बुद्धशरण हंस (8 अप्रैल, 1942 – 22 जनवरी, 2026) ने जिस दृढ़ता और प्रतिबद्धता से आंबेडकरवाद के प्रचार-प्रसार का अभियान चलाया और समाज में आंबेडकरवादी चेतना का संचार करने को अपना मिशन बनाया, वह आंबेडकर मिशन का पर्याय बन गए थे। इस मिशन के प्रति जितना समर्पण बुद्धशरण हंस में था वह दुर्लभ है। वह जहां भी जाते, जिससे भी मिलते, सदैव आंबेडकर मिशन की बातें करते। युवाओं को आंबेडकरवाद के बारे में समझाते और मिशन से जोड़ते थे। वे कहते थे कि सामाजिक असमानता और अस्पृश्यता के रूप में हिंदू धर्म की अमानवीयता से मुक्त होकर समानता और मानवीय गरिमापूर्ण जीवन जीने के लिए बौद्ध धर्म को अपनाना सर्वाधिक उपयुक्त मार्ग है। बाबा साहब डॉ. आंबेडकर ने 14 अक्टूबर, 1956 को विशाल जन-समूह के साथ बौद्ध धर्म की दीक्षा लेकर बौद्ध धर्म अपनाने का मार्ग प्रशस्त किया। हिंदू धर्म, पूजा और प्रसाद का ही धर्म नहीं है, पाखंडों, कुरीतियों और अंधविश्वासों का भी धर्म है। आस्था, विश्वास प्राय: सभी धर्मों का आधार है। विश्वास के सहारे ही धर्मों द्वारा अनुयायियों को अपने खूंटे से बांधकर रखा जाता है, लेकिन जितना पाखंड हिंदू धर्म में है उतना शायद अन्य किसी धर्म में नहीं है। पाखंडों का तर्क, तथ्य और वैज्ञानिकता से कोई संबंध नहीं होता। अपितु, अंधविश्वास और पाखंड वैज्ञानिकता के विरोधी और सबसे बड़े शत्रु हैं।
बौद्ध धम्म-दीक्षा को आंबेडकरवाद का महत्वपूर्ण अंग मानने वाले बुद्धशरण हंस दलित-बहुजनों को बौद्ध धम्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे। हिंदू धर्म की वर्ण-जातिगत असमानता, भेदभाव और अस्पृश्यता से मुक्त होने का यही सर्वाधिक श्रेष्ठ उपाय है। बौद्ध होना विवेकशील और तार्किक होना है। धर्म के नाम पर फैलाई गई आस्था, अंधविश्वास और पाखंड, तर्क और विवेक-मार्ग के अवरोधक हैं। इनसे मुक्त होना आवश्यक है। जिन धर्मों में अंधविश्वास और पाखंड जितना कम है, उनका समाज उतना ही प्रगतिशील है।
बुद्धशरण हंस एक आंदोलनधर्मी लेखक, विचारक और कार्यकर्ता थे। उनका लेखन इस बात को पुष्ट करता है कि वह ब्राह्मणवाद को दलित-बहुजनों का शत्रु मानते थे और ब्राह्मणवाद को समूल नष्ट करने हेतु पूरी ताक़त से उस पर प्रहार किया। उनके लेखन में ब्राह्मणवाद के विरुद्ध वैसी ही आक्रामकता है जैसी किसी शत्रु के विरुद्ध होती है। वराहमनवाद के प्रतिकार और ध्वंस में बुद्धशरण हंस की कलम आग उगलती प्रतीत होती है। ब्राह्मणवाद के प्रति अपनी शत्रुता को वह छिपाते नहीं हैं अपितु खुलकर व्यक्त करते हैं। अपने ब्राह्मणवाद-विरोधी विचारों को उन्होंने साहस और स्पष्टता के साथ-साथ निर्भीक भाषा और शब्दावली में अभिव्यक्त किया है। विचारों की स्पष्टता उनके लेखन की विशेषता है। उन्होंने जो कुछ भी कहना चाहा है, बिना किसी लाग-लपेट के स्पष्टता से कहा है। इसलिए उनकी बात सीधे मन और मस्तिष्क में उतरती है। लिखे हुए को कोई भी पढ़ सकता है। उनके लेखन को ब्राह्मणवादी भी पढ़ सकते हैं, इस तथ्य से वह अनभिज्ञ नहीं रहे होंगे तथापि, किसको कैसा लगेगा, इस बात की परवाह करके उन्होंने अपनी बात और शब्दों को रोका नहीं बल्कि पूरी ताक़त, ईमानदारी और तीव्रता से अभिव्यक्त किया। ऐसा साहस बहुत कम लोगों में मिलता है। इसलिए बुद्धशरण हंस अपने आप में एक उदाहरण हैं तथा अनेक दलित-बहुजनों की प्रेरणा का स्रोत हैं। उनका लेखन दिमागों पर आस्था और अंधविश्वासों की लगी जंग को साफ़ कर ज्ञान, तर्क और विवेक पैदा करता है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार वराह, विष्णु का अवतार है जिसने, प्रचलित धार्मिक कथा और किंवदंतियों के अनुसार वामन अर्थात् बौना का रूप धारण कर, छल-कपट से राजा बलि का राज्य छीना। वराह सूअर को कहा जाता है। सूअर एक ऐसा जानवर है जो जड़ों को उखाड़ता या तहस-नहस कर देता है। सूअर को स्वच्छ स्थान में नहीं अपितु मल अर्थात् गंदगी में रहना पसंद है। इसलिए वराह-मन का तात्पर्य हुआ वराह का मन या वराह जैसा गंदा मन, और वराहमन का अर्थ हुआ वराह जैसे मन वाला। दूसरे शब्दों में कहा जाए तो कुटिल, कलुषित और नष्ट या ध्वस्त करने वाला। मल में लिपटा हुआ। वर्ण-व्यवस्था, जातिवाद, अस्पृश्यता, स्वर्ग-नरक, परलोक, आत्मा-परमात्मा, भाग्य, नियति, अंधविश्वास, पाखंड, आदि समाज के मल हैं, किंतु वराहमन को प्रिय हैं, इसलिए वह इस मल को पसंद करता है, और इस मल के साथ रहने में ही सुख अनुभव करता है। वेद, पुराण, स्मृतियों आदि से लेकर शास्त्र कहे जाने वाले हिंदू धर्म के सभी ग्रंथों के रचियता ब्राह्मण रहे हैं। वर्ण-जाति व्यवस्था के जनक और पोषक भी वे ही रहे हैं और वे ही धर्म के नाम पर अंधविश्वास, पाखंड और छल-प्रपंचों के जन्मदाता और उनके प्रसारक हैं। आत्मा-परमात्मा, स्वर्ग-नरक, भाग्य, परलोक, पुनर्जन्म आदि भी ब्राह्मणों के मस्तिष्क की उपज हैं। ये सब भोले-भाले लोगों को मूर्ख बनाकर उनको ठगने और उनका शोषण करने के साधन हैं। सामाजिक-सांस्कृतिक संदर्भों में वराहमन समाज को विभाजित करने वाला और अपने स्वार्थों के लिए दूसरों का दमन और शोषण तथा मनुष्यता और समाज को नष्ट करने वाला है। ये सारी प्रवृत्तियां ब्राह्मण की हैं इसलिए बुद्धशरण हंस ब्राह्मण को वराहमन के रूप में देखते हैं तथा अपने साहित्य में ब्राह्मण के लिए वराहमन और ब्राह्मणवाद के लिए वराहमनवाद शब्दों का प्रयोग करते हैं।
