झारखंड के पर्वत दुर्ग पर
लेकर नई जवानी
वीर बिरसा ने ललकारा
‘आजादी कुर्बानी’[1]
‘धरती आबा’ बिरसा मुंडा (15 नवंबर, 1875 – 9 जून, 1900) का प्रसिद्ध उलगुलान भारतीय इतिहास में स्वाधीनता संग्राम का आंदोलन था। सन् 1908 में छोटा नागपुर काश्तकारी कानून (सी.एन.टी. एक्ट) छोटानागपुर में लागू किया गया। बिरसा के उलगुलान के बाद रांची में खूंटी, गुमला, सिमडेगा तीन अनुमंडल बनाए गए थे। उलगुलान के बाद औपनिवेशिक सत्ता को प्रशासनिक परिवर्तन करने पड़े थे। उनके आंदोलन के दमन के बाद बीसवीं सदी के दूसरे दशक से ही झारखंड इलाके में झारखंड आंदोलन प्रारंभ हुआ, जिसकी अंतिम परिणति दिनांक 15 नवंबर, 2000 को झारखंड राज्य का गठन है।
बिरसा मुंडा को गीतों में ‘धरती आबा’ कहा गया है। उनका औपनिवेशिक सत्ता के खिलाफ स्वायत्तता के लिए लड़ाई, जमीनदारों व साहुकारों के खिलाफ आंदोलन इतना विराट है कि उन्हें निर्विवाद रूप से भारत के आदिवासी जननायक के रूप में स्वीकार किया जाता है। बहुत कम उम्र में उन्होंने भगत सिंह से पहले अपने ‘सोना लेकन दिसुम’ (सोना जैसे देश) में जोरदार आंदोलन किया, जिसकी अनुगूंज पूरे भारत में सुनाई देती है। उन्हें पूरे भारत के आदिवासी नेता, आदिवासी आईकॉन के रूप में जाना जाता है।
उलगुलान के नायक बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, उलगुलान पर गीत, उपन्यास, कविता और कहानियों की रचना की गई है। उनकी तस्वीर वाली गंजी सबसे पहले 1939 में आदिवासी महासभा के सम्मेलन में दी गई थी, जो रांची के ईंदपीड़ि में आयोजित हुआ था। मरङ गोमके जयपाल सिंह मुंडा के आग्रह पर आईएएस अधिकारी कुमार सुरेश सिंह ने बिरसा मुंडा के जीवन और उलगुलान के बारे में रुचि ली। जब कुमार सुरेश सिंह 1960 से 1962 तक खूंटी में अनुमंडल अधिकारी थे, तब उन्होंने बिरसा मुंडा के अनुयायियों के द्वारा यह गीत सुना था, जिसके कारण उन्हें बिरसा मुंडा पर शोध करने की प्रेरणा मिली थी। गीत का भावार्थ इस प्रकार है–
भाइयों, बहनों और बच्चों,
भागो एक आंधी आ रही है,
हमारी पृथ्वी आंधी से ढंक गई,
हमारे आकाश में कुहासा छा गया,
हमारा देश बहता जा रहा है
अब हमें रास्ता नहीं दिखाई पड़ेगा,
हमारा देश अंधकारमय हो गया![2]
उन्होंने अपने शोध ग्रंथ ‘बिरसा मुंडा एंड हिज मूवमेंट इन छोटानागपुर: 1874-1901’ शीर्षक से प्रकाशित करवाया। तब लोगों को बिरसा मुंडा के बारे में जानने का अधिक अवसर मिला। महाश्वेता देवी ने 1977 में ‘अरण्येर अधिकार’ (जंगल के दावेदार) उपन्यास लिखा है, जो बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित है। इसके लिए उन्होंने कुमार सुरेश सिंह की किताब भी पढ़ी। सन् 1982 में राउरकेला में बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगायी गई। भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति ने 1998 को संसद भवन के अहाते में बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें विदेशी सत्ता तथा दासता के आगे कभी न झुकने वाले योद्धा के रूप में स्वीकार किया। फिर 15 नवंबर, 2023 को भारत सरकार ने धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। बिरसा मुंडा इस प्रकार पूरे भारत में आदिवासी जननायक के रूप में स्वीकृत हो गए हैं और उनके ऊपर साहित्य की कई विधाओं में लिखा जा रहा है।
