h n

वंचित समुदाय और संविधान दिवस की अहमियत

यह भारत के संविधान का प्रभाव है कि सदियों तक जाति के आधार पर संचालित समाज में बराबरी की राजनीति संभव हो सकी। जिस समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव का बोलबाला लंबे समय तक रहा हो, वहां राजनीतिक समानता स्थापित होना कोई साधारण घटना नहीं है। बता रहे हैं अभय कुमार

हर साल की तरह इस साल भी 26 नवंबर को पूरे देश में संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों में तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां भारत के संविधान के विभिन्न पहलुओं पर बातचीत की जाएगी। संविधान के अलग-अलग विषयों पर विद्वान अपने-अपने विचार रखेंगे। याद रहे कि संविधान दिवस मनाने की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि यह है कि 26 नवंबर, 1949 को ही संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था। आधुनिक भारत के इतिहास में यह दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि संविधान का बन जाना अंग्रेज़ी हुकूमत की ग़ुलामी से मुक्ति का प्रतीक था। एक बड़ा प्रश्न यह था कि क्या हिंदुस्तानी स्वयं अपने देश का दस्तूर लिख पाएंगे? मगर भारतीयों ने संविधान बनाने का कार्य प्रारंभ किया। तकरीबन ढाई से तीन वर्षों तक संविधान सभा में देश के विभिन्न हिस्सों से आए सदस्य एक साथ बैठकर विचार-विमर्श करते रहे और अंततः उन्होंने मिलकर संविधान तैयार किया। भारतीय होने के नाते यह हमारे लिए अत्यंत खुशी और गर्व का क्षण था।

डॉ. बी.आर. आंबेडकर का इसमें असाधारण योगदान है। चाहे संविधान का निर्माण हो या गरीबों, वंचितों, कमजोरों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, मज़दूरों और किसानों के अधिकारों की रक्षा का प्रश्न; हर क्षेत्र में उनका रोल अत्यंत निर्णायक रहा है।

भारतीय संविधान को सही मायनों में समझने के लिए कई किताबें, विस्तृत टिप्पणियां और विवेचनाएं पढ़नी होंगी। लेकिन यदि हम संविधान की प्रस्तावना ही पढ़ लें, तो हम उसके सार को समझ सकते हैं। संविधान की प्रस्तावना में यह दर्ज है कि भारत एक सेक्युलर, लोकतांत्रिक, रिपब्लिकन, लोक-कल्याणकारी और सोशलिस्ट राज्य है। यहां सभी नागरिकों को धर्म, जाति, लिंग, भाषा, क्षेत्र आदि से ऊपर उठकर बराबरी के अधिकार दिए गए हैं। संविधान स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के दर्शन पर आधारित है। सभी नागरिकों को एक समान अधिकार प्राप्त हैं और उनके मानवीय अधिकारों की रक्षा करना संविधान का मूल उद्देश्य है। किसी के साथ जाति, धर्म, क्षेत्र, भाषा, लिंग आदि के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। महिला या पुरुष होने के आधार पर भी कोई भेदभाव नहीं हो सकता। क्षेत्र के आधार पर भी किसी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं है।

जाति-आधारित विषमता पर आधारित भारतीय समाज के लिए डॉ. आंबेडकर और अन्य लोगों द्वारा बनाया गया संविधान एक अत्यंत बड़ी उपलब्धि थी। यह अलग बात है कि संविधान में आर्थिक अधिकार जिस मजबूती से मिलने चाहिए थे, वे उस रूप में नहीं दिए गए और यह प्रश्न भविष्य के लिए छोड़ दिया गया। इसी तरह, अल्पसंख्यक समुदायों को सांस्कृतिक अधिकार तो मिले, लेकिन उनके आर्थिक अधिकारों और उनकी आनुपातिक हिस्सेदारी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। देश के बंटवारे के बाद एक ऐसा माहौल बना, जिसमें अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षण जैसी नीतियों की बात करना ‘नकारात्मक’ नीति माना जाता था और इसे देश की एकता और अखंडता के लिए चुनौती समझा जाता था। यह माना गया कि आज़ादी के बाद जाति और धर्म से जुड़े पूर्वाग्रह समाप्त हो जाएंगे और आर्थिक विकास से सबका कल्याण हो जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी तरह, राज्य की सुरक्षा के नाम पर संविधान में राज्य को कई ऐसे अधिकार दे दिए गए, जिनका कई अवसरों पर प्रयोग सीधे नागरिकों के ही ख़िलाफ़ होता है। इन तमाम पहलुओं पर गंभीर विचार-विमर्श किए जाने की आवश्यकता है।

