h n

एक यात्रा ​सरदार जगदेव सिंह यादव की जन्मस्थली गरभे की

30 मई, 1933 को तत्कालीन शाहाबाद जिला अंतर्गत करगहर के गरभे गांव के रहने वाले सरदार जगदेव सिंह यादव ने अपने साथी चौधरी यदुनंदन प्रसाद मेहता और डॉ. शिवपूजन सिंह के साथ मिलकर ‘त्रिवेणी संघ’ का गठन किया था। उनकी जन्मस्थली पर उनकी प्रतिमा की स्थापना की गई है। पढ़ें, सुबोध यादव का यह आलेख

गत 21 अक्टूबर, 2026 को रोहतास जिले के करगहर प्रखंड स्थित गरभे गांव जाना हुआ। अविभाजित शाहाबाद – जिसके विभाजन से आज भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर जिले बने हैं – के संदर्भ में कह सकते हैं कि गरभे भौगोलिक रूप से शाहाबाद के केंद्र और ‘धान के कटोरे’ के बीच स्थित है। साथ ही, यह गांव 1930 के दशक में चले सामाजिक न्याय के संघर्ष का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यह बिहार में सामाजिक न्याय की लड़ाई की बुनियाद रखने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक संगठन ‘त्रिवेणी संघ’ की माता कहे गए सरदार जगदेव सिंह यादव की जन्मस्थली भी है।

​सरदार जगदेव सिंह यादव की प्रतिमा के अनावरण समारोह की रूपरेखा को लेकर हुई बैठक में प्रतिमा अनावरण के समय एक स्मारिका प्रकाशित करवाने के लिए भी सुझाव आए। इसी मौके पर त्रिवेणी संघ की बैठकों और सम्मेलनों से जुड़े ऐतिहासिक संस्मरणों के साथ कुछ संरक्षित दस्तावेज़ भी देखने को मिले, जिनमें उस कालखंड के दौरान बैठकों में लिए गए प्रस्तावों के साथ-साथ शामिल कार्यकर्ताओं और वक्ताओं की सूचियां उपलब्ध हैं।

असल में ​30 मई, 1933 को तत्कालीन शाहाबाद जिला अंतर्गत करगहर के गरभे गांव के रहने वाले सरदार जगदेव सिंह यादव ने अपने साथी चौधरी यदुनंदन प्रसाद मेहता और डॉ. शिवपूजन सिंह के साथ मिलकर ‘त्रिवेणी संघ’ का गठन किया था। उनकी जन्मस्थली पर उनकी प्रतिमा की स्थापना की गई है। इस प्रतिमा के अनावरण को लेकर पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता मनीष रंजन की अध्यक्षता में एक बैठक की गई।

​इस मौके पर ‘सामाजिक न्याय आंदोलन बिहार’ के संयोजक रिंकु यादव, सचिव सुबोध यादव (इस आलेख के लेखक) और अशोक कुमार ने भी बैठक को संबोधित किया। अशोक कुमार ने कहा कि सरदार जी की प्रतिमा का अनावरण समारोह दिसंबर से अप्रैल के बीच आयोजित किया जाना है। इस दौरान दो दिन का स्मृति मेला और वैचारिक उद्बोधन का कार्यक्रम आयोजित हो, जिसमें दसियों हजार लोगों की जनभागीदारी संभावित है। इसके साथ ही, त्रिवेणी संघ स्थापना दिवस (30 मई) के मौके पर हर साल करगहर में त्रिवेणी संघ के तमाम योद्धाओं को समर्पित वैचारिक कार्यक्रम आयोजित करने की शुरुआत करनी चाहिए। इसके अलावा सरदार जगदेव सिंह की स्मृति को समर्पित ‘त्रिवेणी संघ पुस्तकालय’ की स्थापना भी की जाए।

सामाजिक न्याय आंदोलन के संयोजक रिंकु यादव ने कहा कि आज जब सरदार जगदेव सिंह यादव जी की प्रतिमा खड़ी की जा रही है, तो इसका मतलब है कि त्रिवेणी संघ के उस इतिहास को खड़ा किया जा रहा है जिसे दबा दिया गया था और जिन महानायकों को हाशिए पर धकेल दिया गया था। इसलिए प्रतिमा अनावरण समारोह के आयोजन के माध्यम से त्रिवेणी संघ की वैचारिकी को अभिव्यक्त किया जाए और यह बताया जाए कि आज के दौर में सामाजिक न्याय की लड़ाई को बिहार सहित पूरे हिंदी बेल्ट में कैसे आगे बढ़ाया जा सकेगा।

सरदार जगदेव सिंह यादव की जन्मस्थली गरभे स्थित स्मृति स्थल पर मौजूद गणमान्य

इस मौके पर ​सामाजिक न्याय आंदोलन बिहार के सचिव के रूप में मैंने कहा कि त्रिवेणी संघ के संस्थापक अपने समय में देश की आजादी के लिए संघर्ष के साथ-साथ देश भर में चल रहे सामाजिक परिवर्तन के आंदोलनों और संघर्षों से बखूबी परिचित थे। वे फुले, पेरियार और बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर के आंदोलन से वैचारिक तौर पर जुड़े थे। इसका प्रमाण यह है कि 1919 में उत्तर प्रदेश में आयोजित शाहूजी महाराज के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए त्रिवेणी संघ के संस्थापक गए थे।

बैठक को सेवानिवृत्त प्राध्यापक और ‘आपका आइना’ पत्रिका के संपादक रामाशीष सिंह जी ने भी संबोधित किया। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन के आंदोलनों के इतिहास को पढ़ने और पढ़ाने पर विशेष जोर देने की बात कही।