यद्यपि उनकी आरंभिक रचनाओं में ब्राह्मण और ब्राह्मणवाद शब्दों का प्रयोग मिलता है, लेकिन बाद की रचनाओं में वह वराहमन और वराहमनवाद शब्दों का प्रयोग करते हैं। सन् 1996 में प्रकाशित उनके प्रथम कहानी संग्रह का शीर्षक ही है– ‘तीन महाप्राणी (ब्राह्मणवाद की मौत का वारंट)’। जनवरी, 2003 में प्रकाशित उनके दूसरे कहानी संग्रह ‘को रक्षति वेद:’ में भी ब्राह्मण और ब्राह्मणवाद शब्दों का प्रयोग हुआ है। इस कहानी संग्रह को उन्होंने ‘ब्राह्मणवाद को नेस्तनाबूद करने वाली कहानियों का संग्रह’ कहा है। लेकिन, सन् 2009 में प्रकाशित पुस्तक ‘वराहमनवाद का जहर’ पूरी तरह वराहमनवाद पर केंद्रित है। इस पुस्तक का आवरण पृष्ठ अपने आप में वराहमनवाद को परिभाषित करता दिखायी देता है, जिस पर वराहमनवाद को आक्रमण की मुद्रा में बैठे एक विषैले सर्प/नाग के रूप में दिखाया गया है, जो अपने मुंह से ईश्वर, पुनर्जन्म, आत्मा, अंधविश्वास, भाग्य, स्वर्ग, नरक, परमात्मा और जातिवाद का जहर उगल रहा है।
‘वराहमनवाद का जहर’ पुस्तक के आरंभ में ही वह लिखते हैं– “वराहमनवाद रंगभेद का भारतीय नामकरण है।” और आगे लिखते हैं– “वर्णवाद ही वराहमनवाद है।”[1] इन शब्दों से वराहमनवाद का संक्षिप्त परिचय मिलता है। आगे वराहमनवाद को परिभाषित करते हुए वह लिखते हैं– “वराहमनों द्वारा बनाया गया छुआछूत, भेदभाव, ऊंच-नीच, जाति और जन्म के आधार पर श्रेष्ठता और नीचता मानना वराहमनवाद है … स्त्री-पुरुष को बराबर की मान्यता नहीं देना वराहमनवाद है … स्वर्ग और नरक का लोभ और भय वराहमनवाद है। देवी-देवताओं को उद्धारक मानना और वराहमन को इसका पुरोहित मानना वराहमनवाद है। पाखंड और अंधविश्वास पर आधारित रीति-रिवाज मानना, पर्व-त्यौहार मनाना वराहमनवाद है।”[2]
बुद्धशरण हंस वराहमनवाद को धर्म के नाम पर कुविचारों का वायरस, कुसंस्कारों की महामारी, वराहमनों द्वारा दलित-बहुजनों के विरुद्ध किया गया सामाजिक, सांस्कारिक, वैचारिक, अधार्मिक, अमानवीय षड्यंत्र, बहुजनों के आर्थिक शोषण का हथकंडा, उनको शिक्षा और समझदारी से दूर करने का असामाजिक विधान तथा बहुजनों को एकता से दूर कर उन्हें छिन्न-भिन्न रखने का शैतानी षड्यंत्र बताते हैं। वेद, पुराण, उपनिषद, स्मृतियां, संहिताएं, गीता आदि ब्राह्मण धर्म द्वारा शास्त्र माने गए हैं, जो उनकी न्याय और नीति का आधार हैं। ये शास्त्र ही ब्राह्मणवाद का आधार हैं। बुद्धशरण हंस इन शास्त्रों को नकारते हुए कहते हैं कि “वराहमनवाद खुले रूप से अनीति शास्त्र है, दमन शास्त्र है।”[3]
आधुनिक युग में बम सबसे विध्वंसक हथियार हैं। एक बम कहीं पर फट जाए तो बहुत बड़ी तबाही ला देता है। शास्त्रों ने हजारों वर्ष से देश के बहुसंख्यक समुदाय-दलित-बहुजनों को अमानवीयता की भट्ठी में भूना है। उनकी न जाने कितनी पीढ़ियों को शारीरिक-मानसिक यातनाएं दी हैं। इसलिए शास्त्र किसी बम से कम नहीं हैं। वास्तव में देखा जाए तो शास्त्र क्लस्टर बम की तरह हैं जो केवल एक ही स्थान पर गिरकर नुकसान नहीं करता अपितु एक ही समय में अनेक स्थानों पर विध्वंस करता है। बुद्धशरण हंस हिंदू धर्म शास्त्रों को खतरनाक बम मानते हैं। उनके शब्दों में, “दुनिया में किसी भी खतरनाक से खतरनाक बम से ज्यादा खतरनाक बम है– पेशेवर वराहमनों द्वारा बनाया और आजमाया गया शास्त्र बम।”[4]
ये शास्त्र बहुजनों पर वराहमनों के शासन का आधार हैं। इन शास्त्रों के आधार पर और इनके नाम पर ही वराहमन दलित-बहुजनों को अपना मानसिक ग़ुलाम बनाकर उनका सामाजिक, आर्थिक, सब प्रकार से दमन और शोषण करते हैं। वराहमनवाद जहां वराहमनों को उच्चता और श्रेष्ठता का अहंकार देता है, वहीं बहुजनों को चीत्कार देता है। वराहमनवाद को और अधिक स्पष्ट करते हुए वह कहते हैं– “वराहमनवाद इंसान और इंसानियत के विरुद्ध घृणावाद है, इंसान और इंसानियत के विरुद्ध आतंकवाद है, इंसान और इंसानियत के विरुद्ध छलवाद है। … वराहमन समाज का अहंकारवाद और ग़ैर-वराहमनों के लिए चीत्कारवाद है।”[5]

वराहमनवाद अपना शोषण और दमन चक्र किस तरह चलाता है तथा किस रूप में यह समाज में काम करता है, इस पर भी बुद्धशरण हंस सजग दृष्टि रखते हैं। वराहमनवाद अपने आप में ही फलता-फूलता नहीं है, वह कुछ हथियार या औजारों का इस्तेमाल करता है, जिनके बल पर लूट और शोषण कर फलता-फूलता है। बुद्धशरण हंस ने ‘वराहमनवाद का जहर’ पुस्तक में वराहमनवाद के चार औजार बताये हैं– पेशेवर वराहमन, वराहमनवादी शास्त्र, वराहमनवादी परंपराएं और वराहमनवादी संस्थाएं। वहीं लघु पुस्तक ‘चार खूंटे’ में उन्होंने वराहमनवाद के ये चार खूंटे बताए हैं– 1. वराहमन पुरोहित, 2. वराहमनों के शास्त्र, 3. वराहमनों के त्यौहार, 4. वराहमनों के तीर्थ। वह कहते हैं– “तीर्थ स्थान वराहमनवाद के हाट-बाजार हैं। मंदिर वराहमनवाद की प्रयोगशाला है। पवित्र मानकर किसी नदी, सागर में स्नान करना वराहमनवाद का डिमान्स्ट्रेशन है। वराहमनवाद इन सब तत्वों से फलता-फूलता है।”[6]