हमारे संविधान की विशेषता यह है कि यह सभी नागरिकों के लिए राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक न्याय की बात करता है। इस अर्थ में इसकी दृष्टि यूरोप की ‘लिबरल फ़िलॉसफ़ी’ से काफ़ी आगे जाती है। भारत जैसे देश में, जहां जाति के आधार पर सामाजिक दर्जा तय होता है, वहां सभी के लिए बराबर राजनीतिक अधिकार और समान अवसर मिलना एक बहुत बड़ी उपलब्धि थी। आज़ादी से पहले क्या होता था? सिर्फ़ संपत्ति वाले लोगों को वोट देने का अधिकार था। इसी वजह से वंचित समाज, जो आबादी के हिसाब से बहुत बड़ा था, उसमें से बहुत कम लोग ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर पाते थे।

यूरोप जैसे विकसित देशों में भी लंबे समय तक महिलाओं को वोट देने का अधिकार नहीं था, मगर भारत में आज़ादी के बाद सभी पुरुषों और सभी महिलाओं – दोनों को – एक समान सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार दिया गया, जो एक अत्यंत क्रांतिकारी क़दम था।

राजनीतिक अधिकार मिलने की वजह से भारत के वंचित समाज को एक नई दिशा मिली। दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों – जो परंपरागत रूप से ज़मीन-जायदाद, शिक्षा और संसाधनों में बहुत पीछे थे – को राजनीतिक शक्ति मिली और धीरे-धीरे वंचित समाज के भीतर से राजनीतिक नेता उभरने लगे। डॉ. लोहिया के आंदोलन के बाद उत्तर भारत के कई राज्यों में ओबीसी नेतृत्व उभरा, जबकि दक्षिण भारत में पेरियार के नेतृत्व में गैर-ब्राह्मण राजनीति पहले से ही मजबूत थी; इसी तरह कई प्रदेशों में दलित नेतृत्व भी सामने आया।

यह कोई मामूली बात नहीं है कि जिस देश में दलितों को कभी ‘अछूत’ माना जाता था, उसी देश में अब तक दो दलित राष्ट्रपति बने हैं और वर्तमान में भारत की राष्ट्रपति एक आदिवासी महिला हैं। अल्पसंख्यक समुदाय के 5 लोग भी राष्ट्रपति पद तक पहुंचे हैं और अनेक दलित, आदिवासी, ओबीसी तथा मुस्लिम नेता मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री बन चुके हैं। आज भारत के प्रधानमंत्री भी ओबीसी समुदाय से हैं, और इन सारे ऐतिहासिक परिवर्तनों का बहुत बड़ा श्रेय भारत के संविधान को जाता है, जिसने सदियों तक हाशिए पर रखे गए वर्गों के लिए लोकतंत्र और सत्ता के दरवाज़े खोले।

भारतीय संविधान की प्रस्तावना

यह भारत के संविधान का प्रभाव है कि सदियों तक जाति के आधार पर संचालित समाज में बराबरी की राजनीति संभव हो सकी। जिस समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव का बोलबाला लंबे समय तक रहा हो, वहां राजनीतिक समानता स्थापित होना कोई साधारण घटना नहीं है। डॉ. आंबेडकर बार-बार कहते थे कि यदि कोई व्यक्ति ऊंची जाति में जन्म लेता है तो उसे सम्मान, संसाधन और अवसर स्वतः मिल जाते हैं, जबकि निचली जाति में जन्म लेते ही व्यक्ति अपमान, तिरस्कार और भेदभाव का शिकार हो जाता है। यहां तक कि उसे ‘अपवित्र’ तक समझा जाता है। अस्पृश्यता – जो मानवीय क्रूरता पर आधारित एक सामाजिक व्यवस्था रही – भारत में सदियों तक मौजूद रही है। ऐसे परिप्रेक्ष्य में जब भारतीय संविधान सभी नागरिकों को बराबरी का अधिकार देता है, भेदभाव को समाप्त करने की बात करता है और छुआछूत को पूर्ण रूप से असंवैधानिक घोषित करता है, तो यह एक ऐतिहासिक परिवर्तन था।