इस ऐतिहासिक मौके पर सुग्रीव प्रसाद सिंह, सच्चिदानंद सिंह, सत्यनारायण स्वामी, डॉ. विजय प्रकाश सिंह, कामता सिंह, लाल साहेब सिंह, कामेश्वर प्रसाद सिंह, खेदन प्रसाद सिंह, सुनील सिंह ‘नेहरू जी’, मोहन पहलवान, तेज प्रताप सिंह यादव, योगेंद्र प्रसाद सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, मधुर यादव, उदय नारायण सिंह, रंजन कुमार, नारायण कुमार, अनुज कुमार, दिलशाद खान, एस.के. सुमन, मुन्ना सिंह, जितेंद्र सिंह, नवनीत कुमार और शिवजी सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।

‘बिगुल’ की प्रस्तावना, स्वतंत्र राजनीतिक पहल और संगठन का जन्म

त्रिवेणी संघ के बारे में समाज की स्मृतियों में व्याप्त किस्से-कहानियों और प्रचारित कई भ्रांतियों की पड़ताल करने के लिए आधार दस्तावेज़ के रूप में सबसे प्रमाणित आधिकारिक सांगठनिक दस्तावेज़ ‘त्रिवेणी संघ का बिगुल’ उपलब्ध है, जिसे त्रिवेणी संघ के घोषणापत्र के रूप में 1940 ई. में प्रकाशित किया गया था।

​आइए, त्रिवेणी संघ के सामाजिक परिवर्तन के ऐतिहासिक संघर्ष और मार्गदर्शक विचार-यात्रा में अंतर्निहित निहितार्थों तथा बाद के दशकों में उसकी निरंतरता के बारे में नई पीढ़ी की ओर से शोधपरक अवलोकन करते हैं।

‘​त्रिवेणी संघ का बिगुल’ के लेखक चौधरी जे.एन.पी. मेहता के ये शब्द ‘बिगुल’ की प्रस्तावना के तर्ज पर समर्पण-भाव के रूप में दर्ज हैं–

“​जिसके हृदय में देश तथा समाज के शोषितों, शासितों तथा दलितों के प्रति अपार श्रद्धा है – जिसके हृदय में अन्यायों, अत्याचारों तथा जुल्मों को नाश करने के लिए चिनगारियां निकल रही हैं – जिसके हृदय में किसान, मजदूर और व्यवसायियों के लिए अमृत की वर्षा हो रही है उसके कर कमलों में सादर समर्पित।”[1]

​त्रिवेणी संघ की ओर से प्रकाशकीय संदर्भ और संगठन के संक्षिप्त परिचय के साथ ‘बिगुल’ शुरू होता है। इसमें प्रमुख तौर पर चार अध्याय हैं। ‘बिगुल’ की मौलिक शब्दावली के साथ त्रिवेणी संघ के परिचय, संघर्ष और विचार-यात्रा को इस रूप में देखा जा सकता है–

“​किसी के जनेऊ तोड़े जाने लगे, किसी का विवाह-शादी बंद किया जाने लगा। किसी पर मालगुजारी की नालिश होने लगी, तो किसी का खेत नीलाम किया गया। किसी के लिए इनार-कुआं बंद किया जाने लगा तो किसी के रास्ते रोक दिए गए। किसी को गाली-बात सुनाया जाने लगा तो किसी पर मार पड़ने लगी। किसी का दरख़्वास्त गुम होने लगे तो किसी की नौकरी ही बर्खास्त की जाने लगी। यानी चारों तरफ से ज़ालिमों ने दबाना शुरू कर दिया था।

“​ठीक ऐन मौके पर तारीख 30 मई, 1933 ई. को शाहाबाद जिला के शुभ स्थान करगहर में त्रिवेणी संघ का जन्म हुआ। जिसके जन्मदाताओं में चौधरी जे.एन.पी. मेहता, सरदार जगदेव सिंह यादव तथा डॉ. शिवपूजन सिंह की त्रयी मान्य है। पहले इस संघ का संगठन कुशवाहा क्षत्रिय सभा, यादव क्षत्रिय सभा और कुर्मी क्षत्रिय सभा द्वारा जिला में होना शुरू हुआ। पर उसका उद्देश्य तथा कार्यक्रम शोषित, शासित तथा दलित यानी सभी अनुन्नत समाज की उन्नति के लिए हुआ। संघ का संगठन खूब जोरों से चला और सभी अनुन्नत समाजों ने इसमें भाग लिया। फलस्वरूप कितने ही गर्वियों के गर्व चूर हो गए। संघ ने अनुन्नत समाज के धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक तीनों क्षेत्रों में आंदोलन शुरू कर दिया।”[2]

​प्रसन्न कुमार चौधरी और श्रीकांत अपनी पुस्तक ‘बिहार में सामाजिक परिवर्तन के कुछ आयाम’ में इस पहल के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए लिखते हैं–

“​यह एक स्वतंत्र राजनीतिक शक्ति के रूप में पिछड़ों का पहला उभार था। इन समुदायों द्वारा अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने की पहली कोशिश थी– त्रिवेणी संघ।”[3]

