जंगल’ और भावेश गोंदू बागुल की डांगी-हिंदी द्विभाषी काव्य कृति ‘भूक का चांद’ शामिल हैं। इसके साथ ही चार अन्य साहित्यिक कृतियों को प्रोत्साहन अवार्ड प्रदान किया गया। इनमें अरुण कटारा ‘पलवाड़ी’ का भीली कविता संग्रह ‘वाट नो वटारू’, अलताफ सलीम तड़वी का भिल्लोरी-हिंदी कविता संग्रह ‘जतरा’, सुलेमान मरांडी का संताली कविता संग्रह ‘बोदोल जुमी’ तथा मनीष एवं मनोज मीणा का संयुक्त हिंदी कविता संग्रह ‘नहीं आती अब ग़दूली से तमाकू की महक’ शामिल हैं।

केरल के उराली समुदाय की पुष्पम्मा एस. ने, जो दक्षिण भारत की पहली महिला आदिवासी उपन्यासकार हैं, अपने संबोधन में बिरसा मुंडा की धरती पर आने की खुशी व्यक्त की और उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने आदिवासी समुदायों के संघर्षपूर्ण जीवन और शिक्षा तक उनकी सीमित पहुंच का उल्लेख किया। अपने कठिन बचपन और व्यक्तिगत संघर्षों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इन्हीं अनुभवों ने उन्हें लेखिका बनाया। उन्होंने अपनी पहली पुस्तक ‘कोलुक्कन’ से मिली पहचान और मुन्नार के चाय बागान मजदूरों के जीवन पर आधारित दूसरी पुस्तक ‘मुडी’ की चर्चा की। पुष्पम्मा ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में आदिवासियों की जमीन, जंगल और उनके अधिकारों को बचाने के लिए चल रहे संघर्ष और मजबूत होंगे। हमें मिलकर उन लोगों की आवाज बनना चाहिए, जिनकी आवाज कोई नहीं सुनता।
झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेतृत्वकर्ताओं में से एक, प्राध्यापक, लेखक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समारोह के विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय बसु मल्लिक ने इस अवसर पर आंदोलनों और सामाजिक-राजनीतिक परिवर्तन में साहित्य की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों और बुद्धिजीवियों को अपने लेखकों और कवियों को जरूर सुनना चाहिए। गीतों और कविताओं का जनमानस पर सबसे गहरा प्रभाव पड़ता है, क्योंकि वे दिल से निकलते हैं, जबकि राजनीति दिमाग का काम है। आदिवासी और अन्य वंचित समुदायों के लिए इस संबंध को समझना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब दिल और दिमाग का मेल होगा, तभी सामाजिक परिवर्तन का संघर्ष अपने मुकाम तक पहुंच पाएगा।
‘खदबदा रहे हैं जंगल’ काव्य-कृति के लिए पुरस्कृत नीतिशा खलखो ने कहा कि यह अवार्ड केवल पुरस्कृत रचनाकारों के लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए खास है, जिन्हें अपने घर-गांव से लेकर विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों तक हर दिन संघर्ष करना पड़ रहा है तथा सम्मान और अधिकारों के लिए अपनी आदिवासी अस्मिता का दावा करना पड़ रहा है। ‘संड़सी-कुटासी ठन-ठन’ की युवा कवयित्री छोटनी कुमारी ने कहा कि हमारे पुरखों ने लिखा नहीं, लेकिन अपनी बातों और अनुभवों को बोलकर और गाकर अभिव्यक्त किया। अब नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह लिखे और अपनी भाषा, संस्कृति और इतिहास को बचाए। लोहे की ठन-ठन अब कागजों पर भी दर्ज होनी चाहिए और सुनाई देनी चाहिए।
प्रोत्साहन अवार्ड से सम्मानित झाबुआ के भीली कविता संग्रह ‘वाट नो वटारू’ के रचनाकार डॉ. अरुण कटारा ने अपने वक्तव्य में मातृभाषा में लेखन को प्राथमिक कर्तव्य बताया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी का प्राध्यापक होने के बावजूद उन्होंने लेखन के लिए अंग्रेजी की बजाय अपनी मातृभाषा को चुना, क्योंकि भाषा ही आदिवासी जीवन का मूल प्राणतत्त्व है। महाराष्ट्र के तड़वी-भिल्लोरी कवि अलताफ सलीम तड़वी ने कहा कि वे वर्ष 2019 से कविताएं लिख रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी कविताएं संग्रह के रूप में प्रकाशित हो सकेंगी। प्यारा केरकेट्टा फाउंडेशन ने इस अवार्ड के माध्यम से उनके जैसे युवा आदिवासी रचनाकारों में लेखन के प्रति विश्वास जगाया है।
अवार्ड समारोह के पहले सत्र के बाद दूसरे सत्र में बहुभाषी आदिवासी-देशज काव्य-पाठ का आयोजन हुआ। इसमें 11 भाषाओं के 12 कवियों और गीतकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। इसके साथ ही असुर लूर अखड़ा (नेतरहाट), बिरजिया लूर अखड़ा (रांची) और खड़िया लूर अखड़ा (सिमडेगा) के गीत-संगीत दलों ने पारंपरिक गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। काव्य-पाठ में सलमी असुर और प्रभा असुर (असुर), सुस्मिता सरदार (भूमिज), अस्मिता तेलरा (बिरजिया), सारिका सुंडी (हो), किरण डुंगडुंग (खड़िया), भुवनेश्वर उरांव (कुड़ुख), जगतपाल महतो (कुड़मालि), सुनीता तिड़ू (मुण्डारी), अंतोनी मुंडा (पंचपरगनिया), निलोफर मिंज (नागपुरी) तथा ताला टुडू (संताली) ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
अवार्ड समारोह का संचालन आकृति लकड़ा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन टाटा स्टील फाउंडेशन के शिवशंकर कांडेयोंग ने किया। काव्य-पाठ सत्र का संचालन विक्की मिंज ‘इंजोत’ ने किया। आयोजन के अंत में आरती केरकेट्टा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
(संपादन : नवल/अनिल)
फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्त बहुजन मुद्दों की पुस्तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्य, संस्कृति व सामाजिक-राजनीति की व्यापक समस्याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in