संविधान बनने के बाद अस्पृश्यता को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया और छुआछूत की प्रथा को कानूनन अपराध घोषित किया गया। इसके साथ ही वंचित तबकों – जैसे दलितों और आदिवासियों – के लिए आरक्षण की व्यवस्था शुरू की गई, ताकि वे समाज में आगे आ सकें, नीति-निर्माण में भाग ले सकें, संस्थाओं में प्रतिनिधित्व प्राप्त करें और व्यवस्था में अपनी बात रख सकें। यह सब हमारे संविधान की बहुत बड़ी देन है। 1990 के शुरुआती दौर में, जब ओबीसी आरक्षण एक लंबे संघर्ष के बाद लागू हुआ, तो इसके पीछे सामाजिक न्याय के सिद्धांत पर आधारित हमारे संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका थी।

हमारे संविधान की एक महत्वपूर्ण खूबी यह है कि वह सबको क़ानून के सामने बराबर मानता है। क़ानून की नज़र में सभी बराबर हैं; जाति, धर्म या आर्थिक स्थिति देखकर किसी को न विशेष सुविधा दी जा सकती है और न ही किसी को अलग तरह की सज़ा दी जा सकती है। चोरी करने वाला चाहे ग़रीब हो या अमीर, दलित हो या सवर्ण, महिला हो या पुरुष – सभी के लिए दंड समान है।

इन तमाम उपलब्धियों के बावजूद देश के लोकतंत्र के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। एक बड़ी चुनौती यह है कि भारत में राजनीतिक बराबरी तो है, लेकिन आर्थिक स्तर पर हम अभी बराबरी तक नहीं पहुंचे हैं। सामाजिक रूप से भी हमारी स्थितियां समान नहीं हुई हैं; आज भी दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों को सताया और दबाया जाता है। डॉ. आंबेडकर ने भी संविधान सभा में कहा था कि जब तक लोगों के बीच सामाजिक और आर्थिक स्तर पर समानता नहीं होगी, तब तक केवल राजनीतिक लोकतंत्र बहुत अर्थपूर्ण नहीं बन पाएगा और उससे पूरा लाभ नहीं मिल सकेगा।

मिसाल के तौर पर किसी घर को ही ले लीजिए। घर का मालिक, मालकिन और नौकर – तीनों को समान राजनीतिक अधिकार हासिल हैं; सभी को वोट देने का अधिकार है और सबके वोट की क़ीमत समान है। लेकिन मतदान केंद्र से बाहर निकलते ही उनके बीच असमानता की दीवार खड़ी हो जाती है। उदाहरण के लिए, मालिक और मालकिन ‘पॉश कॉलोनी’ के बड़े घर में रहते हैं, उनके पास पैसा है, उनके बच्चे बड़े स्कूलों में पढ़ते हैं, उनके फ्रिज में तरह-तरह के स्वादिष्ट पकवान मौजूद हैं, उनके पास गाड़ियां हैं, धन-संपत्ति है, और समाज में प्रतिष्ठा प्राप्त है। प्रशासन और व्यवस्था तक उनकी पहुंच है, इसलिए उनके काम जल्दी हो जाते हैं। दूसरी ओर, नौकर को मामूली पैसा मिलता है; काम करके वह झुग्गी में लौटता है, जहां अक्सर साफ पानी और स्वच्छ व्यवस्था नहीं होने के कारण उसके बच्चे अक्सर बीमार रहते हैं। वह परेशान रहता है और दो पैसों के लिए मोहताज है।

हमारे देश में राजनीतिक बराबरी तो है, लेकिन सामाजिक और आर्थिक बराबरी अभी भी स्थापित नहीं हो पाई है। 25 नवंबर, 1949 को संविधान सभा में डॉ. आंबेडकर ने इन चुनौतियों की ओर देश का ध्यान खींचा था, लेकिन उनकी बातों को भारत का शासक वर्ग आज भी नज़रअंदाज़ करता आ रहा है। संविधान दिवस के अवसर पर उनके उन अमूल्य वचनों को याद करना बिल्कुल अप्रसंगिक नहीं होगा। डॉ. आंबेडकर ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी थी कि “26 जनवरी, 1950 को हम विरोधाभासों से भरे जीवन में प्रवेश करने जा रहे हैं। राजनीतिक जीवन में तो हमारे पास समानता होगी, लेकिन सामाजिक और आर्थिक जीवन में असमानता बनी रहेगी।”