दलित-बहुजन समाज जब तक वराहमनवाद के खूंटों से बंधा रहेगा वह कभी भी समानता, सम्मान और मानवीय गरिमा के साथ नहीं जी सकेगा। वराहमनवाद के जहर से बचना है तो उससे दूर रहना ही एकमात्र उपाय है और इसके लिए आवश्यक है वराहमनवाद के खूंटों को उखाड़कर फेंकना। खूंटे रहेंगे तो उनसे बंधने और बंधे रहने की संभावनाएं भी रहेंगी। इसलिए बुद्धशरण हंस दलित-बहुजन समाज से इन खूंटों को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हैं– “जितना बन सके, इन खूंटों को कबाड़ो। यह संभव नहीं हो, तो उन खूंटों के पास न जाओ, अपने संपर्क के किसी को जाने मत दो।”[7]
बुद्धशरण हंस समाज को वराहमनवाद के ख़तरों से अवगत कराते हैं तथा उनसे बचने के लिए सावधान करते हैं। आग जब लगती है तो वह व्यक्तियों का चुनाव नहीं करती, आग के लिए कोई अपना या पराया नहीं होता। उसके रास्ते में जो भी आता है वह सबको जलाती और ध्वस्त करती है। ब्राह्मणवाद एक घातक आग है, जो सैंकड़ों-हजारों वर्ष से दलित-बहुजनों को पीड़ा देती आ रही है, साथ ही समस्त समाज की अधोगति का कारण भी बनी हुई है। बुद्धशरण हंस भी ब्राह्मणवाद को केवल दलित-बहुजनों के लिए ही नहीं अपितु समस्त भारतीय समाज के लिए घातक मानते हैं। तभी वह कहते हैं– “हिंदू समाज अगर पंडे-पुरोहितों के झांसों से नहीं बचेगा, तब इस समाज का मटियामेट हो जायेगा।”[8]
बुद्धशरण हंस यह बात गहराई से महसूस करते हैं कि पिछड़े वर्ग के पिछड़ेपन का सबसे बड़ा कारण वराहमनवाद है। देश में वराहमनवाद के ध्वजवाहक अधिकांश पिछड़े वर्ग के लोग हैं। इसलिए वह पिछड़े वर्ग को वराहमनवाद से सतर्क रहने का आह्वान करते हैं। ‘पिछड़ा वर्ग के लोगों को वराहमन और वराहमनवाद दोनों से अलग रहना चाहिए’ शीर्षक लेख में वह लिखते हैं– “हिंदू धर्म पिछड़ों के लिए न अतीत में हितकर था, न आज हितकर है और न भविष्य में हितकर होगा। इसलिए पिछड़ा वर्ग के लोगों का विकास हिंदू धर्म से पृथक होने और रहने में ही है।”[9]
बुद्धशरण हंस के लेखन का अध्ययन करने से ऐसा प्रतीत होता है कि ब्राह्मणवाद को मौत के घाट उतारना उनके लेखन का सबसे बड़ा ध्येय और मिशन था। ब्राह्मणवाद का विरोध तो उनके लेखन में सर्वत्र मिलता ही है, उन्होंने ब्राह्मणवाद पर ही केंद्रित कई पुस्तकें लिखीं हैं, और सभी पुस्तकों में ब्राह्मणवाद को हमेशा के लिए ज़मीन के अंदर दफ़न करने की अथवा जलाकर राख कर देने की कोशिश है। सन् 1996 में प्रकाशित अपने पहले कहानी संग्रह ‘तीन महाप्राणी’ को उन्होंने ‘ब्राह्मणवाद की मौत का वारंट’ घोषित किया था। संभवत: ब्राह्मणवाद के प्रति उनकी ऐसी ही अथवा इससे भी तीव्र आक्रामकता उनकी पुस्तक ‘वराहमनवाद से बचो’ में व्यक्त उनके विचारों में रही होगी, जो उच्च न्यायालय, लखनऊ बेंच के जप्ती आदेश में विवादग्रस्त है।
वस्तुत: बुद्धशरण हंस लिखते नहीं बोलते हैं। अपने लेखों में वह बहुजन समाज को कभी सीख, कभी नसीहत और कभी उपदेश देते प्रतीत होते हैं। कभी प्यार से समझाते हैं, कभी गुस्से में फटकारते हैं और कभी आदेश के स्वर में बोलते हैं। अपनी किताबों और लेखों में भी वह बोलते हुए से लगते हैं। उनके लेखों के शीर्षक अपने आप में स्पष्ट संदेश और सीख देने वाले हैं। जैसे– ‘पिछड़ा वर्ग के लोगों को वराहमन और वराहमनवाद दोनों से अलग रहना चाहिए’, ‘पिछड़ा वर्ग के लोगों को अपने सम्मान का साहित्य सृजन करना चाहिए’, ‘पिछड़ा वर्ग के लोग अपनी शिक्षण संस्था और अपना बहुजन सिलेबस पर अमल करें’, ‘मंदिर की जगह पुस्तकालय वाचनालय जाना शुरू करें’, ‘पिछड़ा वर्ग के लोग वराहमन पुरोहिताई को समाप्त करें’, ‘पिछड़ा वर्ग के लोग अनुसूचित जाति/ जनजाति और मुसलमानों को अपना बनाकर जिएं’, ‘पिछड़ा वर्ग के लोग कभी दंगा नहीं करें, न करने दें’, ‘पिछड़ा वर्ग के लोग इंजन बनें, केवल डब्बा नहीं’, ‘पिछड़ा वर्ग के लोग जातिवार टोला का नाम बदलें’, ‘पिछड़ा वर्ग के लोग अंग्रेजी भाषा के विद्वान बनें’, ‘पिछड़ा वर्ग के लोग बौद्ध धर्म अपना लें, भारत खुशहाल देश होगा’, ‘भाजपा की सरकार बहुजनों के बच्चों को आई.ए.एस., आई.पी.एस. बनने नहीं देगी’।
लेखों के ही नहीं, उनकी कई पुस्तकों के नाम भी इसी तरह के हैं। सन् 1996 में प्रकाशित उनके पहले कहानी संग्रह का शीर्षक है ‘तीन महाप्राणी (ब्राह्मणवाद की मौत का वारंट)’। ‘को रक्षति वेद:’ उनका दूसरा कहानी संग्रह है। जनवरी, 2003 में प्रकाशित इस कहानी संग्रह को उन्होंने ‘ब्राह्मणवाद को नेस्तनाबूद करने वाली कहानियों का संग्रह’ कहा है। ‘चार खूंटे-वराहमन पुरोहित, उनके शास्त्र, उनके त्यौहार, उनके तीर्थ, इन्हें उखाड़ फेंको’ और ‘मृतक भोज करना मृतक का अपमान है– मृतक का श्राद्ध करने की जगह पुष्पांजलि सभा हो मगर उपवास के साथ’ आदि। इन पुस्तकों के नाम पढ़ते ही पुस्तक का सार समझ में आ जाता है। ये पुस्तकें बहुत छोटी हैं। 16-16 पृष्ठों की। वास्तव में ये लेख हैं जिन्हें पुस्तक रूप देकर प्रकाशित किया गया है। पुस्तकों के शीर्षक देखने से ही स्पष्ट हो जाता है कि इनके लेखन का उद्देश्य समाज को वराहमनवाद के ख़तरों के प्रति सजग कर उनका प्रतिकार करने के लिए प्रेरित करना है।

