आनंद सिंह चौहान द्वारा निर्देशित राजस्थानी फिल्म ‘धूड़’ हाल ही में बड़े पर्दे पर रिलीज हुई है। यह फिल्म 1995 में पश्चिमी राजस्थान के एक ‘रावले’ की कहानी कहती है। ‘रावला’ शब्द राजपूत जागीरदार और शासकों के विशाल निवास-स्थानों के लिए प्रयुक्त किया जाता है। इसी तरह के एक रावले में भीम सिंह अपने 25 वर्षीय मानसिक रूप से चुनौतियां झेल रहे बेटे सुमेर सिंह के साथ रहते हैं। सुमेर की मां का देहांत वर्षों पूर्व हो चुका है। इसी रावले में उनकी सेवा के लिए एक अन्य राजपूत परिवार भी रहता है। लिछमण सिंह, दाखू बाई और उनका बेटा श्रवण सिंह, जो लगभग सुमेर का हमउम्र है। राजपूत-रावलों में ऐसे सजातीय परिवार सेवकों की लंबी परंपरा देखी जा सकती है। ऐसे परिवार दूर के संबधी और सामाजिक-आर्थिक रूप से कम शक्तिशाली होते थे, जो जातीय-गौरव के विपरीत अन्य किसी काम की बजाय इस तरह के रावलों में देखभाल का काम संभालते थे।
मूल-परिवार और सेवक-परिवार के संबधों, अपेक्षाओं, संकोच और भय की गहरी पड़ताल करते हुए यह फिल्म राजस्थान के तत्कालीन समाज के सजातीय वर्ग-व्यवहार को सामने रखती है। लिछमण सिंह का परिवार रावले को संभालता है, पर बिना किसी निजी-स्वतंत्रता के। रावले की हरेक छोटी से छोटी बात भीम सिंह ही तय करते हैं। दाखू बाई के पास रसोई घर का पूरा अधिकार है, लिछमण सिंह सिर्फ सेवक नहीं, साथी और सलाहकार भी हैं। उनका बेटा श्रवण, सुमेर का ख्याल रखता है। सुमेर भी श्रवण को ‘भाईसा’ कहकर संबोधित करता है। जाति और परिवार जहां लिछमण सिंह के रावले में निवास को सहजता देते हैं, आर्थिक सत्ता और वर्ग-स्थिति इसे मजबूरी बना देते हैं। यह दोनों एक साथ तब दिखाई देते हैं, जब दंपत्ति श्रवण की शादी का जिक्र करता है। लिछमण सिंह कहता है– “आपां जै श्रवण रै ब्याह रो जिक्र सुमेर रे ब्याह हूं पैली करों तो दाता आपा नै स्वार्थी समझेला” (अगर हमने श्रवण की शादी का जिक्र सुमेर के विवाह से पहले किया तो मालिक हमें स्वार्थी समझेंगे)। दाखू का प्रत्युतर इसका भौतिक पक्ष खोलता है– “और आपणे कण इतरा पिसा भी नीं है” (और हमारे पास इतने पैसे भी नहीं है)।
यह फिल्म महिला-मन की टोह लेने का प्रयास भी करती है। दाखू बाई, जो सुमेर की मौसी भी है, ने ही उसे पाला-पोसा है। उनका प्रेम स्वभाविक भी है और भीम सिंह के डर के कारण भी। फिल्म के कुछ संवाद इसे अधिक पुख्ता करते हैं, जब दाखू गहरे दुख के साथ कह उठती है– “मैं मां बण’र पाळौ सुमेर नै” (मैंने सुमेर को मां की तरह पाला-पोसा है)। मगर दूसरी तरफ श्रवण सिंह की गलती छुपाने के लिए वो अबोध सुमेर को अपनी कसम भी खिला देती है। दाखू का चरित्र जितना सरल नजर आता है, फिल्म का अंत आते-आते उतना ही रहस्यमयी होता जाता है। फिल्म में दाखू का चरित्र राजस्थान के लोक से प्रेरणा पाता नजर आता है। राजस्थान के लोक में देवी की अराधना के समय गाए जाने वाले गीतों में अक्सर देवी (स्त्री) के दोहरे चरित्र को रेखांकित किया जाता रहा है–
“कोरू-पाण्डवा नें भैरू मैं ही लड़ाया रै, रह’गी झगड़ै स्यूं न्यारी रै”
(हे भैरूं! कौरवों और पांडवों को मैंने ही लड़ाया था पर खुद झगड़े से अलग रह गई)
दाखू, जो एक ओर सबको खिलाने के बाद खाती है, और दूसरी ओर रावले को हासिल करने की हिंसक योजना बनाती है। नैतिक-विकल्प की बजाय लोक-छवि को उसी रूप से प्रस्तुत करते हुए फिल्म राजस्थान के अतीत और लोक की झलक देती है।
दाखू बाई के अलावा व्यक्तिगत-मनौविज्ञान के स्तर पर श्रवण सिंह, भीम सिंह-सुमेर पर बात की जानी चाहिए। श्रवण युवा है। सुमेर के साथ पला-बढ़ा है। इसलिए उसे सुमेर से विशेष लगाव भी है, लेकिन वह कई बार सुमेर तथा भीम सिंह की इस अपेक्षा कि वह हमेशा सुमेर का ख्याल रखे, को दबाव और भार जैसा महसूस करता है। श्रवण का स्वतंत्रता के लिए व्याकुल युवापन और महत्वाकांक्षाएं फिल्म को अप्रत्याशित अंत की ओर ले जाने में बड़ी भूमिका निभाती है।