इस ​पुस्तक में त्रिवेणी संघ के परिचय के लिए ‘बिगुल’ से लिए गए उद्धरण में सबसे पहले ‘जनेऊ तोड़ने’ का जिक्र आता है। जनेऊ आंदोलन बिहार में आत्मसम्मान आंदोलन की तरह संचालित एक बहुजन आंदोलन रहा है। जनेऊ आंदोलन की शुरुआत आर्य समाजियों की ओर से जरूर की गई, लेकिन मनेर के हाथीटोला से लेकर तत्कालीन मुंगेर जिले (वर्तमान लखीसराय जिले) के लाखोचक गांव में 26 से 27 मई, 1925 को जनेऊ धारण करने के लिए लड़ी गई ऐतिहासिक लड़ाई और उससे पैदा हुई सामाजिक परिस्थितियों ने त्रिवेणी संघ के गठन के लिए बुनियाद का काम जरूर किया था।

श्रमजीवियों की चेतना, राष्ट्र की त्रिवेणी और सम्मिलित विचारधारा

‘​बिगुल’ के पहले अध्याय की शुरुआत में ईश-प्रार्थना के रूप में भजन, त्रिवेणी संघ की धारा-जय बोल अभियान गीत और जुलूस-गान गीत-ग़ज़ल के रूप में दर्ज है, जिसमें राष्ट्र-वंदना के साथ श्रमजीवियों की मातृ-वंदना भी शामिल है–

​भारत भूमि हमारी भाई भारत भूमि हमारी।।भाई भा.।।
और न कोई इस मंदिर का हो सकता अधिकारी।

हम मजूर ही इसके रक्षक, सेवक और पूजारी।। भाई भा.।।
आज जो तुम देख रहे हो महलें और अटारी।।
लगा रक्त का गारा इसमें तन की ईंट हमारी।।
तन-मन देकर हमने सजाई यह सुंदर फुलवारी।

फूल सूंघ लो पर न तोड़ना मर्जी बिना हमारी।। भाई भा.।।
जग-सर बिच यह नील कमल हम विकसित मुनिमन हारी।

हम तिसके मधु पीवनहारे कारें भ्रमर सुखारी।।भाई भा.।।
रत्नवती इस वसुंधरा के इक हमहीं भंडारी।
‘माधव’ इस पशुपति के सुत इस कृष्ण गोप हलधारी।।भाई भा.।।
[4]

​पहले अध्याय की शुरुआत में ही संगठन को सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए ‘संघे शक्ति कल युगे’ का संदेश सूत्र वाक्य के रूप में दर्ज है। इसके बाद किसान, मजदूर और व्यवसायी वर्गों की दशा का मार्मिक चित्रण किया गया है– “​चारों तरफ नज़र दौड़ाकर गौर से देखा तो, राष्ट्र की त्रिवेणी किसान, मजदूर और व्यवसायियों को पाया। जिनके बिना कोई राष्ट्र ही नहीं तैयार हो सकता है। पर उनकी भी दशा बड़ी ही दयनीय है।

“बेचारे किसान बूढ़े-बूढ़ी, युवक-युवती, बाल-बच्चे सभी रात को रात और दिन को दिन न समझते हुए, जेठ की दुपहरी में, आग के समान लू की लपट लपक रही है, और बेचारे किसान इसकी परवाह न कर खून को पसीने में बहा-बहाकर खेतों में काम कर रहे हैं, और सारी दुनिया चादर तान फों-फों कर रही है। सावन और भादो के महीने में मूसलाधार वृष्टि हो रही है, हफ्तों सूर्य का दर्शन नहीं, वर्षा की झाड़ियां लगी हुई हैं, पर किसान सपरिवार ठिठुरते हुए धानों की रोपनी कर रहे हैं..? और सारी दुनिया झरोखों में बैठ कजरियों की तान छेड़ रही है।

“​पूस और माघ के महीने हैं – खेत और खलिहानों में धान की ढेरियां लगी हुई हैं, ठहाके का जाड़ा पड़ रहा है। पर, पुआल के सिवा ओढ़ना नहीं है। छोटा-सा लड़का एक पैसे की मिठाई के लिए अपने पिता से दांत खिखड़ रहा है और पिता शर्म से भू-माता की तरफ देख रहा है। उसके नयनों से आंसू टपक रहे हैं। मानों, कह रहा है – ‘हाय भू माता! अपने बाल-बच्चों के लिए मैंने तुझे उत्पीड़न करके धान उपजाया – लेकिन एक पैसे के धान बेचने का अधिकारी नहीं…(क्योंकि जमींदार का पहरा पड़ा हुआ है) फटो हे माता! और मुझ अभागे किसान को शरण दो।’

“मजदूरों की भी दशा कम शोचनीय नहीं है। बेचारे गरीब मजदूरों से दिन भर पशुओं की तरह काम लिया जाता है और केवल 3 सेर धान गरीबों को दिए जाते हैं, जो उनके परिवार के लिए आधे पेट भी होना मुश्किल है। जमींदारों और पूंजीपतियों ने तो गजब ढा दिया है। जमींदार तो इतना जुल्म करते हैं कि मजदूरी भी नहीं देते और देते भी हैं तो बहुत कम। बल्कि इनाम में लात, मुक्के, घूंसे तथा गालियों की बौछार लगा देते हैं। पूंजीपति भी तो इनके चचेरे भाई ही हैं, जो रात-दिन पशुओं की तरह मजदूरों से काम लेते हैं और मजदूरी का बीसों गुणा नफा आप लेते हैं। पर मजदूरों की अवस्था पर तनिक भी विचार नहीं करते।

“ठीक ऐसी ही हालत हमारे छोटे-छोटे व्यवसायी भाइयों की भी है। वे तो बड़े व्यवसायियों से ही शोषण कर लिए जाते हैं। पर सरकार का इनकम टैक्स विभाग भी इनको दम लेने नहीं देता। टैक्स के योग्य नहीं होते हुए भी अफसरों की दुर्निगाहों से बेचारों पर टैक्स का बोझ लाद दिया जाता है। लाख चिल्लाते रहते हैं, पर गरीबों की सुनता ही कौन है?