पुरी (उड़ीसा) में स्थित जगन्नाथ मंदिर में पुरोहितों द्वारा धर्म के नाम पर लूट और ठगी पर केंद्रित ‘आस्था में तबाह व्यवस्था’ नामक कहानी का आरंभ वह इन शब्दों से करते हैं– “भारत देश में आस्था का ग़लत इस्तेमाल हो रहा है। बड़ी धूर्तता से वराहमनों ने आस्था को व्यवस्था में बदल दिया है … मंदिर वराहमनों का कलेक्ट्रियेट है और वराहमन हो जाता है मंदिर का कलेक्टर। धर्म के प्रति आस्था का मतलब है धर्म के नाम पर शोषण से पूर्ण व्यवस्था का समर्थन। ईश्वर के प्रति आस्था का मतलब है ईश्वर की व्यवस्था, जिसकी आड़ में धूर्त वराहमन खूब कमाते हैं और मौज-मस्ती करते हैं। आस्था कम्प्लीट ठगी है। आस्था के नाम पर लूट है और आस्था के नाम पर बहुजन हिंदुओं को मतिहीन बनाया जा रहा है। आस्था के नाम पर वराहमन बहुजनों को ठगते हैं और हिंदू लोग ठगे जा रहे हैं।”[10]
इस कहानी में आगे एक युवक को वराहमनवाद के बारे में समझाते हुए वह कहते हैं– “ईश्वर भक्ति एक तरह से अपने व्यक्तित्व की पराजय है। नास्तिकता अपने आप पर विजय है। ईश्वर को मानना मानसिक रोग और अपने विवेक का पतन है। नास्तिकता विचारों और सद्व्यवहारों की विजय है। आस्तिक होना आसान है, नास्तिक होना कठिन है। आस्तिकता गप्पबाजी है, नास्तिकता सोचा, समझा, तराशा हुआ तर्क है। जो तार्किक नहीं होगा वह नास्तिक नहीं हो सकता। आस्तिकता के लिए मूर्ख होना ही काफ़ी है।”[11]
वह केवल वराहमनवाद के दुष्प्रभाव और सुष्परिणामों के बारे में ही नहीं बताते हैं अपितु वराहमनवाद से मुक्ति का उपाय भी सुझाते हैं– “वराहमनवाद अपने स्वार्थ में तरह-तरह का पाखंड फैलाते हैं। इसे रोकने की जरूरत है। वराहमन अपनी कमाई के लिए लोगों से मंदिर बनवाते हैं। इसे रोकने की जरूरत है। वराहमन अपने मन बहलाने के लिए भारी कमाई के लिए लोगों से यज्ञ करवाते हैं। इसे रोकने की जरूरत है। गांवों में आज बौद्ध विचारधारा के लोग हो गए हैं, बुद्धिवादी विचारधारा के लोग हो गए हैं, साम्यवादी विचारधारा के लोग एक हो गए हैं। ऐसे सभी बुद्धिवादियों को मिलकर गांव, बाजार, शहर में चौक-चौराहे पर बने मंदिरों पर कब्जा करना चाहिए और इन मंदिरों को स्कूल, वाचनालय, पुस्तकालय, अस्पताल में बदलकर जनसेवा करनी चाहिए। ऐसा परिवर्तन होना समाज की सुख-सुविधा के लिए जरूरी है।”[12]
इससे पता चलता है कि बुद्धशरण हंस बुद्धवाद, बुद्धिवाद, साम्यवाद आदि के बीच तालमेल के पक्षधर हैं, जो ब्राह्मणवाद के नाश के लिए आवश्यक है। इसलिए उनके लेखन में बुद्धवाद के साथ-साथ साम्यवाद का प्रभाव भी दिखाई देता है। ‘सर्वजीत’ कहानी साम्यवाद से प्रभावित वर्गवाद की कहानी है, जिसके ये शब्द उल्लेखनीय हैं– “भारत की संपूर्ण जनता को दो वर्गों में बांट सकते हैं। एक उत्पादक (producer), दूसरा उपभोक्ता (consumer)। उत्पादक उपजाता है– अन्न-धन। उपभोक्ता उसका भरपूर उपभोग करता है … जिस देश में आर्थिक असमानता ज्यादा रहेगी, वह देश निर्धनतम रहेगा, जैसे भारत, पाकिस्तान।”[13]
आंबेडकरवाद और मार्क्सवाद के बीच एक दूरी रही है और इसका एक कारण यह रहा है कि लंबे समय तक मार्क्सवाद का नेतृत्व ब्राह्मणों के हाथों में रहा। वे वर्ग-भेद को स्वीकार करते थे तथा दलित-पिछड़ों को केवल सर्वहारा या श्रमिक के रूप में देखते थे, जबकि जाति के अस्तित्व और जातिगत-भेद की उपेक्षा करते थे। जाति का उन्मूलन अथवा जातिवाद का अंत उनके विचार का विषय नहीं था। अर्थात् वह आर्थिक समानता की बात तो करते थे किंतु सामाजिक समानता के प्रश्न पर प्राय: मौन रहते थे, जबकि निम्न वर्ण और जातियों की असली समस्या जाति-आधारित सामाजिक असमानता रही है। जातिगत असमानता और भेदभाव के कारण ही सदियों तक वे अस्पृश्यता के शिकार और समाज-बहिष्कृत रहे हैं। आंबेडकरवाद सामाजिक-आर्थिक दोनों प्रकार की समानता को आवश्यक मानता है। मार्क्सवाद का झंडा उठाने वाले अधिकांश दलित-पिछड़े और आदिवासी ही रहे हैं और उनके ही प्रश्न गौण रहे हैं, इसलिए दलित, पिछड़ों का मार्क्सवाद से मोह भंग हुआ। उसका यह परिणाम है कि एक समय देश की एक प्रभावी राजनीतिक शक्ति रहा मार्क्सवाद आज निष्प्रभावी और मृतप्राय है। मार्क्सवाद से मोह भंग हुए दलित-पिछड़ों ने तेजी से आंबेडकरवाद को अपनाया है। यद्यपि, आज मार्क्सवाद के एजेंडा में जाति का प्रश्न भी शामिल हो गया है लेकिन इसके बावजूद मार्क्सवाद और आंबेडकरवाद के बीच एक दूरी बनी हुई है और वराहमनवाद इसका फ़ायदा उठा रहा है। बुद्धशरण हंस की चेतना में शायद यह बात रही हो और इसीलिए वह दोनों में एकता को आवश्यक मानते हैं। कहानी ‘समय का सच’ के माध्यम से वह यह संदेश देते प्रतीत होते हैं कि बुद्धवाद और साम्यवाद दोनों बुद्धिवादी और तार्किक है तथा वराहमनवाद की समाप्ति हेतु दोनों के बीच समन्वय और एकता आवश्यक है।