कुमार सुरेश सिंह ने बिरसा मुंडा के पूर्वजों के उलिहातु (जहां उनका जन्म 15 नवंबर, 1875 को हुआ) पहुंचने का उल्लेख करते हुए लिखा है– “बिरसा के पूर्वज पूर्ती वंश के थे। वे सदियों पहले अपने लिए एक वासस्थान की खोज में डोमदागाड़ा नदी के समीप पहुंचे। संभवतः यही नदी आधुनिक रांची के उपनगर चुटिया के निकट बहती है। उन लोगों ने नदी की धार में बहता हुआ एक लकड़ी का कुंदा (टुकड़ा) देखा। वे उसे पकड़ने के लिए नदी में कूद गए, उसे पकड़ा और उसके साथ तैरते हुए नदी के उस पार पहुंचे। वहां उन्होंने उसे ठीक से देखा तो पाया कि उसके भीतर एक छेद में एक चुटु (चूहा) था। उसे उन्होंने एक शुभ लक्षण समझा और इसे ही अपनी सुरक्षा और सौभाग्य का कारण माना। फिर वे उस जगह ही रूके और बस गए। वह स्थान चुटिया कहलाया और इसी के अनुसार बिरसा के पूर्वज पूर्ती वंश की जिस शाखा के थे, उसका नाम चुटिया पूर्ती पड़ा। उन लोगों को अपने इस नए स्वदेश तक लाने में दो भाइयों का मुख्य रूप से हाथ था, चुटू हरम और नागू। इस उपाख्यान के इर्द-गिर्द एक उपवंश फला-फूला और बड़ा हुआ, जिसके साथ-ही-साथ किंवदंतियां और इतिहास भी बनता गया। बाद में चुटू शब्द बदलकर चुटिया हो गया। फिर और समय बीतने पर चुटिया छोटा में और नागू नाग में बदल गया। इस तरह मुंडाओं के अनुसार छोटा नागपुर का नाम इन दोनों भाइयों के नाम पर पड़ा।”[3]
कुमार सुरेश सिंह के अनुसार अनेक वर्ष बीतने के बाद बढ़ती जनसंख्या के कारण नए क्षेत्र की खोज में वे फिर निकल पड़े। वे खूंटी में मरंगहादा के पास तिलमा पहुंचे और वहीं बस गए। फिर मंझिया मुंडा के नेतृत्व में आगे बढ़े और तमाड़ में माझीडीह गांव बसाया। माझीडीह से वे रंका और लाका के नेतृत्व में उलिहातू की ओर बढ़े। उलिहातू विकसित होकर एक बड़े गांव में तब्दील हुआ। यहीं सुगना मुंडा के परिवार में बिरसा मुंडा का जन्म हुआ। यह गांव अब अड़की प्रखंड का हिस्सा है।
बिरसा मुंडा की प्रारंभिक शिक्षा बुुड़जू स्थित जर्मन मिशन स्कूल में हुई थी, जहां उन्होंने निम्न प्राथमिक शिक्षा ग्रहण की। उसके बाद आगे पढ़ने के लिए वे मिशन स्कूल चाईबासा चले गए। चार वर्षों तक यानि 1886 से 1890 तक वहीं रहे। फिर सन् 1891 में वे पुनः बंदगांव वापस आए। वहां उनकी मुलाकात आनंद पांड़ (स्वांसी, बुनकर – पांडे नहीं) से हुई जो गरुड़ बेड़ा का रहने वाला था और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाता था। उनकी बातों का बहुत अधिक प्रभाव बिरसा मुंडा पर पड़ा। दरअसल यह भ्रम और झूठ फैलाया गया था कि बिरसा मुंडा का गुरु आनंद पांडेय था। तब तक खूंटी के घने जंगलों वाले इलाके में ब्राह्मणों का प्रवेश नहीं हुआ था। यह इलाका कीकट प्रदेश का हिस्सा है, जिसमें मुंडा और हो आदिवासी समुदाय अपने लड़ाकू प्रवृति के लिए जाने जाते हैं। एक कहावत है– ‘मुंडा इलाके में जो जाएगा, साबूत नहीं बचेगा’। बाद में बिरसा मुंडा के माता-पिता चलकद गांव आए तो उन्हें अपने माता-पिता के साथ रहने का मौका मिला। आगे चलकर बिरसा मुंडा गया मुंडा के संपर्क में आए, जो बाद में उनके सबसे बड़े मार्गदर्शक और सहयोगी बने। उलगुलान के दौरान बिरसा मुंडा के सबसे विश्वस्त सहयोगी गया मुंडा अपने पूरे परिवार के साथ अंग्रेजी हुकूमत के कोप का शिकार हुए और कठोर दंड के भागीदार हुए। उनकी पत्नी माकी, बेटियां नागी व थिम्बू और बहुओं ने भी इस लड़ाई में हिस्सा लिया था।