“​किसी भी राष्ट्र को उन्नत तथा अवनत बनाने में इन्हीं तीन विभूतियों का हाथ रहता है। पर, इस अभागे देश में तो इन तीनों की दुर्गति हो रही है। मैंने कहा– तुम राष्ट्र विभूति हो, राष्ट्र को स्वतंत्र करने की बागडोर तुम्हारे हाथ है। लेकिन लोभियों ने तुम्हारी दुर्गति कर डाली है। यदि तुम संसार में सुख और शांति से जीवन बिताना चाहते हो – यदि चाहते हो कि दुनिया में सुख और शांति का स्वराज्य हो और हमारा भारत स्वतंत्र हो, तो निष्कपट हो मिल कर त्रिवेणी संगम बनाओ और प्रेम के साथ जीवन बिताओ। बोलो, स्वतंत्र भारत की जय!

“​किसान चीजों को पैदा करते हैं और मजदूर उसे भिन्न-भिन्न रूपों में तैयार कर व्यवसाय के योग्य बनाते हैं, और व्यवसायी उसे एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाते हैं – जिसे कहते हैं संसार का व्यापार। क्या उत्तम तीनों का प्राकृतिक संबंध है – जिसे कहते हैं त्रिवेणी संगम या त्रिवेणी संघम्। भारत की दशा का गौरपूर्वक अध्ययन करने पर पता चला है कि देश के प्रायः 90 प्रतिशत मनुष्य, शोषित, शासित तथा दलित वर्ग के हैं। जिन्हें हम कहते हैं– राष्ट्र के भाग्य विधाता। जो सोलह आने के सोलह आने हैं – किसान, मजदूर और व्यवसायी। जिनका करते हैं शोषण-शासन तथा ताड़न – भारत के केवल 10 प्रतिशत महानुभाव। इन लोगों ने उन बेचारों की दशा को इतनी दयनीय बना दी है कि देख और सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। जब तक इनकी दशा का सुधार तथा समान अधिकारों की रक्षा नहीं होती है – सुराज्य और शांति लाखों कोस दूर है।

​“ये बेचारे लाखों चिल्लाते हैं। पर इनकी सुनने वाला कोई नहीं है। लीडरी गांठने वाला तो बहुत हैं। हमने कहा है – शोषित, शासित तथा दलित भाइयों! तुम अपना भाग्य विधाता आप बनो। जब तक तुम अपने पैरों पर खड़े नहीं होते – दुनिया तुम्हारी तरफ ताक भी नहीं सकती। अस्तु, आओ! मिलो और त्रिवेणी की धारा में गोते लगाते हुए – बोलो, त्रिवेणी संघ की जय और अपने दुःखों की ऐसी आवाज उठाओ कि एक बार पृथ्वी तक हिल जाए। जिसे लोग कहेंगे ‘त्रिवेणी संघम्’ और जिससे होगा भारत का उद्धार।”[5]

‘​बिगुल’ के प्रथम अध्याय में किसान, मजदूर और व्यवसायी वर्ग के बारे में यह मूल विवरण त्रिवेणी संघ की शब्दावली में उसके मौलिक विचारों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ‘त्रिवेणी’ को केवल जातीय संयोग के बजाय उत्पादक और श्रमजीवी धाराओं के संगम के रूप में परिभाषित करने के वैचारिक महत्व को रेखांकित करते हुए प्रसन्न कुमार चौधरी और श्रीकांत लिखते हैं–

“​विचारधारा प्रायः आवरण का काम करती है। वह मूर्त, यथार्थ संघर्षों की पर्दादारी कर उसे आम सार्विक स्वरूप प्रदान करती है। फिर इसी बुनियाद पर राजनीतिक संप्रदाय खड़े होते हैं। ‘त्रिवेणी संघ का बिगुल’ में त्रिवेणी नाम की जो व्याख्या है, उसमें हम पिछड़ों की विचारधारा की पहली झलक देख सकते हैं। अलग-अलग जाति आधारित मिथकों से पिछड़ों की एक सम्मिलित विचारधारा विकसित करने की दिशा में यह पहला क़दम था।”[6]

राष्ट्र का निर्माण करने वाली महान शक्ति के रूप में मान्यता प्रदान करते हुए श्रमजीवियों की जीवन-दशा का यह संवेदनशील साहित्यिक चित्रण ‘मां’ उपन्यास लिखने वाले रूसी जन-साहित्यकार मैक्सिम गोर्की और भारतीय साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद के लेखन की मानवीय संवेदना की याद दिलाता है। वहीं, दलित-वंचित और शोषित-उत्पीड़ित जनता को ‘सोए हुए शेर’ और इस देश का भाग्य विधाता भगत सिंह ने भी कहा था। सन् 1928 में लिखित अपने लेख ‘अछूत का सवाल’ में भगत सिंह कहते हैं कि संगठनबद्ध हो जाओ, तुम्हारी कुछ हानि न होगी, बस गुलामी की जंजीरें कट जाएंगी; उठो और वर्तमान व्यवस्था के खिलाफ बगावत खड़ी कर दो, सामाजिक आंदोलन से क्रांति पैदा करो तथा राजनीतिक और आर्थिक क्रांति के लिए कमर कस लो – तुम ही तो इस देश का मुख्य आधार और वास्तविक शक्ति हो।