बुद्धशरण हंस बहुजन समाज की धार्मिक-सांस्कृतिक दासता और पिछड़ेपन से सर्वाधिक चिंतित थे, क्योंकि यही उनके सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक पिछड़ेपन का मुख्य कारण रहा है। कई सौ सालों के इतिहास में अनेक समाज सुधारक हुए जिन्होंने सामाजिक कुप्रथाओं और कुरीतियों के विरुद्ध समाज को सजग किया। लेकिन वास्तव में वह सुधारवाद के नाम पर ब्राह्मणवादी उदारवाद था। उससे अधिक कुछ नहीं। इस सुधारवाद का असली उद्देश्य उदारता की आड़ में समाज के अंदर पनपने वाले असंतोष को दबाकर ब्राह्मणवाद को जीवित रखना था। यह इस आधार पर कहा जा सकता है कि उन महान समाज सुधारकों ने वर्ण और जाति-व्यवस्था पर कोई आघात नहीं किया। भारत के इतिहास में गौतम बुद्ध पहले महापुरुष हुए जिन्होंने मानवीय समानता को सर्वोच्च महत्व देकर वर्ण-व्यवस्था पर आघात किया तथा अंधविश्वास और पाखंडों की जड़ता से मुक्त कर मानव को जिज्ञासु और तार्किक बनाया। बुद्ध की सबसे बड़ी सीख यही थी ‘जानो फिर मानो’। वर्ण-जाति-व्यवस्था की अमानवीयता को जान लेने के पश्चात कोई भी मानवतावादी उसे नहीं मान सकता। बुद्ध के पश्चात सिद्ध, नाथ और निर्गुण संतों ने उनके मानववाद को आगे बढ़ाया। भक्तिकाल में निर्गुण संतों ने जाति-व्यवस्था पर प्रहार कर उसके नाश का आह्वान किया। सभी सिद्ध, नाथ और संतों की भाषा, शब्दावली और अभिव्यक्ति की शैली में भिन्नता हो सकती है, लेकिन उनकी शिक्षा का सर्वप्रमुख उद्देश्य एक ही था– ‘मानव-मानव एक समान’। मानववाद का मूल यही है। ब्राह्मणवाद सैद्धांतिक और व्याहारिक रूप से असमानता का पोषक है, जो नितांत अमानवीय है। जब तक वराहमनवाद का वायरस जीवित है वह मानववाद पर प्रहार कर उसे छिन्न-भिन्न करता रहेगा और समाज को कभी एक नहीं होने देगा। जातिगत असमानता के रहते सामाजिक और राष्ट्रीय एकता केवल एक छद्म रहेगी। ब्राह्मणवादी धर्म और संस्कृति की एकता वास्तव में जातियों की एकता है। अथवा उच्च वर्ण और जातियों के नेतृत्व में सभी वर्ण और जातियों का एकत्रीकरण है। एकत्रीकरण एकता नहीं होता। एकत्रित लोग एक समूह होते हैं, जबकि एकता एक भावना है। एकत्रित समूह में एकता की भावना का होना आवश्यक नहीं है। जातियों में विभाजित समाज एकता का दिखावा कर सकता है, अंदर से कभी एक नहीं हो सकता। बुद्धशरण हंस इस बात को समझते थे, इसलिए वह वराहमनवाद को बहुजनों का सबसे बड़ा दुश्मन मानते थे। क्योंकि वही उनकी समानता, स्वतंत्रता और सम्मान का विरोधी तथा उनके स्वाभिमान और मानवीय गरिमा के मार्ग का सबसे बड़ा अवरोधक है। वराहमनवाद से मुक्ति के लिए सामाजिक-राजनीतिक परिवर्तन आवश्यक है।
बुद्धशरण हंस के लेखन की अपनी भाषा और शैली है। उनको न साहित्य की भाषा और शिल्प की परवाह है और न ही वह विधा की मर्यादा में बंधे हैं। उनको जो कहना है, किसी भी विधा में बिना किसी लाग-लपेट के, सीधे-सीधे और साहस से कहते हैं। इस मायने में वह कबीर के आधुनिक संस्करण दिखाई देते हैं। उनके लेखन की ताक़त भी यही है। वस्तुतः बुद्धशरण हंस के लिए लेखन केवल अस्मिता का संघर्ष नहीं था, अपितु वराहमनवाद के विरुद्ध खुली जंग थी। और इस जंग में वह पूरी तैयारी के साथ खंभ ठोककर मैदान में उतरे थे। उनके शब्द, भाषा और विचारों में वैसा ही भाव है जैसा किसी शत्रु के प्रति होता है। उनका समग्र लेखन ब्राह्मणवाद के विरुद्ध मानवीयता का आह्वान है। अथवा यह कह सकते हैं कि ब्राह्मणवाद को समाप्त करना उनका अभियान था और लेखन उसका सशक्त हथियार था। अपने कहानी संग्रह ‘तीन महाप्राणी’ की भूमिका में लिखित उनके ये शब्द इसकी पुष्टि करते हैं– “प्रस्तुत कहानियां ब्राह्मणवाद के विरुद्ध साहित्यिक संग्राम हैं।”[14]
‘तीन महाप्राणी’ कहानी संग्रह के मुखपृष्ठ पर तीन प्राणियों अर्थात् सूअर (वराह), कुत्ता और गदहा के चित्र हैं, जिसमें एक हाथ में गदा (अस्त्र) लिए हुए तनकर खड़ा सूअर, दूसरे हाथ की अंगुली से अन्य दोनों को कुछ समझाता या निर्देश दे रहा है, और दोनों उसके समक्ष श्रद्धा और विनीत भाव से हाथ जोड़े खड़े उसके अनुदेशों को ध्यान से सुन रहे हैं। कहानी में सूअर (विष्णु का अवतार) को ब्राह्मण, कुत्ता को क्षत्रिय और गदहा को वैश्य के रूप में चित्रित किया गया है। कहानी बताती है कि ब्राह्मण के नेतृत्व में ये तीनों महाप्राणी मिलकर पचासी प्रतिशत शूद्रों पर शासन करते हैं। क्षत्रियों और वैश्यों के सहयोग से ब्राह्मण शूद्रों को लूटता और उनके ऊपर शासन करता है। ब्राह्मणों के सभी धार्मिक पर्व, त्यौहार, कथा-किंवदंतियां आदि बहुजनों पर उनके शासन के साधन हैं। “शूद्रों पर धूर्ततापूर्वक राज ही सनातन की विजय है।”[15]
क्षत्रिय और वैश्य ही ब्राह्मणवाद के हथियार नहीं हैं, शूद्र स्वयं ब्राह्मणवाद के मानसिक दास और उनके हाथों की कठपुतली बने हुए हैं। शिक्षा के प्रसार से थोड़े से दलित-बहुजनों को सरकारी नौकरियां मिली हैं जिससे उनके जीवन-स्तर और रहन-सहन में सुधार हुआ है। लेकिन उनमें अधिकांश अभी भी ब्राह्मणवाद की जकड़न में फंसे हुए हैं। ब्राह्मणवाद के पोषक तत्व जातिगत असमानता के प्रति सजग होते हुए भी वे धर्म के नाम पर अंधविश्वास और अंधभक्ति के शिकार हैं। बुद्ध, फुले, आंबेडकर आदि के समतावादी और लोकतांत्रिक विचारों का प्रसार छोटे से वर्ग तक ही सीमित है। ‘को रक्षति वेद:’ कहानी में ब्राह्मणों के एक समूह में दलितों के बारे में अपने विचार व्यक्त करते हुए सनातनी कथावाचक बटोरन पांडे के ये शब्द ब्राह्मणवादी मानसिकता को उजागर करते हैं– “इन बेहूदों के पास है ही क्या? दो-चार प्रतिशत लोग पढ़े-लिखे हैं। ज़मीन जायदाद के पहले भी कंगाल थे, आज भी हैं। जो लोग नौकरी पेशा में हैं, उन्हें शराबी बना दीजिए, किसी बदसूरत औरत को उसके पीछे लटका दीजिए, और कथा-पूजन के नाम पर इन्हें मनमाना लूटते रहिए। ये अछूत मार्क्स को पढ़ें या आंबेडकर को, ये अक़्ल के अंधे, अंधे ही रहेंगे। इसके बावजूद यदि कोई अछूत गर्दन ताने, सिर ऊंचा करे, तब किसी कोइरी, कुरमी, अहीर, कहार, बनवार से इन्हें लड़ा दीजिए, पिटवा दीजिए या फिनिश …’[16]