बिरसा मुंडा ने कहा कि सिंङबोंगा की पूजा गांव के सरना स्थल में ही होनी चाहिए। वे मुंडाओं की प्रकृति पूजा सरना को जीवित रखना चाहते थे। जब चेचक, हैजा आदि महामारी फैली तो उन्होंने अपने माता-पिता के साथ दूसरे लोगों की भी सेवा की। समय के साथ उनके साथियों की संख्या बढ़ने लगी। बुण्डू, तमाड़, राहे, सिल्ली, सोनाहातू, चांडिल, चौका, चक्रधरपुर, खूंटी, मुरहू, तोरपा, कर्रा, रनिया और रांची से भी लोग उनसे मिलने आने लगे।
बिरसा मुंडा पर स्कूल की प्रार्थनाओं और बाईबिल की कथाओं का निश्चित रूप से असर हुआ। लेकिन बाद में इससे उनका मोह भंग भी हुआ और उन्हें स्कूल छोड़ना पड़ा। बचपन की घटनाओं का उनके ऊपर गहरा प्रभाव पड़ा। वे आनंद पांड़ के साथ खूंटी के बंदगांव के जमींदार जगमोहन सिंह के यहां जाते थे, जहां उन्होंने आदिवासियों पर जमींदार के अत्याचार को देखा। बिरसा जमींदारों और साहूकारों के प्रति गुस्से और नफरत से भर गए। उन्होंने बिरसाईत धर्म का आरंभ किया, जिसको मानने वाले लोग अब भी है। मैंने 2017 की पहली उलिहातु यात्रा में बिरसाईतों को देखा है। उलिहातु में बिरसा मुंडा की प्रतिमा के आगे दर्ज है– ‘भगवान बिरसा मुंडा खुंटकटी दार’।

मुंडा आदिवासी साहित्य में रिसा मुंडा के बाद बिरसा मुंडा को इतनी ज्यादा लोकप्रियता प्राप्त हुई। रिसा मुंडा ही छोटानागपुर में मुंडाओं को लेकर आए। उनके वंशज सुतिया मुंडा ने सुतियाम्बे में मुंडा दिसुम (देस) की राजधानी बनाई। सुतिया मुंडा का बेटा मदरा मुंडा था। इस तरह झारखंड में मुंडाओं का गौरवशाली इतिहास रहा है। मुंडा आदिवासी खूंटकटीदार हैं। ‘सोना लेकन दिसुम’ में उनकी अपनी जमीन में स्वायत्त जीवनशैली रही है। जमीनों पर खूंटकट्टी अधिकार की बहाली और स्वायत्त जीवनशैली के लिए सरदारी आंदोलन के जरिए आगे आए। इसी परंपरा को बिरसा मुंडा ने आगे बढ़ाया। उनकी स्मृति में मुंडा दिसुम में बहुत से गीत गाए जाते हैं। मसलन–
ओ बिरसा, हमारी जमीन तिर रही है,
हमारा देस बेसहारा बहा जा रहा है।
ओ बिरसा, हमें समझदारी दो,
हम तुम्हारा कहा ध्यान से सुनेंगे।
हमारे बड़े दुश्मन, हैट पहने अंग्रेज ने
हमारी जमीन हड़प ली है।[4]
इस मुंडारी गीत से दिसुम का अभिप्राय स्पष्ट होता है। दरअसल छोटानागपुर, संथाल परगना, कोल्हान के आदिवासी जिन इलाकों में रहते हैं, वह उनका अपना इलाका है, जहां पर उनके पुरखों ने बाघ, भालू, सांप, चीता और विषैले जीव जंतुओं से जमीन छुड़ाया, गांव बसाया। इसलिए आदिवासियों के लिए इस इलाके की जमीन केवल जमीन का टुकड़ा भर नहीं है, बल्कि यही इनका दिसुम है, मातृभूमि है। इस बड़े देश में आदिवासियों का अपना इलाका, जहां हजारों साल से ये स्वायत्त जीवनशैली के आधार पर जीते आए हैं। बिना किसी के गुलाम हुए और बिना किसी प्रकार का लगान देते हुए। इसलिए जब यहां अंग्रेज आए तो वर्ष 1767 से ही औपनिवेशिक सत्ता के खिलाफ बगावत आरंभ हो गया जो 1780 के तिलका मांझी की शहादत से होते हुए 1831-32 का कोल विद्रोह, 1855-56 का हूल और 1900 का उलगुलान तक लगातार चलता रहा। बाद में टाना भगतों का भी अहिंसक आंदोलन हुआ। क्रांतिकारी कौम होने के कारण अपने इलाके में सबसे ज्यादा आंदोलनकारी रहे हैं। आदिवासी सबसे ज्यादा शहादत देने वाले रहे हैं।