​‘बिगुल’ के प्रथम अध्याय के अंत में ‘खुलासा’ शीर्षक से यह स्पष्ट घोषणा की गई है कि “त्रिवेणी संघ शोषित, शासित तथा दलित कृषक, मजदूर और व्यवसायियों के अश्रुओं की धारा तथा आहों का नगाड़ा है, जिनके धार्मिक, सामाजिक तथा राजनीतिक अधिकारों को कुचलकर भारत के ही नहीं बल्कि संसार के अल्पसंख्यक लोग मौज कर रहे हैं, और जो अपने दुर्भेद्य आवाजों से हक-अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए विश्व शांति की कामना करता है, जिसे कहते हैं ‘त्रिवेणी संगम्’।”[7]

त्रिवेणी संघ की माता सरदार जगदेव सिंह यादव की तस्वीर

‘स्वराज्य’ बनाम ‘सुराज्य’ और चारों साम्राज्यवादों की पड़ताल

‘​बिगुल’ के दूसरे अध्याय में विस्तार से बताया गया है कि त्रिवेणी संघ क्या चाहता है। यहां कही गई एक अत्यंत महत्वपूर्ण बात यह है कि त्रिवेणी संघ अंधराष्ट्रवाद का पक्षधर नहीं है, बल्कि भारत में ही नहीं, विश्व के भीतर सुराज्य और शांति चाहता है, और इसके लिए धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक तथा आर्थिक साम्राज्यवादों का अंत लाजिमी है। इसमें ‘सुराज्य’ और ‘स्वराज्य’ के बीच के अंतर को बड़े ही तार्किक ढंग से उजागर किया गया है–

“​स्वराज्य का मतलब है अपना राज्य – यानि भारत का स्वराज्य हुआ भारतीय राज्य। स्वराज्य मात्र हो जाने से इस देश के लोग सुखी और समृद्धिशाली हो जायेंगे, यह मानना कोरी कल्पना है।”[8]

​यह अवलोकन राष्ट्रीय मुक्ति संघर्ष की क्रांतिकारी धारा के विचारों से मेल खाता है, जिसके तहत यह समझ उभरी थी कि केवल गोरे अंग्रेजों के स्थान पर भूरे या काले अंग्रेजों का राज कायम हो जाने से देश के तमाम दलित, वंचित और पिछड़े समाज की गरीब आबादी को वास्तविक आजादी और जीवन में बदलाव नहीं मिल पाएगा। इसी तरह के विचार जोतीराव फुले, पेरियार और डॉ. भीमराव आंबेडकर के भी थे।

​त्रिवेणी संघ स्पष्ट तौर पर कहता है कि हमें ‘स्वराज्य’ नहीं, ‘सुराज्य’ चाहिए– “ऐसा सुराज्य जिसमें धार्मिक, सामाजिक तथा राजनीतिक अधिकारों में सबको समान अधिकार मिले, चाहे वह मणि-जड़ित महलों में पैदा हो या रात-दिन कुटौनी-पिसौनी करने वाली बुढ़िया के झोंपड़े में।”[9] क्योंकि भारत में विदेशियों का राज कायम होने से पहले भी भारतीयों का ही राज्य था, लेकिन सबके लिए धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक अधिकार नहीं मिले थे और अनुन्नत समाज के लोगों के जीवन में सुख और शांति नहीं थी। इसलिए त्रिवेणी संघ धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक तथा आर्थिक साम्राज्यवादों का अंत और उसके स्थान पर धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक साम्यवाद का प्रचार तथा औद्योगिक क्रांति चाहता है, जिसमें सभी फूल-फल सकें। आज की परिस्थितियां भी यह दिखाती हैं कि मात्र सत्ता-हस्तांतरण से समाज की बुनियादी स्थितियां स्वतः नहीं बदल जातीं।

​आगे ‘बिगुल’ में धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक साम्राज्यवाद के बारे में आम लोगों की सहज भाषा में जनता को शिक्षित करने के लिए स्पष्ट विवरण दिया गया है।

मसलन, ​धार्मिक साम्राज्यवाद के बारे में कहा गया है–

“​धर्म के ठेकेदार अपना तोंद फुलाने के लिए, धर्म-अधर्म, पाप-पुण्य, नरक-स्वर्ग तथा मोक्ष आदि के अड़ंगे लगा-लगा कर जनता को कूपमण्डूक बना, उनकी आंखों में धूल झोंक दिन-दोपहर लूट रहे हैं, जिसे हम कहते हैं धार्मिक साम्राज्यवाद। जो साम्राज्यशाही तथा आर्थिक साम्राज्यवाद से भी अधिक लोकतंत्र के लिए भयावह है।”[10]

​धार्मिक साम्राज्यवाद के तहत पुरोहित के द्वारा किए जा रहे शोषण का एक मार्मिक प्रसंग आता है, जिसमें एक भूमिहीन मजदूर पशुपालक की बछिया सांप डंसने के कारण मर जाती है। इसे पढ़ते हुए जोतीराव फुले के नाटक ‘तृतीय रत्न’ का वह प्रसंग स्मरण हो आता है, जिसमें गरीब महिला के बीमार बेटे को ठीक करने के नाम पर पुरोहित की शोषणकारी धार्मिक ठगी का चित्रण है। त्रिवेणी संघ धर्म की ऐसी ठेकेदारी का सदा के लिए अंत कर देना चाहता है और यह प्रश्न उठाता है कि ‘शूद्र’ को बुद्धि, प्रसादी, धर्मोपदेश या व्रत के अधिकार से वंचित रखना क्या धार्मिक साम्राज्यशाही नहीं है? वह धार्मिक लूट और भेदभाव को समाप्त कर प्रेम और समानता को सच्चा धर्म मानता है।