बुद्धशरण हंस की कहानियां न केवल ब्राह्मणवाद की कुटिलताओं से आगाह करती हैं अपितु ब्राह्मणवाद के ज़हर से मुक्त होने का उपाय भी बताती हैं। ‘मृतक भोज करना मृतक का अपमान है’, ‘आस्था से तबाह व्यवस्था’, ‘वराहमन से बच्चों का विवाह कराना अपमानजनक है’, ‘मिशनरी हूं’, ‘जाति नहीं जाती’ आदि कहानियों के नाम ही यह संकेत देते हैं कि ये कहानियां ब्राह्मणवाद की विरोधी तथा समाज से उसकी जड़ों को उखाड़ फेंकने की चेतना के प्रसार के लिए प्रतिबद्ध हैं। ब्राह्मणवाद के नाश के लिए वह बहुजन-मुसलमान एकता को महत्वपूर्ण मानते हैं। इसका एक कारण यह भी है कि ब्राह्मणवाद शूद्र और मुसलमान दोनों को एक मानता है तथा उनके बीच वैमनस्यता और अलगाव पैदा करने की पुरजोर कोशिश करता है। यह इस बात की ओर भी संकेत करता है कि ब्राह्मणवाद के लिए जातिवाद और सांप्रदायिकता दोनों एक ही हैं। ‘तीन महाप्राणी’ कहानी इस अवधारणा को पुष्ट करती है जिसमें कुत्ता और गदहा में शूद्रों और मुसलमानों के प्रति घृणा का बीजारोपण करते हुए सूअर कहता है– “आज जो भारत में मुसलमान हैं, वे कल के हिंदू शूद्र हैं। ब्राह्मणों की ग़ुलामी से भागकर शूद्र मुसलमान हुए हैं। इस रहस्य को न शूद्रों को बताना है, न मुसलमानों को। हमें शूद्रों के मन में मुसलमानों के विरुद्ध तथा मुसलमानों के मन में शूद्रों के विरुद्ध घृणा-द्वेष, नफ़रत पैदा करते रहना है। शूद्र और मुसलमान एक-दूसरे को मारें-काटें, ऐसा उपाय करते रहना है। शूद्र और मुसलमान दोनों ब्राह्मणवाद की जड़ें खोद रहे हैं। दोनों छुआछूत को नहीं मानते हैं। छुआछूत ही तो वह दीपक है, जिससे ब्राह्मणवाद प्रकाशित है।”[17] ऐसे वे स्पष्ट करते हैं कि ब्राह्मणवादियों के लिए मुसलमान और शूद्र दोनों शत्रु हैं।
बुद्धशरण हंस अपनी कई रचनाओं में इस रहस्य को उजागर करते हैं कि वैसे तो ब्राह्मणवादी लोग इस्लाम में शूद्र-अंत्यजों के धर्मांतरण का पुरजोर विरोध करते हैं तथा धर्मांतरण कर चुके शूद्र-अंत्यजों की घर वापसी के नाम पर उनको पुन: हिंदू बनाने का अभियान चलाया जाता है, किंतु शूद्र और मुसलमानों में एक-दूसरे के प्रति नफ़रत पैदा कर उन्हें लड़ाने के उद्देश्य से बहुत से ब्राह्मणवादी स्वयं मुसलमान बन जाते हैं। ‘तीन महाप्राणी’ कहानी में सूअर स्वयं को ब्राह्मण, कुत्ता और गदहा के रूप में क्षत्रिय और वैश्य को अपनी कूटनीति के बारे में बताता है– “हम मुसलमानों के बीच रहकर उनमें शूद्रों के विरुद्ध नफ़रत पैदा करेंगे। मुसलमान शूद्र से लड़ेंगे, शूद्र मुसलमान से लड़ेंगे। ब्राह्मणवाद के दोनों दुश्मन शूद्र और मुसलमान आपस में लड़-लड़कर मरेंगे … हम ऐसी चाल चलेंगे कि अंसारी, बुखारी, अख़्तर, आजाद, मदानी, भदानी मुसलमानों के नेता न होकर अलग-अलग गुट और संप्रदाय के नेता बनकर रह जाएंगे। तब ब्राह्मणवाद का काम यही नेता करेंगे।”[18]
राजनीति के बार में बुद्धशरण हंस की स्पष्ट धारणा है कि बिना मिशनरी उद्देश्य के बहुजन राजनीति नहीं हो सकती। उसका कोई अर्थ नहीं है। वह यह मानते हैं कि ब्राह्मण जहां भी जाएगा तोड़-फोड़ और विघटन करेगा। बहुजनों के बीच घुसपैंठ ब्राह्मणवाद का एक एजेंडा है। राजनीति भी उसका एक साधन है। उनकी ‘हलबंदी’ कहानी इसका सशक्त उदाहरण है। रविदास नगर के लोगों के बारे में चर्चा करते हुए एक किसान यह बताता है कि “रविदास नगर के सब मजदूर आंबेडकर के भक्त बन गए हैं” तो दूसरा किसान कहता है– “रविदास नगर की ही बात क्यों करते हैं। रहमतपुर के कई यादवों, कहारों, बढ़ई और कुर्मियों के घर डॉ. आंबेडकर के चित्र लगे हैं। और तो और बिगन मिसिर ने अपने दालान में डॉ. आंबेडकर की तस्वीर लगा रखी है और जय भीम का बैनर टांग रखा है।”[19] इस पर भिखारी पांडे उसके पीछे का निहितार्थ बताते हुए ब्राह्मण कूटनीति का रहस्य उजागर करता है– “अरे वह तो ऊपरी दिखावा है। वह रविदास नगर के मजदूरों के बीच घुसना चाहता है। उसे बीएसपी का टिकट प्राप्त करने के लिए हम लोगों ने ही यह ड्रामा करने की सलाह दी है। हमें उनके पास रहकर ही उन सबका विनाश करना चाहिए।”[20] इस कहानी के माध्यम से बुद्धशरण हंस बहुजन राजनीति को ब्राह्मणवाद से मुक्त और ब्राह्मणों से सतर्क रहने की आवश्यकता पर भी बल देते हैं।
बुद्धशरण हंस को ब्राह्मणवाद के चरित्र की गहरी परख है। ब्राह्मणवाद किन-किन रूपों में किस-किस तरह से दलित-बहुजन समाज को मूर्ख बनाकर उनका शोषण करता है, उसकी कुटिलताओं को अच्छी तरह पहचानते हैं। ब्राह्मणवाद ब्राह्मणों के झूठ, कपट, छल-छद्म की रीति-नीति और कुटिलताओं की उपज है, जो बहुजनों के प्रति घृणा के ज़हर से भरी हैं। इसीलिए बुद्धशरण हंस के मन में ब्राह्मणवाद के प्रति गहरी नफ़रत है। वह बहुजन समाज को ब्राह्मणों पर विश्वास नहीं करने और उनकी कुटिलताओं से निरंतर सावधान रहने की शिक्षा देते हैं। ब्राह्मणवाद समाज-भंजक और सत्यानाशी विचारधारा है, जो झूठी और मन-गढ़ंत कथाओं के खंभों पर खड़ी है। बुद्धशरण हंस को जब, जहां भी अवसर मिला है, ब्राह्मणवाद पर हमला करने से तनिक भी नहीं चूके हैं। उनकी अधिकांश कहानियां प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से ब्राह्मणवाद की आलोचना कर उस पर प्रहार करती हैं। ‘आधार’ कहानी के अंत में वह बहुजन समाज को ब्राह्मणवाद से सावधान करते हुए कहते हैं– “सतनारायण कथा बिल्कुल झूठ कथा है, वाहियात कथा है। यह घटिया वराहमनों का रोजगार है। उसे न कभी अपने घर में कहवाना चाहिए न किसी के घर सुनना चाहिए। जो वराहमन सतनारायण कथा कहता फिरता है उस पर थाने में, कोर्ट में मामला दर्ज होना चाहिए।”[21]