सरदारी आंदोलन (आदिवासी मुखियाओं का अहिंसक भूमि आंदोलन) और बिरसा आंदोलन के मूल में जमीन संबंधी पृष्ठभूमि मौजूद थी। असल में बिरसा आंदोलनकारी जल, जंगल, जमीन के दावेदार थे, जो उन्हें पुरखों से प्राप्त हुआ था। सरदारी आंदोलन और बिरसा आंदोलन मजबूत राजनीतिक आंदोलन के रूप में बदल गया। अब सरदारों ने बिरसा से अनुमति लेकर आंदोलन की तैयारी प्रारंभ कर दी और हथियार इकट्ठा करने लगे।
दिसुम संबंधी अवधारणा को अन्य मुंडारी गीतों में भी देखा जा सकता है। मुंडा यह मजबूती से स्वीकार करते हैं कि यह उनका इलाका है, यह उनका दिसुम है, क्योंकि उनके पुरखों ने खेती लायक जमीन तैयार की, बसने लायक जगह बनाई, जहां वे हजारों सालों से रह रहे थे। इसलिए जब अंग्रेजों ने जमीन का लगान मांगा तो वे उनके खिलाफ हो गए। जमीन का पट्टा साबित करने के लिए वे ससनदिरी का पत्थर ढोकर कलकत्ता तक गए। बिरसा मुंडा ने ‘अबुआ देस अबुआ राज’ का बीज मंत्र दिया था, वह अनायास नहीं है। मुंडाओं के लिए अपने इलाके की जमीन दिसुम की जमीन है। मातृभूमि की जमीन है, जिसमें वे अपनी स्वायत्त जीवनशैली के अनुसार रहने के लिए आजाद हैं। एक मुंडारी गीत देखें, जिसका आशय है–
बिरसा ढोल पर थाप दिए जा रहे हैं
समर्थक नाचते चले जाते हैं
वे लोग डोम्बारी पहाड़ी पर
गरज-गरज कर कह रहे हैं–
यह हमारी मातृभूमि है।[5]
आदिवासी स्वशासन में सहभागी लोकतंत्र होता है। आम सहमति से निर्णय लिए जाते हैं। सबकी आवाज सुनी जाती है। बिरसा मुंडा डोम्बारी पहाड़ पर बैठक कर रहे थे और बैठक में शामिल बसिया, सिमडेगा, बालसिरिंग के लोगों की बात सुन रहे थे। जुनास कंडुलना और लॉरेंस सिलास हेम्ब्रोम ने बिरसा मंडा की सभा को कविता में अपने ढंग से अभिव्यक्त किया है–
उस रात्रि के प्रकाशमय चांदनी रात को
बैठ गया बिरसा जवान बीच पत्थर पर,
उस रात्रि को, डुम्बारी बुरू (पहाड़) में।
लड़ेंगे, देखेंगे दिकुओं को सुकन पहाड़ में
दृढ़ संकल्पी अगुआ ने गर्म जोशी से कहा!
हे साथियों! ऐसा, ऐसा कहा!
उस समय बसिया का आदमी ने कहा
कंधे से टपक रहा है पसीना जैसा खून
बेगारी ढोने की वजह से
इसके तुरंत बाद सिमडेगा के आदमी ने सुनाया
तेली लड़का मेरी जमीन को बेदखल कर रहा है।
और कहता है, तुम्हें ठोकेंगे कोल!
इसके बाद एक आदमी, खड़िया लड़के ने कहा,
जमीन का मालगुजारी, नहीं दे सकने के कारण,
तहसीलदार ने पीट-पीटकर मार डाला।[6]
कोई भी आंदोलन, मजबूत संगठन और विचारधारा के बिना चल नहीं सकता। 1890 से 1900 के बीच खूंटी, तमाड़, चक्रधरपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, बानो, लोहरदगा के इलाके में सघन जंगल थे। कई बाघ, चीता, भालू, लकड़बग्घा, भेड़िया आदि हिंसक जंगली जानवर भी थे। छोटानागपुर के संबंध में उन्नीसवीं सदी की एक छोटी-सी किताब है जो गोथिक लिपि में लिखी गई थी। उसका हिंदी अनुवाद है– ‘उन्नीसवीं सदी का आंखों-देखा चुटिया नागपुर’। इसमें 1845 से 1900 के बीच के छोटानागपुर का सांस्कृतिक, सामाजिक इतिहास दर्ज है। उस दौर में यह सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि बिरसा को आदिवासियों को संगठित करने में कितनी ताकत लगानी पड़ी होगी। धरती आबा बिरसा मुंडा में संगठन की अद्भुत क्षमता थी–