त्रिवेणी संघ की संवेदनाओं के साथ सामाजिक साम्राज्यवाद को देखें, तो वहां समाज में व्याप्त ऊंच-नीच और छूत-अछूत की अमानवीयता की विदीर्ण छवि सामने आती है–

“​एक अस्सी साल का बूढ़ा हाथों से लकड़ी के सहारे टगता हुआ चला जाता है और एक 8 वर्ष का लड़का, जो अपने को ऊंची जाति का समझता है, उसे अरे-अरे और तू-तू कहकर संबोधित करता है और वह बूढ़ा अजी और रउआ-रउआ कहकर बातें करता है। यहीं तक नहीं, अपने को उच्च समझने वालों को दूसरों के विद्वानों को भी तुम-ताम करते शर्म नहीं आती। बेंच, कुर्सी और खटिया की कौन कहे, एक मिट्टी के टीले पर भी बैठे रह जाने पर भौंहें चढ़ जाती हैं। अगर कोई साफ़-सुथरा रहता है तो ताना मारा जाता है कि इसका तलवा जमीन पर नहीं पड़ता है।

​‘बेचारे अछूतों के लिए गांव के बाहर कुएं होते हैं, जो बाबा आदम के जमाने के बने हुए होते हैं। बेचारी औरतें आधा-आधा मील की दूरी से पानी लाती हैं। चाहे सावन-भादो की झड़ी हो या पूस-माघ की थरथराहट अथवा जेठ की दुपहरिया की लहकती हुई लू की लपट ही क्यों न हो। इन्हें वहीं से पानी लाना पड़ेगा। पास ही बाबू साहब या अन्य सवर्ण महोदय का कुआं मौजूद है, लेकिन उसमें एक लोटा भी पीने के लिए जल नहीं काढ़ सकतीं। रात-दिन उनके पति-पुत्र उन्हीं सवर्णों के पशुओं को उन्हीं कुओं से पानी भर कर पिलाते हैं, सो भी निकास घड़े से, लेकिन अपने पीने के लिए पानी नहीं भर सकते। आह, कैसा अंधेरखाता है — क्या हम इसे समाज की साम्राज्यशाही नहीं कह सकते? क्या यह और साम्राज्यशाही से कम है?”[11]

‘​बिगुल’ में इस सवाल का उत्तर भी दर्ज है कि त्रिवेणी संघ धर्मांधों और समाज के शोषक तत्वों के ऐसे अन्यायों को मिटा देना चाहता है और ‘अछूत’ शब्द को ही समाप्त कर देना चाहता है। वहीं राजनीतिक साम्राज्यवाद के बारे में ‘बिगुल’ कहता है–

“​किसी भी सरकार को, जो बुरी हो त्रिवेणी संघ दूर करना चाहता है, बल्कि वह भीतरी सरकार की जड़ को भी उखाड़ देना चाहता है। यही भीतरी सरकार जमींदार, पूंजीपति और अपने को ऊंचा तथा दूसरे को छोटा समझने वाले अभिमानियों से बनी हुई है, जो ग़रीबों और अनुन्नत (पिछड़ी) समाज के लिए विदेशी सरकार से भी अधिक ख़तरनाक है। जिसे हम कहते हैं राजनीतिक साम्राज्यवाद, जो पब्लिक वर्क्स से लेकर सरकारी महकमों तक या हेठ से लेकर ऊपर तक अपना आतंक फैलाए हुए है।”[12]

‘बिगुल’ आगे दर्शाता है कि यह केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि बहुजनों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के सवाल पर भी कैसे बहाने और व्यंग्य गढ़े जाते थे – “पहले योग्य व्यक्ति, फिर खद्दरधारी, फिर जेल यात्रा किए हुए व्यक्ति की शर्त और उसके बाद भी यह कहकर झिड़कना या व्यंग्य करना कि क्या वहां साग-भंटा छीलना, भैंस दुहना, भेड़ चराना या तेल-नमक तौलना है?”[13]

​यह बातें कपोल-कल्पित नहीं हैं। समकालीन समय में भी सार्वजनिक विमर्श में ऐसी टिप्पणियां और बयान सामने आते रहे हैं – जैसे एक टेलीविजन बहस में यादवों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग या राजनीतिक मंचों पर ‘भैंस चराने’ जैसी व्यंग्यात्मक भाषा – जो यह दिखाती हैं कि सामाजिक पूर्वाग्रहों की जड़ें कितनी गहरी हैं। शाहाबाद-भोजपुर और मगध सहित बिहार के बहुजनों के जीवन में उनके विरुद्ध सामाजिक-सामंती अत्याचार के खिलाफ और उनके प्रतिनिधित्व के संघर्ष के ये संदर्भ ऐतिहासिक रूप से मौजूद रहे हैं और आज भी विमर्श के केंद्र में हैं।

​इसी राजनीतिक साम्राज्यवाद से जुड़े प्रसंग में ‘सौ में नब्बे शोषित हैं’ जैसी अवधारणात्मक दृष्टि भी उभरती है, जो जोतीराव फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज और डॉ. आंबेडकर की सामाजिक न्याय व प्रतिनिधित्व की विचारधारा को हिंदी पट्टी के संदर्भ में आगे बढ़ाती है। ‘बिगुल’ कहता है कि देश की लगभग 90 प्रतिशत जनता अनुन्नत (पिछड़ी) अवस्था में है, इसलिए त्रिवेणी संघ इस समाज के लिए सार्वजनिक और सरकारी क्षेत्रों में विशेष अवसर व रियायत चाहता है, ताकि पिछड़ी हुई जनता आगे बढ़ सके।