आंबेडकरवाद का प्रचार-प्रसार बुद्धशरण हंस के जीवन का ध्येय और मिशन था। ‘मिशन’ शब्द उनकी चेतना में गहराई तक उतरा हुआ था, उसी का प्रभाव था कि उन्होंने अपनी पत्रिका का नाम ‘आंबेडकर मिशन पत्रिका’ रखा और आंबेडकरवादी पुस्तकों का प्रकाशन किया तो उसका नाम भी ‘आंबेडकर मिशन प्रकाशन’ रखा। आंबेडकरवाद के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को एक जुनून कहा जा सकता है। डॉ. आंबेडकर के विचारों के सम्मान को उन्होंने सर्वोच्च प्राथमिकता दी और इसके साथ कभी कोई समझौता नहीं किया। उनकी इस चेतना की एक झलक उनकी ‘मैं मिशनरी हूं’ कहानी में देखी जा सकती है, जिसमें उनके द्वारा चलाए जाने वाले आंबेडकर मिशन का एक कार्यकर्त्ता दलित समाज के एक अधिकारी के पास जाकर यह कहते हुए मिशन द्वारा प्रकाशित पुस्तकों का एक सेट खरीदने का आग्रह करता है कि “इन्हीं पुस्तकों को बेचकर अपना अध्ययन क़ायम किए हुए हूं। आप कुछ किताब ले लेंगे, मुझे सहारा मिल जाएगा।”[22] लेकिन अधिकारी द्वारा किताब ख़रीदने के प्रति अनिच्छा और उपेक्षा प्रकट किए जाने पर युवक किताबें समेटकर वहां से जाने लगता है। जाते हुए वह बुद्धशरण हंस के निर्देशानुसार ‘जाति का विनाश’ पुस्तक की एक प्रति मुफ्त में भेंट करता है तो अधिकारी उससे चाय पीकर जाने का आग्रह करता है। युवक उसके आग्रह को यह कहकर ठुकरा देता है– “मैं आपके यहां चाय नहीं पी सकता। मैं मिशनरी हूं। जहां बाबासाहब के विचारों का सम्मान नहीं, वह जगह मेरे लिए सम्मान की जगह नहीं।”[23]
बुद्धशरण हंस बहुजन चिंतक और लेखक थे। बहुजन समाज की एकता और प्रगति उनके लेखन का मुख्य एजेंडा था। उनके अनेक लेख और कहानियों में कबीर और रैदास से लेकर जोतीराव फुले, शाहूजी महाराज, बाबासाहब आंबेडकर, रामासामी नायकर पेरियार, जगदेव प्रसाद, चौधरी महाराज सिंह भारती, बी.पी. मंडल, ललई सिंह यादव, कांशीराम, लालू प्रसाद यादव, रामविलास पासवान आदि बहुजन नायकों के उल्लेख के साथ उनके कार्यों और विचारों के अनुकरण पर बल दिया गया है, क्योंकि इन सभी महापुरुषों ने समाज को असमानतामूलक वर्ण-जाति-व्यवस्था, अवैज्ञानिक विचार तथा धार्मिक अंधभक्ति और अंधविश्वासों आदि से मुक्त कर समतामूलक, वैज्ञानिक और लोकतांत्रिक प्रगतिशील बनाने का आह्वान किया है। बौद्ध धर्म, संत मत, अर्जक संघ, जाति-पाति तोड़क मंडल आदि की सार्थक भूमिका को भी वह अपने लेखन में अनेक स्थानों पर रेखांकित करते हैं। इस संदर्भ में ‘जय अर्जक’ तथा ‘22 प्रतिज्ञा पर सेमिनार’ कहानियां विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।
‘अर्जक संघ’ उत्तर प्रदेश व बिहार में रामस्वरूप वर्मा द्वारा चलाया गया ब्राह्मणवाद विरोधी एक सशक्त आंदोलन था, जो जातियों की दीवारों को तोड़ने तथा ब्राह्मण पुरोहितों द्वारा पूजा और विवाह आदि नहीं कराने पर बल देता था। यह ब्राह्मणों की श्रेष्ठता को एक चुनौती और उनका बहिष्कार था। बहुजन समाज के एक बड़े वर्ग को इस आंदोलन ने अपनी विचारधारा से प्रभावित किया। जाति-व्यवस्था के कारण सदियों से असमानता की चक्की में पिसते आए बहुजनों को ‘अर्जक संघ’ के रूप में मुक्ति की एक राह दिखाई दी थी। बुद्धशरण हंस ‘अर्जक’ आंदोलन से भली-भांति परिचित थे। ‘जय अर्जक’ कहानी में अर्जक विचारधारा को मानने वाले बहुजन जाति की दीवारों को तोड़ते हैं तथा बिना ब्राह्मण-पुरोहित के, स्वयं ही विवाह कराते हैं। ‘अर्जक संघ’ की इस प्रेरणा का आधार संभवत: जोतीराव फुले द्वारा स्थापित ‘सत्यशोधक समाज’ रहा है। सत्यशोधकों ने भी ब्राह्मण पुरोहितों का बहिष्कार कर स्वयं अपनी रीति-नीति से विवाह कराने शुरू किए थे।
‘लक्खा मंदिर’ कहानी भी इसी तरह की बहुजन चेतना की कहानी है जो मंदिर के बहिष्कार के बहाने बहुजन समाज में आ रही परिवर्तनकामी सामाजिक चेतना को प्रतिबिंबित करती है, जो शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और बताती है कि बहुजनों के जीवन की बेहतरी का रास्ता स्कूलों से होकर जाता है। बहुजनों द्वारा मंदिर में दान और चढ़ावा देना बंद किए जाने से ब्राह्मण पुजारी का धंधा चौपट हो जाता है तो वह मंदिर छोड़कर चला जाता है। बहुजन वहां स्कूल खोलते हैं। कहानी यह संदेश देती है कि मंदिर की जरूरत ब्राह्मणों को है, बहुजनों को मंदिरों की नहीं, स्कूलों की जरूरत है।
बुद्धशरण हंस चिंतक थे किंतु अकादमिक नहीं थे। लेखक थे किंतु साहित्यिक नहीं थे। अकादमिक और साहित्य की परिधि से बाहर, वह जनता के लेखक थे। उनमें अकादमिक जगत से प्रशंसा की कोई चाह नहीं देखी गई। विश्वविद्यालयों के सेमिनारों की अपेक्षा वह समाज के बीच जाकर अपनी बात कहने को अधिक महत्व देते थे। उन्होंने बौद्धिकता को ओढ़ा नहीं और न बौद्धिकता के बोझ से कभी दबे ही, अपितु उन्होंने अपनी बौद्धिकता को फैलाया। ताकि अधिक से अधिक लोगों तक उनके क्रांतिकारी विचार पहुंचे और समाज ब्राह्मणवाद के बंधन से मुक्त हो। उनके लिए लेखन की सार्थकता यही थी। जहां तक कहानी लेखन का संबंध है उनकी अधिकांश कहानियां उनके आत्म-कथन अथवा जीवन-अनुभवों की अभिव्यक्ति हैं। अपने कहानी संग्रह ‘को रक्षति वेद:’ की भूमिका में उन्होंने इस बात का उल्लेख भी किया है। यथा— “मेरी सभी कहानियों में मेरे जीवन के अनुभव हैं।”[24]