तीर-कमान हम सब तैयार कर लें
देखेंगे और सामना करेंगे, उस डाइन दिकु को,
दृढ़ मन से चिल्लाकर लोगों ने समर्थन किया।
तीर-धनुष-तलवार और युद्ध का अस्त्र-शस्त्र लाकर
चौबीस दिसंबर को गांव-गांव से एकत्र होंगे,
इस डुम्बारी पहाड़ पर हम सब।[7]
बिरसा मुंडा ने अपने लोगों को अपने मन से औपनिवेशिक सत्ता, अंग्रेज पदाधिकारियों, जमींदारों, साहुकारों और ठेकेदारों के डर को निकालने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अंग्रेज सरकार उन्हें गिरफ्तार कर भी ले तो उनको कैद नहीं रख पाएगी। अगर गिरफ्तार किया गया तो उनका शरीर लकड़ी के कुंदे में बदल जायेगा। गोली-बंदूक भी असर नहीं करेगी। वह अपनी शक्ति से उसे पानी में बदल देंगे। इसके साथ ही सांगठनिक क्षमता का प्रर्दशन करने के बाद अपने पुरखों के स्थानों की यात्रा की। चुटिया और नवरतनगढ़ की यात्रा की, जो खूंटी से काफी दूर हैं और जहां तजना, कारो, सोबरनखा नदियों के साथ कई छोटी-छोटी जलधाराओं (झरिया) को पार करके ही पहुंचा जा सकता था।
रेमिस कंडुलना की एक कविता है– ‘मातृ भूमि की गोद में’। कवि ने मातृभूमि की चटाई के बिंब को चुनते हुए बिरसा मुंडा के नेतृत्व और सांगठनिक कौशल पर प्रकाश डाला है–
मातृभूमि की गोद में
बिरसा मुंडा सभा कर रहा है
देस को बता रहा है, गांव को निर्देश दे रहा है
वृक्ष के छांव तले, टोले के बीचोंबीच
मातृभूमि की चटाई में
बिरसा मुंडा सभा कर रहा है।
मातृभूमि की चटाई में
बिरसा मुंडा सभा कर रहा है
हमारा है जंगल पहाड़ कंदरा
झरना, नदी का बालू हमारा।[8]
धरती आबा की वीरता, संगठन कौशल, आंदोलन में उनके योगदान को याद किया जाता है–
सरवादा में तीर चला
डुम्बारी पहाड़ में गोली चली
मुंडा जाति तुम्हें नहीं भूलेगा
बिरसा तुम्हारी बात औषध सी बन गई।[9]
बिरसा मुंडा के आंदोलन के योद्धा सईल रकब पहाड़ी पर इकट्ठा हुए थे। उस पहाड़ी में कई गुफाएं हैं, जिसमें सिर्फ एक रास्ते से घुसा जा सकता है। उन्होंने पहाड़ों की चोटी पर खाने-पीने का सामान पकाने के लिए बर्तन, बहुत से कपड़े, कुल्हाड़ियां, तीर-धनुष और गुलेल आदि इकट्ठा कर लिया था। जब अंग्रेज पहाड़ के नीचे से उन्हें ललकार रहे थे तो बिरसा उलगुलान के योद्धा अपनी कुल्हाड़ियां भी भांज रहे थे और अंग्रेजी पुलिस को चुनौती दे रहे थे। आंदोलनकारियों ने बिरसा मुंडा को सरकार को सौंपने से इनकार कर दिया। नरसिंह मुंडा नामक एक आंदोलनकारी ने ललकार कर जोर-जोर से कहा– “अब राज हमलोगों का है। अंग्रेजों का नहीं। अगर हथियार रखने का सवाल है तो मुंडाओं को नहीं, अंग्रेजों को हथियार रख देने चाहिए। और अगर लड़ने की बात हो तो वे (मुंडा) आखिरी बूंद तक लड़ने को तैयार हैं।” यह एक गीत कुछ यूं दर्ज है–
डोम्बारी बूरू चेतन रे
ओकोय दुमङ रूतना को सुसुनतना
डोम्बारी बुरू लतर रे
चिमय बिंगुल सड़ीतना को
संगिलाकदा।
डोम्बारी बुरू चेतन रे
बिरसा दुमङ रूतना को सुसुनतना
डोम्बारी बुरू लतर रे
सयोब बिंगुल सड़ी तनाको
संगिलाकदा।
भावार्थ–
डोम्बारी पहाड़ के ऊपर
बिरसा मांदर बजा रहे हैं लोग नाच रहे हैं।
डोम्बारी पहाड़ के नीचे
साहब बिगुल बजा रहा है लोग ऊपर
ताक रहे हैं
जन्म देश के लिए ही