​त्रिवेणी संघ आर्थिक साम्राज्यवाद का संबंध राजनीतिक साम्राज्यवाद के साथ जोड़ते हुए कहता है–

“​इसके स्रष्टा जमींदार, पूंजीपति तथा सरकार है, चाहे वह देशी सरकार हो या विदेशी। आजकल जमींदार क्या करता है? वह बैठा-बैठा मुफ्त में किसानों की गाढ़ी कमाई में हिस्सा लेता है। सो भी बेरहमी के साथ, जायज़ और नाजायज़ दोनों तरीके से। वह खुली लगान तो लेता ही है, छिपा लगान भी हर वक्त लेता है – हारी, बेगारी, नज़राना साथ लेता है। यह सब खुली लूट नहीं तो और क्या है? त्रिवेणी संघ इन जुल्मों को तोड़ किसानों के साथ न्याय चाहता है। ऐसे अन्यायों, अत्याचारों और अंधेरखातों को जड़ से साफ कर देना चाहता है और आर्थिक क्षेत्र में (धन पैदा करने में) सबको समान अधिकार दिलाना चाहता है।”[14]

भारत छोड़ो आंदोलन, संक्रमणकाल और संघर्ष की निरंतरता

​त्रिवेणी संघ का प्रभाव केवल वैचारिक बहस या सामाजिक-राजनीतिक दावों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वतंत्रता संघर्ष और उसके बाद के दौर में भी इसके आधार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता दिखाई देती है। ‘बिहार में सामाजिक परिवर्तन के कुछ आयाम’ में इस पहलू को दर्ज करते हुए बताया गया है–

“​त्रिवेणी संघ के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रियता से भाग लिया, भूमिगत हुए, जेल गए और शहीद हुए। शाहाबाद जिले में इसके प्रभाव क्षेत्र के गांव लसाढ़ी, जमीला, डुमरांव, ओरइयां, संजौली आदि स्थान आंदोलन के प्रमुख केंद्रों में थे जहां लोगों ने संघर्ष में अपनी जानें दीं।”[15]

​इसके बाद के संक्रमणकालीन दौर को लेकर भी यही पुस्तक एक महत्वपूर्ण सामाजिक-राजनीतिक यथार्थ की ओर संकेत करती है–

“​त्रिवेणी संघ के समर्थन और आधार वाले इलाके आरडीपी के गढ़ बने। त्रिवेणी संघ (1933-1942) के पतन और आज़ादी के बाद डॉ. लोहिया के नेतृत्व में सोशलिस्ट पार्टी के अभ्युदय के बीच के संक्रमणकालीन दौर में यही आरडीपी पिछड़ों की पार्टी के रूप में क्रियाशील रही। एम.एन. राय को भी दूर शाहाबाद जिले में अपनी पार्टी को मिले इस जनाधार से आश्चर्य हुआ होगा। इस परिघटना के पीछे भी निर्णायक कारण सामाजिक था, राय के सिद्धांतों का आकर्षण नहीं।”[16]

​यह विश्लेषण स्पष्ट करता है कि शाहाबाद और बिहार के सामाजिक-राजनीतिक मंचों पर जनाधार के निर्माण में अमूर्त सिद्धांतों से अधिक जमीनी सामाजिक संरचना और वंचित समुदायों की आकांक्षाएं निर्णायक रही हैं।

सत्तर का दशक, सहार-एकवारी का संघर्ष, मंडल और नब्बे के बाद की राजनीति

‘​त्रिवेणी संघ का ‘बिगुल’ में जिस सामाजिक-आर्थिक विषमता, लगान-बेगारी और प्रतिनिधित्व के प्रश्न को 1930-40 के दशक में उठाया गया था, वह स्वतंत्रता के बाद भी जब बुनियादी रूप से हल नहीं हुआ, तो सत्तर के दशक में सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के संघर्ष ने नई संगठनात्मक और क्रांतिकारी धार पकड़ी। इस दौर में एक ओर बिहार और उत्तर प्रदेश में शहीद जगदेव प्रसाद के नेतृत्व में शोषित समाज दल तथा रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में अर्जक संघ ने शोषित-वंचित वर्गों की वैचारिक और राजनीतिक गोलबंदी को तेज किया, तो दूसरी ओर शाहाबाद/भोजपुर के सहार-एकवारी क्षेत्र से मास्टर जगदीश महतो, रामेश्वर अहीर और रामनरेश राम के नेतृत्व में भूमिहीन किसान-मजदूरों का संघर्ष उभरा। इस संघर्ष ने सामाजिक विषमता, जमीन, बंटाई/लगान और मजदूरी के प्रश्नों को सीधे सामंती वर्चस्व के सामने खड़ा किया और यह स्पष्ट किया कि वंचित तबकों के आत्मसम्मान और अधिकारों की लड़ाई केवल नारों से नहीं, बल्कि संगठित प्रतिरोध से आगे बढ़ती है।