बुद्धशरण हंस की अनेक रचनाओं में शूद्र-अंत्यज और मुसलमानों के बीच परस्पर प्रेम, सम्मान और सद्भाव की अभिव्यक्ति हुई है। उनकी कई कहानियां इस दृष्टि से उल्लेखनीय हैं। ‘फ़रिश्ते’ कहानी में चित्रित रहीमपुर गांव दलित-बहुजन और मुसलमानों के प्रेम, सौहार्द्र की एक मिसाल है। “अंधकार, अशिक्षा, ग़रीबी में डूबा हुआ है यह गांव। किंतु यहां का भाईचारा बेमिसाल है। यहां का कोई मामला कोर्ट कचहरी नहीं गया है… इस गांव में फूट पैदा कर लड़ाने वाला कोई ब्राह्मण, सवर्ण नहीं है। न यहां मंदिर है, न कभी सत्यनारायण कथा किसी के घर में होती है।”[25]
उनके लिए आदर्श गांव वही है जहां सभी धर्मों, संप्रदायों और विचारों को मानने वाले एक-दूसरे का सम्मान करते हुए परस्पर समानता, प्रेम और सह-अस्तित्व की भावना से रहते हों। जहां किसी समुदाय के लोग दूसरे समुदाय के लोगों के प्रति घृणा और द्वेष नहीं रखते हों। ‘ज़हर पोथी’ कहानी में वर्णित रसूलपुर गांव भी ऐसा ही गांव है जिसमें मुसलमान और दलितों के बीच परस्पर प्रेम और सौहार्द्र की अभिव्यक्ति मिलती है। “आधा गांव मुसलमान आधा ग़ैर सवर्ण। राजनीतिक स्तर पर यह गांव शांत, धार्मिक स्तर पर स्वतंत्र है। मुहर्रम के अवसर पर बहुजन ताजिया ढोते हैं, तेजा तलवार भांजते हैं ‘या हसन या हुसैन’ भी करते हैं। कथा-पूजा में मुसलमान लोग भी आते हैं, प्रसाद खाते हैं। इस दृष्टि से रसूलपुर आदर्श गांव है।”[26]
मनुस्मृति के अनुसार शूद्रों के नाम निंदित शब्दों से युक्त होने चाहिए। ब्राह्मणवाद के लिए मनुस्मृति सामाजिक विधान है। मनुस्मृति का पालन करते हुए ब्राह्मण पुरोहित दलित-बहुजनों के नाम घृणित और अपमानजनक रखते आए हैं। नामकरण इस बात के सूचक हैं कि दलित-बहुजनों के बारे में ब्राह्मण कैसा भाव अपने मन में रखते हैं। ब्राह्मणवाद की इस मानसिकता की प्रतिक्रिया में बुद्धशरण हंस ने अपनी कहानियों में ब्राह्मण पात्रों के निंदित नाम रखें हैं और यथासंभव उनको निंदित कार्य करते हुए दिखाया गया है, जैसे– दुर्जन उपाध्याय, दुखी मिसिर, भिखारी (भीख मांगकर खाने वाला) त्रिवेदी, बटोरन (बटोरने/लूटने वाला) पांडे, सूकर झा, लुच्चा मिसिर आदि। बूटन मिसिर अंडा बेचता है, लुच्चा मिसिर शराब बेचता है, रीझन उपाध्याय चोरी के केस में चार साल से जेल की हवा खा रहा है। पात्रों के नाम और काम यह बताते हैं कि जाति के कारण स्वयं को दूसरों से श्रेष्ठ समझने वाले तथा दूसरों को धर्म और नैतिकता का पाठ पढ़ाने वाले ब्राह्मण स्वयं कितने अधर्मी, अनैतिक और निम्न हैं।
ब्राह्मणवाद ने सदैव अपने नायकों की गौरव गाथाएं लिखकर उनको ही संपूर्ण समाज का नायक और महानायक तथा बहुजन समाज के महानायकों को गौण सिद्ध किया है अथवा उनकी उपेक्षा की है। उसी का यह परिणाम रहा कि सदियों से शिक्षा से वंचित रहे बहुजन भी ब्राह्मणवादी नायकों को ही अपना नायक मानते रहे, जो प्राय: ब्राह्मण-हितों के साधक तथा बहुजन-हितों के बाधक रहे हैं। शिक्षा से आई चेतना के परिणामस्वरूप बहुजनों में इतिहास-बोध पैदा हुआ है। बहुजन बुद्धिजीवियों में अपने नायकों को पहचानने तथा उनको स्थापित करने की चेतना का तेज़ी से विकास हुआ है। इतिहास के गर्भ से अपने नायकों को खोजकर बाहर लाया जा रहा है और उन पर प्रचुर मात्रा में लिखा जा रहा है। बुद्धशरण हंस द्वारा लिखित ऐतिहासिक शोधपरक पुस्तक ‘महानायक राहु’ इस दिशा में एक सार्थक प्रयास है। इसके अलावा भी उन्होंने ‘राष्ट्रमाता सावित्री जीवन और मिशन’, ‘माता फातिमा सामाजिक क्रांति की जननी’, ‘माता सावित्री-माता फातिमा संवाद’ और ‘बहादुर बेटी फूलन’ आदि पुस्तकें लिखी हैं, जो बहुजन समाज को प्रेरणा देने वाली हैं।
संदर्भ :
[1] हंस, बुद्धशरण, वराहमनवाद का जहर, पृष्ठ 5
[2] वही
[3] वही, पृष्ठ 6
[4] वही, पृष्ठ 9
[5] वही, पृष्ठ 7
[6] वही, पृष्ठ 6
[7] चार खूंटे, पृष्ठ 16
[8] वही, पृष्ठ 12
[9] हंस, बुद्धशरण, पिछड़े वर्ग के लोगों की दशा और दिशा, पृष्ठ 11
[10] हंस, बुद्धशरण, समय का सच, पृष्ठ 75
[11] वही, पृष्ठ 77
[12] वही, पृष्ठ 79-80
[13] हंस, बुद्धशरण, को रक्षति वेद:, पृष्ठ 36
[14] हंस, बुद्धशरण, तीन महाप्राणी, पृष्ठ 3
[15] वही, पृष्ठ 109
[16] को रक्षति वेद:, उपरोक्त, पृष्ठ 143
[17] तीन महाप्राणी, उपरोक्त, पृष्ठ 114-115
[18] वही, पृष्ठ 116
[19] को रक्षति वेद:, उपरोक्त, पृष्ठ 57
[20] वही, पृष्ठ 58
[21] हंस, बुद्धशरण, समय का सच, पृष्ठ 16
[22] को रक्षति वेद:, उपरोक्त, पृष्ठ 110
[23] वही, पृष्ठ 111
[24] वही, पृष्ठ 5
[25] वही, पृष्ठ 8
[26] वही, पृष्ठ 130
(संपादन : नवल/अनिल)
फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्त बहुजन मुद्दों की पुस्तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्य, संस्कृति व सामाजिक-राजनीति की व्यापक समस्याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in