बिरसा मांदर बजा रहा है, लोग नाच रहे हैं
गोली चलाने के लिए ही
साहब बिगुल बजा रहे हैं, लोग ऊपर
ताक रहे हैं।[10]
डोम्बारी के युद्ध में कम-से-कम दो सौ आंदोलनकारी शहीद हुए, जिनमें पुरूष और स्त्रियां भी शामिल थीं। इस संबंध में इतिहासकार डॉ. वी.बी. वीरोत्तम ने लिखा है– “8 जनवरी को आयुक्त, उपायुक्त तथा अन्य अधिकारी सैनिकों की दो कंपनियों के साथ खूंटी पहुंचे। विद्रोह को दबाने की युद्ध स्तर पर तैयारी होने लगी। किंतु सरवदा के निकट कप्तान रोच द्वारा पराजित होने पर भी बिरसा के अनुयायी डोम्बारी के निकट सैल रकब में जमा होने लगे थे। ब्रिटिश फौज ने उनका पीछा किया। डोम्बारी पहाड़ पहुंचने पर उपायुक्त स्ट्रीटफिल्ड ने पहाड़ तक पहुंचने के सभी रास्तों की नाकाबंदी का आदेश दिया। 9 जनवरी को स्ट्रीटफिल्ड ने विद्रोहियों को समर्पण करने का आदेश दिया, किंतु उसकी बात अनसुनी कर दी गई। स्ट्रीटफिल्ड ने गोली चलाने का आदेश दिया। गोलियों की बौछार से 200 पुरुष, औरतें तथा बच्चे मारे गए।”[11]

बिरसा मुंडा को डोम्बारी के युद्ध में पकड़ा नहीं जा सका। उनको पकड़ने के लिए सरकार ने पांच सौ रुपए के इनाम की घोषणा की। कुछ लोग इसके लालच में आ गए। जब बिरसा पकड़े गए तो उस समय दो आदिवासी महिलाएं उनकी प्रहरी के रूप में मुस्तैद थीं।
कवि रामदयाल मुंडा ने बिरसा मुंडा के लिए जिन बिम्बों का प्रयोग किया है, उसकी एक बानगी देखिए–
आग की तरह जलता है
बात करे तीर से
बात करे तीर से
पानी की तरह बहता है
बतियाए फारसे से
बतियाए फारसे से
जन्मभूमि के लिए
बात करे तीर से
बात करे तीर से
धरती माटी के लिए
बतियाए फारसे से
बतियाए फारसे से।[12]
मरङ गोमके जयपाल सिंह मुंडा, बिरसा मुंडा की शहादत के बाद 1903 में खूंटी जिले के टकरा में पैदा हुए। वे पाहन परिवार से थे। उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद अपने लोगों के बीच वापस आकर आदिवासी महासभा से जुड़े और आदिवासी इलाकों की स्वायत्तता को संविधान सभा में भी मुखर होकर उठाया और अंततः झारखंड का गठन 15 नवंबर, 2000 को हुआ। आदिवासी अपने पुरखों, पुरखों की शहादत, पुरखों की ज्ञान परंपरा को नहीं भूलते है। वे भविष्य की ओर नहीं अपने अतीत की ओर देखते हैं, जहां पुरखों ने जल, जंगल, जमीन, जीवनशैली की स्वायत्तता के लिए संघर्ष किया था, आंदोलन किया था, युद्ध किया था। रेमिस कंडुलना ने खुंटकट्टी मुंडा दिसुम और बिरसा मुंडा पर कविताएं लिखी हैं, जिसमें सखुआ के पत्ते का बिंब लिया है। हूल, नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज के खिलाफ आंदोलन में भी सखुआ की शाखा, सखुआ के पत्ते जुटान के प्रतीक थे–
खुंटखटी मुंडा दिसुम
बिरसा नुतुम ओलाकान।
नितिरोःतन सरजोम सकम रे
ओते-सिरिमा दिसुम रे।
खुंटखटी होड़ो दिसुम
बिरसा नुतुम बनियाकन।
ओटंगोःतन जोजो सकम लेका,
ओते-सिरिमा दिसुम रे।
भावार्थ–
खुंटखटी मुंडा देश में
बिरसा का नाम लिखा हुआ है
प्रचार-प्रसार हो रहा है सखुआ के पत्ते में
धरा गगन और जगत में।
खुंटखटी आदमियों के देश में
बिरसा का नाम रेखांकित है।
उड़ रहा है, इमली के पत्ते के जैसा
धरा गगन और जगत में।[13]