गौरतलब है कि भारत के संविधान में व्यक्तिगत स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता और से जुड़े जो अधिकार दिए गए हैं, वे सभी मौलिक अधिकार कहलाते हैं। मौलिक अधिकार होने का अर्थ यह है कि इनका उल्लंघन कोई नहीं कर सकता; यदि राज्य, कोई व्यक्ति या कोई निजी संस्था इनका हनन करती है, तो उनकी रक्षा अदालत करती है। मिसाल के तौर पर, यदि किसी के साथ जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव हो, या सरकार धर्म के आधार पर कोई नीति बनाए, तो पीड़ित व्यक्ति अदालत जा सकता है। किसी महिला के साथ लिंग के आधार पर भेदभाव कर उन्हें समान अवसरों से वंचित किया जाए, तो यह भी न्यायालय में चुनौती दी जा सकती है। इसी तरह धार्मिक भेदभाव के विरुद्ध भी कोर्ट जाया जा सकता है, क्योंकि यह संविधान के मौलिक अधिकार – धार्मिक स्वतंत्रता – का उल्लंघन है। इसलिए यदि हिंदू-मुसलमान के नाम पर भेदभावपूर्ण नीति बनाई जाए, तो उसके खिलाफ अदालत में याचिका दायर की जा सकती है, क्योंकि समान अवसर और बराबरी सभी को प्राप्त है। दूसरे शब्दों में, नागरिकों के व्यक्तिगत अधिकारों को मौलिक अधिकार का सशक्त संरक्षण प्राप्त है।

लेकिन जो आर्थिक अधिकार थे, उन्हें मौलिक अधिकार का दर्जा नहीं दिया गया और न ही उन्हें न्यायिक संरक्षण प्राप्त है – जब तक कि उनके बारे में कोई क़ानून न बन जाए। इसलिए इन्हें राज्य के नीति-निर्देशक तत्व के अंतर्गत रखा गया। आर्थिक अधिकारों को पूरा करने से बचने के लिए इन्हें भविष्य के लिए टाल दिया गया और राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों की श्रेणी में रख दिया गया। वे आर्थिक अधिकार – जो वंचित समुदायों के सशक्तिकरण, शिक्षा, रोज़गार और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं को सबके लिए उपलब्ध कराने, तथा राज्य को सही मायनों में एक कल्याणकारी राज्य बनाने की बात करते थे – उन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। लाभ के वितरण, मालिक और मज़दूर के बीच उचित हिस्सेदारी, तथा सहभागिता’ को बढ़ावा देने जैसे सवालों को भी टाल दिया गया। जिन आर्थिक अधिकारों को देने के लिए सरकार तैयार नहीं थी, या जिनका विरोध राजनीतिक रूप से जोखिम भरा माना जाता था, उन्हें यह कहकर आगे बढ़ा दिया गया कि राज्य के पास संसाधन होंगे तो उन्हें लागू किया जाएगा।

राज्य के नीति-निर्देशक तत्व में दिए गए इन अधिकारों पर क़ानून बनाने और नागरिकों को आर्थिक रूप से मज़बूत करने की इच्छाशक्ति भारत के शासक वर्ग में नहीं रही है। इस अर्थ में देखें तो संविधान द्वारा जिन सपनों को भारत के स्वतंत्रता सेनानियों ने देखा था, वे अभी भी पूर्ण रूप से साकार नहीं हो पाए हैं और संविधान दिवस के अवसर पर इन प्रश्नों को उठाना इसलिए आवश्यक है ताकि भारत का लोकतंत्र सही मायनों में समावेशी बन सके।

एक और बात याद रखनी चाहिए कि संविधान एक अत्यंत महत्वपूर्ण जिंदा दस्तावेज है। ऐसा नहीं है कि एक बार संविधान बन गया तो उसमें कोई नई बात नहीं जोड़ी जा सकती। अच्छी और प्रगतिशील बातें हर दौर में शामिल की जानी चाहिए। यह इस लिए क्योंकि अधिकारों का दायरा समय के साथ और समाज की बदलती जरूरतों के अनुसार विस्तृत होता रहता है और राजनीतिक व्यवस्था और अधिक समावेशी बनाने के लिए इन्हें अपनाया जाना।