भीम सिंह का चरित्र, फिल्म की मौलिकता को और बढ़ा देता है। कभी पत्नी के वियोग में सुख-दुख का नाप-तौल मापता मनुष्य, वंश चलाने की प्रार्थना करता एक ठाकुर, और बेटे की मानसिक स्थिति का पता होते हुए भी उससे समान्य-आचरण की कामना करता हुआ पिता – इस त्रिकोण पर खड़ा भीम सिंह का किरदार सीन दर सीन रोचक होता चला जाता है। भीम सिंह की मानसिक परेशानी समझने के लिए दो दृश्यों पर बात की जानी आवश्यक है। पहला, जब उन्हें पता चलता है कि किसी ग्रामीण-नवयुवक की बारात रावले के सामने आने वाली है। जैसलमेर के इलाकों में आने और जाने वाली बरातों का रावले के सामने जाकर ठाकुरों से आशीर्वाद लेनें का रिवाज़ रहा है। बारात जैसे-जैसे रावले के पास आती है, भीम सिंह शराब पीने की गति बढ़ा देता है। नवयुवक की बारात आना, सुमेर के मानसिक-स्थिति के दुख को अचानक से बढ़ा देता है। दूसरा, जब वह सुमेर को जमीन और संपत्ति आदि के बारे में बता रहे हैं। भीम सिंह-सुमेर के अधिकांश संवादों में लगता है कि भीम सिंह, सुमेर से अधिक खुद से बात कर रहे है। भीम सिंह भली प्रकार जानता है कि सुमेर का बौद्धिक विकास सामान्य स्तर पर नहीं हुआ है। रावले के मालिक होने का दंभ, जाति का रुतबा और सुमेर का इकलौतापन, भीम सिंह को यह स्वीकार करने नहीं दे रहा कि सुमेर बाकी लोगों से भिन्न है। भीम सिंह को लगता है कि सुमेर का विवाह और संतान होना ही इस समस्या का सामाधान हो सकता है। यह तत्कालीन समाज में मानसिक स्वास्थ्य से अधिक जाति और मानसिक स्वास्थ्य के आपसी रिश्ते को समझने का एक सूत्र हो सकता है।
इन तीन वृहद मूल भावों को पिरोती यह फिल्म रचना के स्तर पर राजस्थानी में अब तक की सबसे अच्छी प्रकार से शोधित और निर्मित फिल्म कही जा सकती है। शादी का दृश्य और मांस बनाने की प्रक्रिया, इस बात को पुष्ट करती है। छाती पर हाथ आने को जिस तरह से दिखाया गया है, हर पश्चिम-राजस्थानी खुद से जोड़कर देख पाता है। भाषा और मुहावरों में कहीं नहीं लगता कि यह कृत्रिम है। फिल्म का संगीत राजस्थान के धोरे (रेतीले पहाड़) को छूता है। इस तरह की कलात्मकता के साथ पहली बार कोई राजस्थानी फिल्म धर्म और कॉमेडी की रेखा को फांदने की कोशिश करती है।
हालांकि, राजस्थानी-सिनेमा से इतनी जल्दी एंटी-कास्ट सिनेमा की अपेक्षा करना जल्दबाजी होगी, लेकिन इस फिल्म में दो अलग-अलग जातियों के बीच संवाद की कमी अखरती है। क्या सुमेर इस मानसिक स्थिति में किसी अन्य जाति के युवा या बालक के संपर्क में नहीं आ सकता था? आता तो भीम सिंह की क्या प्रतिक्रिया होती? कोई विवाद और अन्य व्यक्ति रावले में नहीं आया होगा? संभव है कि फिल्म को ट्रेक पर रखने के प्रयास में यह सब छोड़ दिया गया हो, लेकिन यह राजस्थानी सिनेमा के सामजिक संसार की सीमा को इंगित करता है।
फिल्म का अंत कबीर के अध्यात्म की ओर ले जाता है, जहां रावले को इन लोगों से और इन लोगों को रावले से वेदना भरी मुक्ति मिलती है। तभी कबीर का राजस्थानी भजन बजता है–
“हाल्लो रे उण देस, जहां कोई ना भूप नरेश
जठै ना कोइ राग-द्वेष!”
(चलो उस स्थान पर, जहां कोई राजा और मालिक नहीं हैं और न ही कोई किसी से राग या द्वेष का भाव रखता है।)
(संपादन : नवल/अनिल)
फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्त बहुजन मुद्दों की पुस्तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्य, संस्कृति व सामाजिक-राजनीति की व्यापक समस्याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in