सिङ दिसुम (सिंहभूम) के हो आदिवासी बिरसा मुंडा के उलगुलान को अपने गीतों में याद करते हैं। दरअसल नगाड़े, बांसुरी, सारंगी के संगीत के द्वारा लोगों का जुटान होता था। उलगुलान का संदेश इन वाद्य यंत्रों के द्वारा भी लोगों तक पहुंचाया जाता था। सिंहभूम में बिरसा मुंडा के उलगुलान को गीतों के द्वारा याद किया जाता है। एक गीत का भावार्थ है–
डोम्बारी की पहाड़ी पर कौन नगाड़ा बजा रहा
जो लोग नाच रहे और नाच रहे।
डोम्बारी की चोटी पर कौन मृदंग बजा रहा
जो लोग नाच रहे और नाच रहे।
डोम्बारी की पहाड़ी पर बिरसा नगाड़ा बजा रहा
और लोग नाच रहे, लोग नाच रहे।
डोम्बारी की चोटी पर बिरसा मृदंग बजा रहा
और लोग नाच रहे, लोग नाच रहे।
डोम्बारी की चोटी पर कौन सारंगी बजा रहा
जो लोग गीत गा रहे, गीत गा रहे।
डोम्बारी की चोटी पर बिरसा बांसुरी बजा रहा
और लोग गीत गा रहे, गीत गा रहे।
डोम्बारी की चोटी पर बिरसा सारंगी बजा रहा
और लोग गीत गा रहे, गीत गा रहे।[14]
बिरसा मुंडा बुद्ध की तरह करूणा की बात नहीं करते, बल्कि ‘अबुआ दिसुम अबुआ राज’ का उद्घोष करते हुए स्वायत्तता के लिए लड़ाई की बात करते हैं। इसके दूसरे रूप का उद्घोष आंध्र प्रदेश के कोमराम भीम करते हैं, जब वे कहते हैं ‘मावा नाटे मावा राज’ यानि अपने देश में हमारा राज। गढ़चिरौली के मेंढालेखा के आदिवासियों ने स्वायत्तता को ग्राम सभा की दीवारों पर दर्ज किया है।
उलगुलान के नायक बिरसा मुंडा पर वीर भारत तलवार ने ‘उलगुलानी बिरसा’ के नाम से एक छोटी-सी किताब लिखी है। बलदेव मुंडा ने ‘धरती आबा’ शीर्षक से खंडकाव्य लिखा है, जो बिरसा मुंडा के उलगुलान पर आधारित है। सन् 1987 में बिहार सरकार के राजभाषा विभाग ने जनजातियों द्वारा राजभाषा हिंदी में लेखन को प्रोत्साहन देने के लिए ‘धरती आबा’ खंड काव्य को पुरस्कृत किया था।
समकालीन हिंदी कविता में बिरसा मुंडा उलगुलान के प्रतीक के रूप में आते हैं, जो मौलिक सभ्यता दृष्टि को केंद्र में भी ला रहे हैं। कवि जवाहर लाल बाकिरा ने अपनी कविता ‘हे बिरसा’ में बिरसा मुंडा के उलगुलान को अभिव्यक्त किया है–
हे बिरसा फिर आना होगा तुम्हें
सिमटते जंगलों के बीच
डोम्बारी की पहाड़ी पर।
…
बजाओ बिरसा फिर से नगाड़े
सुंदर जंगलों की तलहटियों तक
साईल रकब की पहाड़ियों तक
छेड़ो न फिर से बांसुरी की तान
जाग उठे सोया हुआ इंसान
बजाओ बिरसा फिर से जोड़ा मांदर
ताकि निकले सामाजिक परिवर्तन का स्वर।[15]
झारखंड सहित भारत के तमाम हिस्सों में आदिवासियों द्वारा किये गये जल, जंगल, जमीन, जीवनशैली की स्वायत्तता के लिए लड़ाई के दौरान बिरसा मुंडा को आदिवासी आइकॉन के रूप में याद किया जाता है। महाराष्ट्र के वरिष्ठ कवि भुजंग मेश्राम की प्रसिद्ध कविता संग्रह है ‘उलगुलान’ जो बिरसा मुंडा के इतिहास प्रसिद्ध उलगुलान पर केंद्रित है।
इसी तरह कवि हरिराम मीणा की एक कविता है– ‘बिरसा मुंडा की याद में’। इसका उल्लेख करना आवश्यक प्रतीत हो रहा है–
उन्होंने
आदमी समझकर बिरसा को मार दिया
मगर बिरसा आदमी से बढ़कर था
वह आबा
वह भगवान
वह ‘जंगल का दावेदार’
उसकी आवाज
जंगलों में अभी भी गुंजती है …
मैं केवल देह नहीं
मैं जंगल का पुश्तैनी दावेदार हूं
पुश्ते और उनके दावे मरते नहीं
मैं भी मर नहीं सकता
मुझे कोई भी
जंगलों से बेदखल नहीं कर सकता
उलगुलान! उलगुलान! उलगुलान![16]