लेकिन संविधान के ऊपर एक ख़तरा भी मंडरा रहा है। समाज का प्रभुत्वशाली तबका इसमें छेड़छाड़ करना चाहता है और इसे बदलने की साज़िश कर रहा है। ऐसे लोग संविधान की प्रगतिशील विशेषताओं को कमज़ोर करना चाहते हैं। उनका उद्देश्य वंचित समुदायों को दिए गए अधिकारों को कमज़ोर करना या ख़त्म करना है। ऐसा कर वे प्रतिक्रांति करना चाहते हैं। हमें ऐसे लोगों से सतर्क रहना होगा और संविधान को बचाना होगा।

संविधान को बचाने की लड़ाई एक राजनीतिक लड़ाई भी है। राजनीतिक लड़ाई का अर्थ केवल शोर-शराबा नहीं होता, बल्कि इसका मतलब है चीज़ों को व्यापक परिदृश्य में समझना, समस्याओं को सामूहिक रूप से हल करना, और यह पहचानना कि हमारे, आपके और अन्य लोगों के हित आपस में जुड़े हुए हैं। इसलिए समाज और देश में बनने वाली नीतियां किसी मुट्ठीभर ताक़तवर लोगों के स्वार्थ के आधार पर नहीं बन सकतीं। वे सार्वजनिक स्तर पर ही बनानी चाहिए। मगर इसका अर्थ यह नहीं कि समाज में मालिक के स्वार्थ और मज़दूर के हित नहीं टकराते हैं। लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था की यह परिकल्पना है कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिसमें इन संघर्षों को न्यूनतम किया जा सके और सभी को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक अधिकार सही मायनों में प्राप्त हों। इस दिशा में संविधान की भूमिका बेहद अहम है। संविधान दिवस के अवसर पर इन तमाम प्रश्नों पर गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है, ताकि नागरिकों – विशेषकर वंचित समुदायों – को उनका वैध और न्यायसंगत अधिकार मिल सके।

(संपादन : नवल/अनिल)


फारवर्ड प्रेस वेब पोर्टल के अतिरिक्‍त बहुजन मुद्दों की पुस्‍तकों का प्रकाशक भी है। एफपी बुक्‍स के नाम से जारी होने वाली ये किताबें बहुजन (दलित, ओबीसी, आदिवासी, घुमंतु, पसमांदा समुदाय) तबकों के साहित्‍य, संस्‍क‍ृति व सामाजिक-राजनीति की व्‍यापक समस्‍याओं के साथ-साथ इसके सूक्ष्म पहलुओं को भी गहराई से उजागर करती हैं। एफपी बुक्‍स की सूची जानने अथवा किताबें मंगवाने के लिए संपर्क करें। मोबाइल : +917827427311, ईमेल : info@forwardmagazine.in

लेखक के बारे में

अभय कुमार

जेएनयू, नई दिल्ली से पीएचडी अभय कुमार संप्रति सम-सामयिक विषयों पर विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं के लिए स्वतंत्र लेखन करते हैं।

संबंधित आलेख

एक यात्रा ​सरदार जगदेव सिंह यादव की जन्मस्थली गरभे की
30 मई, 1933 को तत्कालीन शाहाबाद जिला अंतर्गत करगहर के गरभे गांव के रहने वाले सरदार जगदेव सिंह यादव ने अपने साथी चौधरी यदुनंदन...
झारखंड बनने के 26 वर्ष बाद भी आदिवासी अस्मिता का संकट बरकरार
क्या सिर्फ आदिवासियत की बात करके आदिवासियों को मिटने से बचाया जा सकता हैं? जमीनी हकीकत यह है कि जनजातीय क्षेत्रों में भी आदिवासी...
अलबेले अर्थशास्त्री डॉ. आंबेडकर (संदर्भ : रुपए की समस्या, उद्गम और समाधान, तीसरा भाग)
डॉ. आंबेडकर के मुताबिक, भारत चांदी के मानक वाला देश था, जो सोने के मानक वाले देश से गहराई से जुड़ा हुआ था, इसलिए...
पश्चिमी राजस्थान में जमींदार और खेतिहर मजदूरों का हाल
अगर जमींदार के घर में चाय बनी है और बटाईदार के पास खुद का बर्तन नहीं है और न ही जमींदार के पास बटाईदार...
महाड़ बनाम दांडी सत्याग्रह : संदर्भ और हासिल
महाड़ सत्याग्रह का यह सौवां साल है। वर्ष 1927 में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में पीने के लिए पानी पर हक का सत्याग्रह...