​1930-40 के दशक के त्रिवेणी संघ, सत्तर के दशक के शोषित-मजदूर आंदोलनों और वैचारिक अभियानों की इसी लंबी जमीन ने आगे चलकर मंडल कमीशन की सिफारिशों की पृष्ठभूमि तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वंचित और पिछड़े वर्गों के लिए शिक्षा और सरकारी सेवाओं में प्रतिनिधित्व की जो मांग ‘बिगुल’ और बाद के आंदोलनों में उठी थी, उसने राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक न्याय के विमर्श को नई वैधता दी। इसी प्रक्रिया में मध्यमार्गी समाजवादी दलों के उभार ने पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को राजनीतिक भाषा, संगठनात्मक मंच और सत्ता-संघर्ष के उपकरण दिए। परिणामस्वरूप नब्बे के दशक के बाद की भारतीय और विशेषकर बिहार की राजनीति में दलितों और पिछड़ों का दखल केवल हाशिए की उपस्थिति नहीं रहा, बल्कि वह सत्ता के संतुलन और नीतिगत विमर्श को तय करने वाली एक सामाजिक शक्ति के रूप में सामने आया।

​30 मई, 1933 में करगहर की धरती से जन्मा त्रिवेणी संघ और उसका 1940 का घोषणापत्र ‘त्रिवेणी संघ का बिगुल’ यह प्रमाणित करते हैं कि बिहार में सामाजिक न्याय की लड़ाई की नींव केवल तात्कालिक चुनावी या सत्ता-साझेदारी की राजनीति तक सीमित नहीं थी। उसने जमीन, श्रम और सम्मान के बुनियादी प्रश्नों को एक साथ उठाते हुए स्वराज्य से आगे बढ़कर सुराज्य की मांग रखी और धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक तथा आर्थिक साम्राज्यवादों की जड़ों पर चोट की।

​यही विचार-धारा भारत छोड़ो आंदोलन के संघर्षों और संक्रमणकालीन राजनीतिक धाराओं से गुजरती हुई सत्तर के दशक में जगदेव प्रसाद और रामस्वरूप वर्मा के संगठनात्मक-वैचारिक प्रयासों तथा सहार-एकवारी के भूमिहीन किसान-मजदूर संघर्षों के रास्ते मंडल विमर्श और नब्बे के दशक के बाद की दलित-पिछड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में विकसित हुई।

जब हम गरभे के संस्मरणों, ‘बिगुल’ के मौलिक दस्तावेजों और ‘बिहार में सामाजिक परिवर्तन के कुछ आयाम’ जैसे विश्लेषणात्मक अध्ययनों के प्रकाश में इतिहास को देखते हैं, तो यह स्पष्ट होता है कि अतीत के ये संघर्ष न केवल हमारी वैचारिक विरासत की बुनियाद हैं, बल्कि समकालीन सामाजिक-राजनीतिक यथार्थ को समझने और आगे की दिशा तय करने की एक अनिवार्य कसौटी भी हैं।

संदर्भ :

[1] चौधरी जे.एन.पी. मेहता, त्रिवेणी संघ का बिगुल, प्रसन्न कुमार चौधरी व श्रीकांत की पुस्तक ‘बही धार त्रिवेणी की’ में संकलित, पृष्ठ 55

[2] वही, पृष्ठ 58

[3] चौधरी, प्रसन्न कुमार व श्रीकांत, बिहार में सामाजिक परिवर्तन के कुछ आयाम, वाणी प्रकाशन, नई दिल्ली, पृष्ठ 153

[4] त्रिवेणी संघ का बिगुल, उपरोक्त, पृष्ठ 64

[5] वही, पृष्ठ 65-68

[6] चौधरी, प्रसन्न कुमार व श्रीकांत, उपरोक्त, पृष्ठ 163

[7] त्रिवेणी संघ का बिगुल, उपरोक्त, पृष्ठ 68

[8] वही, पृष्ठ 69

[9] वही

[10] वही, पृष्ठ 70

[11] वही, पृष्ठ 74

[12] वही, पृष्ठ 75

[13] वही

[14] वही, पृष्ठ 77

[15] चौधरी, प्रसन्न कुमार व श्रीकांत, उपरोक्त, पृष्ठ 156

[16] वही, पृष्ठ 138-140

(संपादन : नवल/अनिल)


फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्‍त बहुजन मुद्दों की पुस्‍तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्‍स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्‍य, संस्‍क‍ृति व सामाजिक-राजनीति की व्‍यापक समस्‍याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्‍स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in

लेखक के बारे में

सुबोध यादव

लेखक जन-संगठन सामाजिक न्याय आंदोलन (बिहार) के सचिव हैं

संबंधित आलेख

झारखंड बनने के 26 वर्ष बाद भी आदिवासी अस्मिता का संकट बरकरार
क्या सिर्फ आदिवासियत की बात करके आदिवासियों को मिटने से बचाया जा सकता हैं? जमीनी हकीकत यह है कि जनजातीय क्षेत्रों में भी आदिवासी...
अलबेले अर्थशास्त्री डॉ. आंबेडकर (संदर्भ : रुपए की समस्या, उद्गम और समाधान, तीसरा भाग)
डॉ. आंबेडकर के मुताबिक, भारत चांदी के मानक वाला देश था, जो सोने के मानक वाले देश से गहराई से जुड़ा हुआ था, इसलिए...
पश्चिमी राजस्थान में जमींदार और खेतिहर मजदूरों का हाल
अगर जमींदार के घर में चाय बनी है और बटाईदार के पास खुद का बर्तन नहीं है और न ही जमींदार के पास बटाईदार...
महाड़ बनाम दांडी सत्याग्रह : संदर्भ और हासिल
महाड़ सत्याग्रह का यह सौवां साल है। वर्ष 1927 में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में पीने के लिए पानी पर हक का सत्याग्रह...
बहुजन विमर्श में महिषासुर से रावण तक
जिस तरह दुर्गा की आराधना करने वालों को अपनी आस्था के प्रदर्शन का अधिकार है, उसी तरह महिषासुर को अपना पूर्वज मानने वाले समुदायों...