आदिवासियों में आपस में फूट न हो, जमीन बचाने के लिए जुटान कम न हो क्योंकि लड़ाई जल, जंगल, जमीन, जीवनशैली की स्वायत्तता का है और दुश्मन सत्ता-संरचना है। इसे उलुगलान के नायक बिरसा मुंडा ने समझ लिया था। दिकुओं को पहचाने बिना और सहधर्मियों को जोड़े बिना स्वायत्तता के लिए लड़ाई अधूरी रहेगी। तभी तो वे रूढ़ि परंपरा और पुरखा परंपरा को मानने वाले आदिवासियों के बीच धर्म के आधार पर कोई बंटवारा नहीं चाहते थे– “बिरसा अनुयायी बराबर से और अब भी ईसाईयों से बैर भाव रखते थे। अब बिरसा की ओर से घोषणा की गई कि उसके सच्चे दुश्मन साहब लोग और सरकार हैं। साथ ही घोषणा में यह कहा गया कि किसी मुंडा को नुकसान न पहुंचाया जाएगा, चाहे वह ईसाई हो या नहीं।”[17]
साम्राज्यवादी शक्तियों के खिलाफ धरती आबा बिरसा मुंडा औपनिवेशिक भारत में आदिवासी समुदाय के निर्णायक लड़ाई के प्रतीक बन गए थे। यह महासंग्राम उस समय हुआ जब भारत की स्वाधीनता संग्राम की सबसे बड़ी पार्टी सीमित आंतरिक स्वशासन की मांग कर रही थी। तब बिरसा मुंडा ने घोषणा की थी– ‘अबुआ दिसुम अबुआ राज’।
स्वायत्तता के लिए संघर्ष बिरसा मुंडा के उलगुलान को केंद्र में ही रखकर किया जाता है। चाहे वह झारखंड आंदोलन हो या 21वीं सदी के दूसरे दशक में हुआ पत्थलगड़ी आंदोलन, जो मूलतः स्वायत्तता के लिए ही आंदोलन था। लगभग दो सौ गांवों के मुंडाओं ने अपने-अपने गांवों के मुहाने पर पत्थलगड़ी करते हुए कहा था– ‘यह उनका इलाका है’ और ‘अबुआ हातु रे अबुआ राईज’। जो हातु (गांव) मुंडा की अनुमति के बिना किसी के भी प्रवेश निषेध का उद्घोष था। स्वायत्तता के संघर्ष का एक उदाहरण नियमगिरि के कोंध लोगों का आंदोलन है।
संदर्भ :
[1] सुशीला सामंत (मुंडा), अग्नि पथ के पथिक, 2022, पृष्ठ 2
[2] कुमार सुरेश सिंह, बिरसा मुंडा और उनका आंदोलन, वाणी प्रकाशन, नई दिल्ली, 2004, पृष्ठ xviii
[3] वही, पृष्ठ 55
[4] वही, पृष्ठ 267-268
[5] वही, पृष्ठ 275
[6] सेपेड़ेद् दुरंगको ओड़ोः एटअः ओनोलको, जुनास कंडुलना, लॉरेंस सिलास हेम्ब्रोम, अनुवाद रेमिस कंडुलना, आदिवासी शोध केंद्र, रांची, 2015, पृष्ठ-76
[7] वही, पृष्ठ 77
[8] कंडुलना, रेमिस, मनिसाय बुरू बारू सुड़ा, देशज अभिक्रम, रांची, 2024, पृष्ठ 31-32
[9] बम्बरू दुलाय चंद्र मुंडा, झारखंड झरोखा, 2023, पृष्ठ 6
[10] वही, पृष्ठ 7
[11] वीरोत्तम, डॉ. वी.बी., झारखंड : इतिहास एवं संस्कृति, बिहार हिंदी ग्रंथ अकादमी, पटना, 2006, पृष्ठ 340
[12] मुंडा, रामदयाल, सेलेद, रूम्बुल, 2017, पृष्ठ 232
[13] कंडुलना, रेमिस, मनिसाय बुरू बारू सुड़ा, देशज अभिक्रम, रांची, 2024, पृष्ठ 79-81
[14] विश्वरंग संवाद, आदिवासी विशेषांक, अप्रैल-जून, 2024, संपादक लीलाधर मंडलोई, अतिथि संपादक महादेव टोप्पो, पृष्ठ 181
[15] बांकिरा, जवाहर लाल, देशाउली और इमली का पेड़, प्यारा केरकेट्टा फाउंडेशन, रांची, 2022, पृष्ठ 92
[16] पटेल, कानजी, अनुत्तरित लोग : भारतीय समकालीन आदिवासी कविता, सेतु प्रकाशन, 2025, पृष्ठ 326
[17] कुमार सुरेश सिंह,उपरोक्त, पृष्ठ 127
(संपादन : नवल/अनिल)
फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्त बहुजन मुद्दों की पुस्तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्य, संस्कृति व सामाजिक-राजनीति की व्यापक समस्याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in

